छत्तीसगढ़ / सारंगढ़-बिलाईगढ़
प्रीबीएड, डीएलएड और नर्सिंग कोर्स के प्रवेश परीक्षा के ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि
सारंगढ़ बिलाईगढ़ । छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल रायपुर ने आगामी सत्र से शुरू होने वाले कई प्रकार के कोर्स में एडमिशन हेतु ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किया है। प्रीबीएड, प्रीडीएलएड, पोस्ट बेसिक नर्सिंग, बीएससी नर्सिंग और एमएससी नर्सिंग प्रवेश परीक्षा के लिए 25 अप्रैल तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किया है। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल रायपुर की वेबसाइट (व्यापमं डॉट सीजीस्टेट डॉट जीओव्ही डॉट इन) है।
ग्राम पंचायत भिनोदा में अटल डिजिटल सेवा केंद्र का शुभारंभ
अब सरकारी सेवाएं सीधे गांव में : घर डोरस्टेप सेवा बनी प्रेरणा
सारंगढ़–बिलाईगढ़ । जिले के बिलाईगढ़ जनपद के ग्राम पंचायत भिनोदा में एक ऐतिहासिक पहल के तहत अटल डिजिटल सेवा केंद्र का भव्य शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर निर्वाचित सरपंच, पंचगण, पंचायत सचिव, सीएससी वी.एल.ई. गुरुदेव अजगल्ले एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान गांव के विकास व डिजिटल सुविधा विस्तार की दिशा में कई महत्वपूर्ण बातें सामने आईं।
ग्रामवासियों ने रखी मांगें
गांव के नागरिकों ने अटल सेवा केंद्र के शुभारंभ के दौरान दो बड़ी मांगें रखीं, जिनमें जिला सहकारी बैंक की जमा-निकासी सुविधा गांव में शुरू की जाए और स्थायी आधार सेवा केंद्र की स्थापना हो ताकि लोगों को आधार कार्ड अपडेट या नए बनाने के लिए शहर न जाना पड़े।
घर पहुंच सेवा बनी मिसाल
गांव के वी.एल.ई. गुरुदेव अजगल्ले द्वारा दी जा रही घर पहुंच सेवा अब पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई है।
सोनकुंवर निषाद, जो पिछले एक वर्ष से लकवा से ग्रसित हैं, को हर माह उनके घर जाकर पेंशन की राशि प्रदान की जाती है। चांदराम लहरे, एक बुजुर्ग नागरिक, को भी बैंक जाने की आवश्यकता नहीं—उन्हें उनकी पेंशन राशि घर पर ही दी जाती है।
सेवा केंद्र से मिलेंगी ये महत्वपूर्ण सेवाएं:-
अटल डिजिटल सेवा केंद्र के माध्यम से अब ग्रामवासियों को निम्नलिखित सुविधाएं गांव में ही उपलब्ध होंगी:
01. बैंकिंग सेवाएं — रूपये जमा व निकासी, बैलेंस जानकारी, मिनी स्टेटमेंट
02. पेंशन संबंधित सेवाएं — सामाजिक सुरक्षा पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन आदि की निकासी
03. आधार कार्ड सेवाएं — ई-आधार डाउनलोड, मोबाइल नंबर अपडेट, बायोमेट्रिक सत्यापन
04. सरकारी योजनाओं का पंजीयन — जैसे पीएम किसान योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान कार्ड, श्रमिक पंजीयन
05. डिजिटल दस्तावेज़ सेवाएं — जाति, निवास, आय प्रमाण पत्र का आवेदन व प्रिंट
06. बिजली-पानी बिल भुगतान
07. मोबाइल/डीटीएच रिचार्ज, ऑनलाइन बुकिंग
08. पैन कार्ड, पासपोर्ट आवेदन सहायता
09. ऑनलाइन शिक्षा, कोर्स पंजीयन
10. बेरोजगारी भत्ता, रोजगार पंजीयन आदि सेवाएं
गांव में डिजिटल युग की शुरुआत
यह सेवा केंद्र ना केवल भिनोदा गांव को डिजिटल इंडिया की मुख्यधारा से जोड़ता है, बल्कि ग्रामीणों की सुविधा, समय और संसाधन की भी बचत करता है। गुरुदेव अजगल्ले जैसे सेवा भावी वी.एल.ई. के नेतृत्व में यह केंद्र ग्रामीणों के लिए एक डिजिटल सुविधा हब बनकर उभरेगा। शासन-प्रशासन से अपेक्षा है कि वे गांववासियों की मांगों को जल्द स्वीकारें और सुविधाओं का और भी विस्तार करें।
पुल के नीचे मिला शव: हत्या या हादसा? जांच में जुटी पुलिस...
