छत्तीसगढ़ / सारंगढ़-बिलाईगढ़
भटगांव में 23 क्विंटल अवैध धान जप्त
सारंगढ़ बिलाईगढ़। अवैध धान के भंडारण एवं परिवहन पर कलेक्टर धर्मेश कुमार साहू के द्वारा कार्रवाई के लिए दिए गए निर्देश के पालन में मंगलवार को दोपहर में कृषि उपज मंडी समिति भटगांव के अधिकारी व कर्मचारी द्वारा निरीक्षण के दौरान भटगांव निवासी माधव प्रसाद साहू पिता हरदयाल साहू के प्रतिष्ठान में 58.75 कट्टा वजन 23.50 क्विंटल अवैध धान भंडारण के रूप में पाया गया, जिसके विरुद्ध मंडी अधिनियम 1972 के तहत धान को जब्त करने की कार्यवाही की गई।
चंदन ट्रेडिंग सरिया एवं महिमा ट्रेडर्स भठली से 120 क्विंटल अवैध धान जप्त
सारंगढ़ बिलाईगढ़। सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिले के बरमकेला विकासखण्ड में कलेक्टर धर्मेश कुमार साहू के निर्देशन एवं एसडीएम प्रखर चंद्राकर के मार्गदर्शन में कृषि उपज मंडी बरमकेला अलर्ट मोड पर है। मंडी बोर्ड जिला सारंगढ़ बिलाईगढ़ के मंडी सचिव चेतन कुमार जायसवाल एवं मंडी उपनिरीक्षक जे.पी.नंदे द्वारा अवैध रुप से भंडारे व्यापारी से दो कोचियों के गोदाम में अवैध रूप से भंडारण कर रखे गए 162 कट्टा धान 64.80 क्विंटल लगभग चंदन ट्रेडिंग कंपनी सरिया एवं महिमा ट्रेडर्स भठली द्वारा धान 140 कट्टा 56 क्विंटल लगभग धान को जब्त किया है। साथ ही साथ 19 नवंबर को वाहन क्रमांक सी जी 13 ए एन 6523 में धान 150 कट्टा लगभग 60 क्विंटल मनोज अग्रवाल हट्टापाली द्वारा सोहेला ओडिशा से परिवहन कर लाया जा रहा था जिसे मंडी अधिनियम के तहत जप्त कर थाना डोंगरीपाली को सुपुर्द किया गया हैं, जिसे मंडी अधिनियम के तहत जप्ती प्रकरण बनाया गया है। वैध दस्तावेज के संग्रहित जब्त कर मंडी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। धान की अवैध व्यापार को अंकुश लगाने के लिए कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
10 दिसम्बर तक होगा विश्व शौचालय अभियान
विश्व शौचालय दिवस पर कलेक्ट्रेट में बैठक सम्पन्न
सारंगढ़ बिलाईगढ़। कलेक्टर धर्मेश कुमार साहू और परियोजना निदेशक हरिशंकर चौहान की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में विश्व शौचालय दिवस पर बैठक आयोजित किया गया। इस बैठक में जिले के सभी विभाग के अधिकारी शामिल हुए। इस वर्ष हमारा शौचालय हमारा सम्मान थीम पर विश्व शौचालय दिवस का आयोजन 19 नवंबर से प्रारंभ होकर मानवाधिकार दिवस 10 दिसंबर तक किया जाएगा। इसके अंतर्गत 5 दिसंबर से 9 दिसंबर तक शौचालय की क्रियाशीलता में सुधार पेंटिंग सामुदायिक सहभागिता बेस्ट शौचालय (व्यक्तिगत और सामुदायिक) का आकलन हेतु सर्वेक्षण तथा 10 दिसंबर को अभियान का समापन बेस्ट शौचालय को अवार्ड वितरण और अभियान के संबंध में रिपोर्ट प्रस्तुत किया जाएगा।
मंडी सचिव ने 61 क्विंटल अवैध धान जप्त किया
सारंगढ़ बिलाईगढ़। अवैध धान के भंडारण एवं परिवहन पर कलेक्टर धर्मेश कुमार साहू के द्वारा कार्रवाई के लिए दिए गए निर्देश के पालन में सारंगढ़ के मंडी सचिव राजेंद्र धुर्वे एवं मंडी कर्मचारी अर्जुन ठाकुर आदि के द्वारा रविवार को सारंगढ़ ब्लॉक के ग्राम उलखर में थोक व्यापारी बलराम चंद्रा के चन्द्रा ट्रेडर्स मंडी में अवैध रूप से भण्डारित धान 38 क्विंटल का मंडी अधिनियम के प्रावधानों के तहत जप्ती प्रकरण बनाया गया। इसी प्रकार मंडी अधिकारी एवं कर्मचारियों द्वारा ग्राम मल्दा अ में घनश्याम साहू (बालाजी ट्रेडर्स) थोक व्यापारी के गोदाम में अवैध भण्डारित धान 23 क्विंटल का मंडी अधिनियम के तहत कार्यवाही कर जप्ती प्रकरण बनाया गया।
तुलेश्वर निषाद से 24 क्विंटल अवैध धान किया जप्त
सारंगढ़ बिलाईगढ़ । अवैध धान के भंडारण एवं परिवहन पर कलेक्टर धर्मेश कुमार साहू के द्वारा कार्रवाई के लिए दिए गए निर्देश के पालन में सारंगढ़ के मंडी सचिव राजेंद्र धुर्वे एवं मंडी कर्मचारी अर्जुन सिंह ठाकुर के द्वारा सारंगढ़ ब्लॉक के ग्राम धुता में तुलेश्वर निषाद के प्रतिष्ठान में अवैध रूप से भंडारित 24.80 क्विंटल धान का जप्ती प्रकरण बनाया गया।
आबकारी ने बिलाईगढ़ क्षेत्र में बाईक सहित 10 लीटर अवैध शराब किया जप्