बिलाईगढ़ । भटगांव थाना क्षेत्र के गिरसा नाला पुल के नीचे एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान रामभांठा निवासी सरवन पुरैना के रूप में हुई है। शव की हालत और घटनास्थल को देखकर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
जानकारी के मुताबिक, सरवन सोमवार को बरभांठा गांव में एक कार्यक्रम में शामिल होने गया था। लेकिन मंगलवार को घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। कहीं सुराग नहीं मिलने पर पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई गई।
बुधवार को सरवन का शव और उसकी मोटरसाइकिल गिरसा नाला पुल के नीचे पड़े मिले। मौके पर पहुंची भटगांव पुलिस ने जांच शुरू की। परिजनों की आशंका के आधार पर फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए बिलाईगढ़ भेजा गया है।
फिलहाल पुलिस मामले को एक्सीडेंट मानकर भी देख रही है, लेकिन स्थानीय लोग और परिजन इसे हत्या से जोड़कर देख रहे हैं।
अब यह मामला हत्या है या हादसा—इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।
10 मई को नेशनल लोक अदालत
सारंगढ़-बिलाईगढ़ । राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) नई दिल्ली के निर्देशानुसार छत्तीसगढ़ राज्य में अधीनस्थ न्यायालय से उच्च न्यायालय तक के सभी न्यायालयों में आगामी द्वितीय शनिवार 10 मई को नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा, जिसमें राजीनामा योग्य प्रकरणों में पक्षकारों की आपसी सुलह समझौता से निराकृत किए जाएंगे। नेशनल लोक अदालत के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यालय से सम्पर्क कर जानकारी ली जा सकती है।
नेशनल लोक अदालत के संबंध में सबंधित व्यक्ति माननीय न्यायालय, राजस्व विभाग के कलेक्टर, अपर कलेक्टर, एसडीएम और तहसीलदार के माननीय न्यायालय, समस्त बैंक, पुलिस विभाग, नगर निगम, नगरपालिका, नगर पंचायत, बीएसएनएल, विद्युत विभाग आदि के पेंडिंग कर और बिल भुगतान कर सकते हैं। नेशनल लोक अदालत में राजीनामा के आधार पर निराकरण के लिए दाण्डिक राजीनामा योग्य प्रकरण, चेक बाउन्स वाले मामले, बैंक रिकवरी अर्थात् प्री-लिटिगेशन प्रकरण, मोटरयान अधिनियम से संबंधित प्रकरण, मेन्टेनेन्स धारा के प्रकरण, परिवार न्यायालय से संबंधित प्रकरण, श्रमिक प्रकरण, जमीन विवाद प्रकरण, विद्युत प्रकरण, जलकर प्रकरण, सम्पत्ति कर, टेलीफोन प्रकरण तथा राजस्व प्रकरणों को नियत किया गया है और उपस्थित पक्षकारगण के मध्य उपजे विवाद को वैकल्पिक समाधान के तहत लोक अदालत में उनके मध्य राजीनामा की सम्भावनाओं को तलाश करते हुए निराकरण किया जाएगा।
अग्निवीर भर्ती के लिए 25 तक ऑनलाइन आवेदन
सारंगढ बिलाईगढ़ । अग्निवीर भर्ती के लिए भारतीय सेना की वेबसाईट ज्वाइन इंडियन आर्मी डॉट एनआईसी डॉट इन में भर्ती के लिए 25 अप्रैल तक आनलाइन आवेदन किया जा सकता है। कक्षा आठवीं और दसवीं (हाईस्कूल) परीक्षा उत्तीर्ण योग्य युवाओं के लिए यह सुनहरा अवसर है।
अग्निवीर की भर्ती जनरल ड्यूटी, तकनीकी स्टॉफ, क्लर्क, ट्रेडमेन, महिला सैन्य पुलिस और रेगुलर कैडर भर्ती, धर्मगुरू, नर्सिंग, सहयोगी, सिपाही, फार्मासिस्ट आदि श्रेणी में की जाएगी। अग्निवीर क्लर्क के उम्मीदवारों को आनलाइन परीक्षा (सीईई) के समय टाइपिंग टेस्ट भी देना होगा। अन्य किसी भी प्रकार की जानकारी और समस्या के लिए सेना भर्ती कार्यालय रायपुर के टेलीफोन नंबर 07712965212 या 07712965214 पर सम्पर्क कर सकते हैं।
पशु मोबाइल मेडिकल एम्बुलेंस घर पहुंच सेवा प्रदान करेगा
डायल करें हेल्पलाइन 1962
सारंगढ़ बिलाईगढ़ । पशुपालन और डेयरी विभाग, भारत सरकार द्वारा वित्त पोषित और छत्तीसगढ़ सरकार के पशुधन विकास विभाग द्वारा राज्य के सभी जिलों में मोबाइल पशु चिकित्सा इकाई संचालित है, जिसके लिए हेल्पलाइन 1962 डायल करके पशु चिकित्सा के लिए अपना जानकारी दे सकते हैं। इसके बाद पशुधन मालिक के दरवाजे पर 1962 वाहन डॉक्टर सहित समय पर उपचार प्रदान करेगा।
1962 डायल के बाद जांच प्रक्रिया:
जब दिन के किसी भी समय 1962 आपातकालीन सेवा केंद्र पर पशुधन मालिक से इमरजेंसी कॉल प्राप्त होता है, तो पूछकर बेसिक जानकारी प्राप्त किया जाता है और कॉल करने वाले को उनके निकटतम सरकारी मोबाइल पशु चिकित्सा क्लिनिक/एम्बुलेंस, अस्पताल तक जानकारी प्रसारित की जाती है। कॉल सेंटर में पशु चिकित्सक आपातकाल के प्रकार का पता लगाता है और या तो ऑनलाइन मेडिकल डायरेक्शन (ओएलएमडी) प्रदान करता है या एम्बुलेंस भेजता है। पशु चिकित्सक के साथ एम्बुलेंस पशुपालक के दरवाजे तक पहुंचती है, बीमार मवेशियों की स्थिति का आकलन करती है और मौके पर ही उपचार प्रदान करती है। इस 1962 सुविधा के लिए राज्य शासन से कई कंपनी ने आपात सेवा देने के लिए अनुबंध किया है, जिसके तहत वे निरंतर काम कर रहे हैं।
सड़क चौड़ीकरण निर्माण का नेशनल हाईवे के अधिकारियों ने निरीक्षण किया
सारंगढ़ बिलाईगढ़ । नेशनल हाईवे अथॉरिटी के रायगढ़, बिलासपुर, चांपा के अधिकारियों को जिले के लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने सारंगढ़ से दानसरा और सारंगढ़ से हरदी तक सड़क चौड़ीकरण के निर्माण कार्यों का अवलोकन किया। यह सड़क सरायपाली से रायगढ़ के मध्य का हिस्सा है।
कक्षा 9वीं का प्राकच्यन परीक्षा सम्पन्न
सारंगढ़ बिलाईगढ़। मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजना के तहत संचालित प्रयास बालक एवं कन्या आवासीय विद्यालयों में वर्ष 2025-26 में कक्षा 9वीं में प्रवेश हेतु प्राकच्यन परीक्षा का आयोजन जिला मुख्यालय सारंगढ़ में 20 अप्रैल रविवार को सुबह 10 से 1 बजे तक किया गया। इस परीक्षा के लिए सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिले में एक परीक्षा केंद्र शासकीय स्वामी अंग्रेजी आत्मानंद विद्यालय सारंगढ़ को बनाया गया था, जिसमें कुल दर्ज 186 परीक्षार्थियों में से 125 उपस्थित तथा 61 अनुपस्थित थे। इस परीक्षा के नोडल अधिकारी डिप्टी कलेक्टर अनिकेत साहू थे। परीक्षा निरीक्षण में सहायक आयुक्त बद्रीश सुखदेव, प्रेक्षक पुष्कर पटले तथा तहसीलदार मनीष सूर्यवंशी और केंद्राध्यक्ष सुदीप्त प्रधान शामिल थे।
FIR के बाद भी नहीं पकड़े गए धान मंडी में अफरा-तफरी करने वाले जिम्मेदार आरोपी
सारंगढ़-बिलाईगढ़ । जिले की पांच धान खरीदी समितियों के खिलाफ खाद्य विभाग ने एफआईआर दर्ज कराई है। इनमें कोसीर, सलौनीकला, हरदी, बोहराबहाल और गाताडीह समितियां शामिल हैं। लेकिन अब तक किसी भी जिम्मेदार अधिकारी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, जिससे पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठने लगे हैं।
जिले के धान खरीदी केंद्रों में हर साल बड़े पैमाने पर अनियमितताएं सामने आती हैं। समिति के पदाधिकारी और कर्मचारी मिलकर खरीदी में गड़बड़ी करते हैं और करोड़ों रुपये की अफरा-तफरी को अंजाम देते हैं। इस बार जिला प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए पांच समितियों पर एफआईआर दर्ज कराई, लेकिन एफआईआर के बाद भी आरोपी फरार हैं।
सूत्रों के मुताबिक आरोपियों के फरार होने के पीछे कुछ जिम्मेदार अधिकारियों की मिलीभगत की चर्चा भी जोरों पर है। वहीं आंकड़ों की मानें तो जिले के अन्य धान खरीदी केंद्रों से भी अब तक करीब डेढ़ करोड़ रुपये की धान जमा नहीं हो पाई है।
प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि बाकी समितियों पर भी जल्द कार्रवाई की जाएगी, लेकिन बड़ा सवाल यही है कि पुलिस इन आरोपियों को कब तक गिरफ्तार कर सकेगी और उन्हें सलाखों के पीछे भेज पाएगी या नहीं।
महिला का जबरन अश्लील वीडियो बनाया: 3 नाबालिग समेत 8 हिरासत में, 1 फरार
बिलाईगढ़। भटगांव थाना क्षेत्र से एक बेहद गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला को जबरन अश्लील हरकतें करने के लिए मजबूर किया गया और उसका वीडियो बनाया गया। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट भी की।
पीड़िता ने घटना के तुरंत बाद भटगांव थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 8 आरोपियों को हिरासत में लिया, जबकि एक आरोपी मौके से फरार है।
हिरासत में लिए गए आरोपियों में तीन अपचारी बालक भी शामिल हैं। पुलिस ने मामले में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है।
फिलहाल पुलिस आरोपियों के खिलाफ मारपीट, धमकी और जबरन अश्लील वीडियो बनाने जैसी गंभीर धाराओं में कार्रवाई कर रही है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।
प्राईमरी स्कूल के बच्चों से ढुलवाया गणवेश, प्रधान पाठक समेत 3 को नोटिस...
बिलाईगढ़ । बिलाईगढ़ के देवसागर संकुल केंद्र में शिक्षकों का बड़ा लापरवाही सामने आई। यहां प्राईमरी कक्षा के बच्चों से स्कूल का सामान ढुलवाया गया। यह पूरा मामले 11 अप्रैल का है। इस मामले की जानकारी मिलते ही जिला शिक्षा अधिकारी ने फणेन्द्र सिंह नेताम (प्रभारी विकासखंड स्त्रोत समन्वयक), फिरतराम सायतोड़े (शैक्षिक समन्वयक, संकुल देवसागर) और कार्तिकेश्वर सिंह (प्रधानपाठक, प्राथमिक शाला जेवराडीह) को नोटिस जारी कर जवाब माँगा है।
जानकारी के मुताबिक देवसागर के संकुल केंद्र में संकुल केंद्र के अंतर्गत आने वाले स्कूल के छात्रों का गणवेश शिक्षकों को वितरण किया जा रहा था। जहां संकुल केंद्र में शासकीय प्राथमिक शाला जेवराडीह के बच्चों को बुलाकर उनसे गणवेश की बोरियां उठावाई गई और उनसे काम कराया गया। इस दौरान बच्चें ने अपनी साईकिल में बोरी रखकर 2 किलोमीटर दूर जेवराडीह लेकर गए। हद तो तब हुई जब बच्चों से काम करवाया जा रहा था उस दौरान संकुल के कई शिक्षक मौजूद थे, लेकिन किसी ने एक बार भी बच्चों को काम करवाने से नहीं रोका। जब इस बात की जानकारी मीडिया को मिली मौके पर पहुँचकर, जिम्मेदारों से जवाब मांगा। जिम्मेदार शिक्षक मीडिया को गोल मोल जवाब दिया और अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया। लेकिन मौके पर मौजूद संकुल प्रभारी ने बच्चों से काम करवाना गलत माना।
इस घटना की जानकारी मिलने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने इसे छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 3 के उल्लंघन के रूप में गंभीरता से लिया है और स्पष्ट किया है कि अगर आरोप सही पाए गए, तो जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने निर्देश दिए हैं कि संबंधित विद्यालय प्रमुख स्वयं उपस्थित होकर 3 दिवस के भीतर संतोषजनक जवाब प्रस्तुत करें। ऐसा न करने की स्थिति में यह माना जाएगा कि वे दोषी हैं और उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
यह पत्र 11 अप्रैल को जारी किया गया है और इसकी प्रतिलिपि कलेक्टर, संचालक शिक्षा संचालनालय, और विकासखंड शिक्षा अधिकारी को भी भेजी गई है।
ग्राम पंचायतों में 14 को होगा ग्राम सभा और अम्बेडकर जयंती कार्यक्रम
सारंगढ़-बिलाईगढ़ । छत्तीसगढ़ पंचायत राज अधिनियम 1993 की धारा-6 में ग्राम सभा का प्रत्येक तीन मास में कम से कम एक सम्मिलन आयोजित करने का प्रावधान है। छत्तीसगढ़ शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने निर्धारित तिथि 14 अप्रैल, 20 अगस्त एवं 02 अक्टूबर के अतिरिक्त प्रतिवर्ष माह जून एवं नवम्बर में सुविधाजनक तिथियों में प्रत्येक ग्राम में ग्रामसभा का आयोजन अनिवार्य करने और 14 अप्रैल को आयोजित ग्रामसभा में बाबा साहेब अम्बेडकर जयंती मनाने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ साथ कई बिंदुओं पर चर्चा कर कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश हैं, जिसमें मनरेगा योजनांतर्गत वर्ष 2025-26 के कार्य स्वीकृति हेतु तैयार लेबर बजट का वाचन एवं चर्चा, ग्रामसभा से प्रस्ताव प्राप्त करने तथाा संगम अभियान के तहत् 03 वर्षों की कार्य योजना तैयार करने पर विशेष चर्चा किया जाए, प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत जिन हितग्राहियों का आवास आज पर्यन्त तक प्रारंभ नहीं हुआ है, उन आवास को ग्रामसभा में अपात्र करने का प्रस्ताव पारित किया जाए। जल जीवन मिशन के प्रगति की समीक्षा की जाए, घर-घर कचरा संग्रहण पर चर्चा किया जाए,
ग्राम पंचायत के घरों से, ग्राम पंचायत में स्थित दुकान, ग्राम में लगने वाले हाट बजार, शादी एवं अन्य कार्यक्रम से निकलने वाले कचरे आदि के लिए ग्रामसभा में चर्चा कर शुल्क निर्धारित किया जाये। यदि ग्राम के सार्वजनिक स्थानों पर कोई कचरा फेकता है तो उस पर जुर्माना लगाने के संबंध चर्चा कर शुल्क निर्धारित किया जाये, सामुदायिक शौचालय, कचरा पृथक्करण शेड निर्माण, आंगनबाडी भवन निर्माण के प्रगति पर चर्चा किया जाए, सामुदायिक शौचालय के प्रबंधन के संचालन के लिए किसी महिला समूह को सौंपा जाये, सामुदायिक शौचालय में स्थित दुकान को उस महिला समूह को सौंपा जाये। इससे प्राप्त आमदनी के माध्यम से सामुदयिक शौचालय की साफ-सफाई महिला समूह द्वारा किया जाये।
कलेक्टर धर्मेश कुमार साहू ने जिले के सरपंच सचिव को ग्राम सभा आयोजन की जिम्मेदारी दी है। उन्होंने कहा है कि प्रत्येक ग्राम पंचायत के विशेष ग्रामसभा में अधिक से अधिक संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति हो। इसके लिए मुनादी कराने और कार्यक्रम के अधिकतम 15 मिनट की वीडियो रिकाडिंग कर 'ग्रामसभा निर्णय (जीएस निर्णय) मोबाईल एप्प में अपलोड करें।
जिला पंचायत भवन सारंगढ़ में 14 को होगा सामाजिक समरसता कार्यक्रम
सारंगढ़ बिलाईगढ़ । जिला पंचायत भवन सारंगढ़ के सभाकक्ष में 14 अप्रैल को डॉ भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर सामाजिक समरसता कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री एवं उप मुख्यमंत्री का वर्चुअल उदबोधन का प्रसारण किया जाएगा। इस कार्यक्रम में संविधान की प्रस्तावना का वाचन, विशिष्ट अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों का स्वागत, डॉ. भीमराव अंबेडकर के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करना, कम से कम 10 समाज प्रमुखों को मंचासीन कराकर माननीय सांसद, विधायक,जिला पंचायत के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष से स्वागत करना, ग्राम पंचायतों में अटल पंचायत डिजिटल सुविधा केन्द्र हेतु प्रति विकासखण्ड से आहूत 10-10 ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं सीएससी के सर्विस प्रदाता के मध्य एमओयू की कार्यवाही की जाएगी। इसके साथ ही साथ 24 अप्रैल 2025 को पंचायत राज दिवस के अवसर पर अटल डिजिटल सुविधा केंद्र के शुभारंभ की जानकारी प्रदान करना, जिन पंचायतों में पहले से पीएम आवास ग्रामीण योजना के पंचायत-एंबेसडर हैं, उन्हें विशेष रूप से कार्यक्रम में आमंत्रित कर सम्मानित किया जाएगा।
जिन पंचायतों में अब तक कोई पंचायत-एंबेसडर नियुक्त नहीं हुआ है, वहाँ उपयुक्त व्यक्ति को चयनित कर एंबेसडर नियुक्त किया जाएगा। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण अंतर्गत चल रहे सर्वेक्षण विशेष पखवाड़ा "मोर दुवार साय सरकार" महाभियान (15 अप्रैल से 30 अप्रैल तक) की जानकारी हितग्राहियों को देना और उन्हें पूरी प्रक्रिया से अवगत कराना अत्यंत आवश्यक है, ताकि कोई भी पात्र परिवार योजना से वंचित न रहे। भू-जल स्तर के सम्बन्ध में जानकारी देना तथा वाटर हार्वेस्टिंग बनाने हेतु सामूहिक संकल्प लिया जाएगा।
खनिज नियमों के उल्लंघन पर 4 क्रेशर नोटिस के साथ सील हुए
सारंगढ़ बिलाईगढ़ । कलेक्टर धर्मेश कुमार साहू द्वारा दिये गये निर्देश एवं खनि अधिकारी बजरंग पैकरा के मार्गदर्शन में वायु प्रदूषण के रोकथाम हेतु बिलाईगढ़ क्षेत्र का जिले के खनि अमला द्वारा गुरुवार को आकस्मिक निरीक्षण किया गया।
गौण खनिज चूना पत्थर के स्वीकृत भंडारणो का मौका निरीक्षण दौरान अनियमितता पाए जाने पर मेसर्स मित्तल स्टोन क्रशर प्रो. सुरेश अग्रवाल को ग्राम बिलाईगढ़, मेसर्स नरसिंह स्टोन क्रशर प्रो. नरसिंह देवांगन को ग्राम छपोरा, श्याम स्टोन क्रशर प्रो. मदन सिंघानिया को ग्राम बिलाईगढ़ एवं मेसर्स गणेश स्टोन क्रशर प्रो. गोविंद शर्मा को ग्राम गोविंदवन कुल 04 क्रेशर को नोटिस दिया गया और मौके पर सील किया गया। यह कार्यवाही छ्त्तीसगढ़ खनिज (खनन,परिवहन एवं भंडारण) नियम 2009 के तहत की गयी। साथ ही अवैध उत्खनन परिवहन एवं भण्डारण की कार्यवाही आगे भी निरंतर कलेक्टर के निर्देश पर किया जाएगा। मौके पर निरीक्षण के दौरान जांच टीम में प्रभारी खनि निरीक्षक दीपक पटेल, लक्ष्मी नारायण घृतलहरे के साथ अन्य कर्मचारी शामिल हुए।
राज्यपाल रमेन डेका ने सारंगढ़ कलेक्ट्रेट में अधिकारियों की बैठक ली
सारंगढ़ बिलाईगढ़। राज्यपाल रमेन डेका के सारंगढ़ प्रवास पर कलेक्ट्रेट सारंगढ़ में बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें कलेक्टर धर्मेश साहू, एसपी पुष्कर शर्मा सहित जिले के प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे।
जल संरक्षण : पानी और महिला को सर्वोच्च प्राथमिकता से संरक्षण देने के लिए राज्यपाल ने अधिकारियों को कहा। राज्यपाल ने जल संरक्षण और ग्राउंड लेवल वाटर के लिए जल संसाधन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी एवं पंचायती विभाग को नदी, नहर, चेकडैम, तालाब, डबरी, कुआं, वाटरशेड आदि के माध्यम से जल संरक्षण करने के निर्देश दिए। राज्यपाल ने कहा कि नदियों को बहने दें, नदियां अपने आप साफ हो जाएंगे। वन विभाग के कैम्पा मद और पंचायत विभाग के मनरेगा जैसे कार्यों से जल संरक्षण की दिशा में कार्य करें।
अपने से संबंधित फील्ड में जाएं अधिकारी
राज्यपाल ने वन मंडल अधिकारी पुष्प लता टंडन से पूछे कि, पिछले 6 महीने में आप कितनी बार कौन सा जंगल गए हैं ? डीएफओ टंडन ने बताया कि वह बिलाईगढ़ के जंगल गई थीं। राज्यपाल ने कहा कि हमें नियमित रूप से अपने-अपने फील्ड जाते रहने चाहिए। फील्ड में जाने पर फील्ड की जानकारी होगी।
वृक्षारोपण जैसे कार्यों में समाज की सहभागिता जरूरी
राज्यपाल ने बैठक में कहा कि छत्तीसगढ़ में समाज को शामिल नहीं करते हैं। जैसे वृक्षारोपण में समाज का बहुत बड़ा योगदान हो सकता है। उन्होंने कहा कि वह बस्तर, बालोद, बलौदा बाजार सुकमा जैसे जिलों का दौरा किए हैं, जहां सुकमा में जाने पर वहां के स्थानीय लोग किस कठिन परिस्थितियों में काम करते हैं उन सब की जानकारी हुई। वहां के स्थानीय नागरिकों ने कहा कि आज तक कोई राज्यपाल सुकमा में नहीं आया है।
खेती
राज्यपाल को ब्लैक, ब्राउन, चावल उत्पादन, मिलेट मिशन, वर्मी कंपोस्ट आदि के संबंध में उप संचालक कृषि आशुतोष श्रीवास्तव ने जानकारी दी।
योजनाओं से सुलभ शौचालय बनाएं
राज्यपाल ने कहा कि दिल्ली और उत्तराखंड में बहुत अच्छा काम हुआ है। छत्तीसगढ़ में भी जिला प्रशासन द्वारा स्थानीय स्तर पर सुलभ शौचालय का सेटअप रेलवे बस स्टैंड जैसे अन्य जगहों पर होना चाहिए, जहां आम नागरिक निशुल्क सुबह नहा कर अपने दिनचर्या पर निकल जाए। इस प्रकार की सुविधा जिला प्रशासन की ओर से दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को इस मूलभूत सुविधाओं की जरूरत है। उन जरूरत मंद लोगों को सुलभ शौचालय जैसे सामाजिक सुविधा देना होगा। इससे समाज में राज्य सरकार और जिला प्रशासन का अच्छा संदेश जाएगा और उसको हमेशा यथावत बने रखने के लिए सुदृढ़ व्यवस्था करना होगा।
अधिकारियों को अपने विभाग की जानकारी होनी चाहिए
राज्यपाल ने सीएमएचओ डॉक्टर एफ आर निराला से टीबी मरीज को दिए जा रहे हैं सहयोग राशि किस योजना से आ रहा है, के संबंध में जानकारी लिया। सीएमएचओ के त्वरित रूप से जानकारी नहीं देने पर राज्यपाल ने कहा कि किसी भी अधिकारी को कौन सी योजना से कितनी राशि हितग्राहियों को मिल रही है जैसी मूलभूत जानकारी होनी चाहिए। अधिकारियों में हुमन टच होना चाहिए।
श्रमिक बच्चों की देखरेख की जानकारी
श्रम विभाग की ओर से किए जा रहे योजनाओं का जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन के संबंध में राज्यपाल ने पूछा कि फैक्ट्री, खेत और अन्य क्षेत्र में काम कर रहे श्रमिक के बच्चों के लिए क्या किया जा रहा है।
राज्यपाल द्वारा जिला शिक्षा अधिकारी एलपी पटेल के कार्यों की सराहना
जिला शिक्षा अधिकारी एलपी पटेल ने बताया कि श्रमिक बच्चों को स्कूल शिक्षा विभाग के योजनाओं के माध्यम से शिक्षा दे रहे हैं और उनके प्रोग्रेस के संबंध में उनके पालक को जानकारी दे रहे हैं। जिला शिक्षा अधिकारी के जवाब से राज्यपाल ने कहा वेरी गुड, आप अच्छा काम कर रहे हैं।
आत्महत्या को रोकने के जागरूकता और मनोविकास
राज्यपाल ने 11वीं और 12वीं कक्षा के और बहुत सारे आश्रम छात्रावास में रहने वाले बच्चों के मनोवैज्ञानिक की जांच करने के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आजकल आत्महत्या जैसे कई समाचार देखने सुनने को मिलता है। स्कूल कॉलेज आश्रम आदि के बच्चों में सुसाइड से बचने के लिए जन जागरूकता अभियान चलाया जाए। सभी संबंधित विभाग, उच्च शिक्षा, स्कूल शिक्षा आदिम जाति और अनुसूचित जाति विकास, स्वास्थ्य विभाग सभी बच्चों का हेल्थ चेकअप कराएं। बच्चों का मनोविकास करें, उनकी जानकारी लें। यदि वे सुसाइड करने की कोशिश या अपने जीवन से दुखी है तो उसे मनोवैज्ञानिक ढंग से जीवन के प्रति उत्साह, रुचि जगाने जैसे कार्यक्रम में शामिल करें।
युवाओं को प्लंबर इलेक्ट्रीशियन जैसे रोजगार का प्रशिक्षण दें
राज्यपाल ने कहा कि यदि कोई बच्चा 10वीं, 11वी, 12वीं जैसे कक्षाओं में फेल हो जाता है तो उसे कौशल विकास के तहत प्लंबर, इलेक्ट्रीशियन जैसे काम सीखना राज्य शासन और जिला प्रशासन का दायित्व है। बच्चों को यह शिक्षा दें कि हर कोई बड़े पद में शिक्षित होने के बावजूद नियुक्त नहीं हो पाते हैं। इसलिए अपने से अपने रुचि के अनुसार प्लंबर इलेक्ट्रीशियन ड्राइवर दर्जी आदि क्षेत्र में प्रशिक्षण लेकर काम करें। आज सभी क्षेत्रों में चाहे वह घरेलू या किसी फैक्ट्री में भी प्लंबर, इलेक्ट्रीशियन आदि के रोजगार के अवसर हैं।
एनसीसी और रेडक्रॉस
राज्यपाल ने एनसीसी में स्कूली और कॉलेज के बच्चों की भागीदारी और उसमें शामिल होने के लिए प्रोत्साहित करते हुए कहा कि एनसीसी से बच्चा अनुशासन सीखता है जो नियमित रूप से उसके जीवन में शामिल हो जाता है। इससे वह शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ होता है। उन्होंने अपने अनुभव बताते हुए कहा कि मैं एनसीसी में रहा हूं और वह बचपन के दिन मुझे आज भी याद है। अनुशासन और नियमित जीवन दिनचर्या को देखकर दूसरे लोग भी अनुशासन सीखते हैं।
छत्तीसगढ़ में टूरिज्म को बढ़ावा दें
बैठक में उपसंचालक समाज कल्याण विनय तिवारी के द्वारा सारंगढ़ राजमहल के इतिहास की जानकारी देने पर राज्यपाल ने कहा की छत्तीसगढ़ में बढ़िया स्पॉट है, पर टूरिस्ट नहीं है। हमें पूरे छत्तीसगढ़ में टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए काम करना होगा। यहां के धरोहर को टूरिज्म में जोड़कर अच्छा सेटअप तैयार करना होगा।जिला प्रशासन द्वारा अपने जिले में इस प्रकार के टूरिज्म सेक्टर को डेवलप करें जिससे कम से कम पड़ोसी जिले के लोग आएंगे और रोजगार मिलेगा।
वृद्ध आश्रम में समाज की सहभागिता
राज्यपाल ने वृद्ध आश्रम के संबंध में कहा कि आप सभी अधिकारी और रेडक्रॉस की समिति के सदस्य कितनी बार वृद्ध आश्रम गए हैं। आप सभी लोग वृद्ध आश्रम में रह रहे बुजुर्ग को समाज से जोड़ने के लिए वहां दौरा करें और समाज के उदार, समाजसेवी नागरिकों को वृद्ध आश्रम में सहयोग करने के लिए प्रोत्साहित करें। रायपुर में संचालित अपना घर बुजुर्गों के लिए सेवा का एक अच्छा उदाहरण है।
समाज कल्याण के कार्य
राज्यपाल ने भिखारी के जीवन यापन के व्यवस्था के लिए कहा कि उनकी इस प्रकार की व्यवस्था की जाए कि वह रास्ते में भीख नहीं मांगे। पागल या मानसिक रूप से स्वस्थ नहीं है, उन्हें शासकीय मानसिक चिकित्सालय बिलासपुर भेजने की व्यवस्था की जाए।
ग्रामीण महिलाओं की तरह शहरी महिलाओं की रोजगार की व्यवस्था
राज्यपाल ने कहा कि ग्रामीण महिलाओं के लिए जिस प्रकार कपड़ा सिलाई, स्व सहायता समूह आदि के माध्यम से रोजगार के अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है। ऐसे ही रोजगार की उपलब्धता शहरी महिलाओं के लिए करें। राज्यपाल ने बताया कि उन्हें मुलाकात के दौरान शहरी महिलाओं ने कहा कि, हम शहरी महिलाओं को भी काम मिले, उनके लिए भी रोजगार के अवसर होनी चाहिए। राज्यपाल ने कहा कि सभी नगरीय निकाय अपने-अपने क्षेत्र में शहरी महिलाओं को कपड़ा सिलाई कैटरिंग खाद्य, होटल, रेस्टोरेंट, बर्तन भंडार के क्षेत्र में प्रशिक्षण दें और उन्हें सरकार की योजनाओं और कार्यक्रमों के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि कैटरिंग का काम मामूली नहीं है। दिल्ली और बड़े शहरों में इसके रोजगार के बहुत अवसर हैं। नवाचार में नया काम करना चाहिए। बाजार में बहुत कंपटीशन है। इसलिए सभी महिलाओं को कैटरिंग जैसे कार्यों के लिए एक निर्धारित जगह तय करना होगा, जहां वह निर्धारित समय में आकर काम करें, जिससे उनके घर परिवार और स्वयं को आर्थिक लाभ मिले।
अज्ञात जनसेवकों का प्रचार प्रसार
राज्यपाल ने जिला पंचायत सीईओ को कहा कि, बहुत सारे अज्ञात लोग लोगों की भलाई के लिए अच्छा काम कर रहे हैं, वे किसी को प्रशिक्षण दे रहे हैं या सेवा दे रहे हैं उन अज्ञात नागरिकों को मीडिया में जानकारी दें।
महिलाओं को प्रोत्साहन
राज्यपाल ने पानी और महिलाओं को महत्वपूर्ण बताया। लखपति दीदी और ड्रोन लखपति दीदी के संबंध में जिला पंचायत सीईओ इंद्रजीत बर्मन को राज्यपाल ने कहा कि आप तुलसी मालाकार, जो फूल बेचकर लखपति हुई है। उनके गांव जाकर उन्हें प्रोत्साहित करें उन्होंने कहा कि पैसा, आइडिया और टेक्निकल ज्ञान से काम करना चाहिए। होली में रंग बनाने, राखी त्यौहार में राखी बनाना चाहिए।
पशुधन विकास विभाग की तारीफ
लोगों को योजना से बकरी प्रदाय की जानकारी देने पर राज्यपाल ने पशुधन विकास विभाग की तारीफ की। उन्होंने कहा कि पशु पालन में भी रोजगार के अवसर हैं, ग्रामीणों को उपलब्ध कराएं।
शिकायत पर कार्रवाई करें
राज्यपाल ने गांजा शराब आदि तस्करी के मामले में कलेक्टर और एसपी को कहा कि वह लोगों की शिकायत पर कार्रवाई करें।
हेलमेट पहनने की आदत के लिए कैंप
राज्यपाल ने एसपी से सुसाइड की संख्या और ट्रैफिक के संबंध में जानकारी पूछा। राज्यपाल ने कहा कि आप नागरिकों में हेलमेट पहनने की आदत को बनाने के लिए उनको यातायात जागरूकता का कैंप शिविर कराएं। गांव और शहर वालों को दो-तीन दिन चेक पोस्ट बनाकर उनकी गाड़ी को जमा करें और दो-तीन दिन में उन्हें गाड़ी के कागजात लाने के लिए तथा ट्रैफिक नियमों का पालन करने के लिए समय दें।
तेज ड्राइविंग पर रोक
राज्यपाल ने कहा कि बच्चों में तेज (रश) ड्राइविंग को रोकने के लिए आवश्यक कार्रवाई करें, ताकि तेज ड्राइविंग से बच्चों एवं अन्य नागरिकों की मृत्यु ना हो।
जिले की मूलभूत समस्या
राज्यपाल ने कलेक्टर से जिले की मूलभूत समस्या के बारे में पूछा। कलेक्टर धर्मेश साहू ने जानकारी देते हुए कहा कि, सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिला दो जिलों के विभाजन से बना है जिसके कारण यहां पर्याप्त अधिकारी कर्मचारी नहीं है और दोनों जिले का संभाग पूर्व में अलग-अलग था जिसकी वजह से कार्य करने में असुविधा होती है। राज्यपाल ने कहा कि यह अभी यह निर्माणाधीन जिला है। सभी अच्छे से काम करिए।
रोगों का सर्वे
सिकल सेल के लिए राज्यपाल ने कहा कि लोगों को सिकल सेल के संबंध में जानकारी उपलब्ध कराएं और जागरूकता अभियान चलाएं। उन्होंने कहा कि आप अपने जिले में सिकलसेल का सर्वे में मेडिकल स्टूडेंट को शामिल करें। उन्होंने ब्रेस्ट कैंसर के सर्वे करने के लिए किसी कार्यक्रम योजना के तहत करने के निर्देश दिए।
देश की प्रगति में मन लगाकर काम करें
राज्यपाल ने कहा कि मैं ग्राउंड लेवल का मैदानी आदमी हूं। मुझे देश के बारे में जानकारी है। राज्यपाल ने देश के उन्नति और विकास के लिए कहा कि हमारा देश गरीब देश नहीं है। इसमें प्रत्येक नागरिक का योगदान की जरूरत है। सभी को अपने काम में मन लगाकर काम करने से, उद्योग, कृषि एवं अन्य क्षेत्र की प्रगति से हमारा देश निरंतर आगे बढ़ेगा। सरकार की ओर से कई प्रकार के योजनाओं से जोड़कर हम, समाज, जिला, राज्य और देश की उन्नति कर सकते हैं। जैसे किसी बंजर जमीन पर मनरेगा या अन्य किसी योजना से तालाब गहरी कर वहां रोजगार के अवसर मछली पालन आदि कर सकते हैं।
पानी और महिलाएं दोनों महत्वपूर्ण
उन्होंने कहा कि पानी और महिलाएं दोनों महत्वपूर्ण होते हैं। पानी और महिला का बचाव करें। राज्यपाल ने कहा कि वे बहुत सारे संस्थाओं और विद्यार्थियों को राजभवन, राज्यपाल की ओर से सहयोग किए हैं।
राज्यपाल रमेन डेका ने मां के नाम एक पौधारोपण किया
सारंगढ़ बिलाईगढ़ । सारंगढ़ कलेक्ट्रेट परिसर में वन विभाग द्वारा आयोजित एक पेड़ मां के नाम कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका ने अपनी मां स्वर्गीय श्रीमती चंपावती डेका के नाम एक पौधारोपण किया। इस अवसर पर कलेक्टर धर्मेश कुुमार साहू, पुलिस अधीक्षक पुष्कर शर्मा, डीएफओ पुष्पलता टंडन, अपर कलेक्टर प्रकाश कुमार सर्वे उपस्थित थे।
राज्यपाल रमेन डेका के सारंगढ़ आगमन पर दी गई सलामी
सारंगढ़ बिलाईगढ़ । पांच दशक के बाद सारंगढ़ शहर और वर्तमान सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिले के जिला मुख्यालय में राज्य के राज्यपाल रमेन डेका ने स्व-प्रेरणा से समय देकर जिले के नागरिकों को मिल रही सुविधाओं का आंकलन करने सोमवार को सारंगढ़ सर्किट हाउस पहुंचे, जहां कलेक्टर धर्मेश कुुमार साहू एवं पुलिस अधीक्षक पुष्कर शर्मा ने पुष्प गुच्छ से स्वागत किया। इसके तुरंत बाद पुलिस बल के दल द्वारा राज्यपाल को सलामी दी गई। दोपहर में राजभवन रवानगी के समय भी राज्यपाल को पुनः सलामी दी गई।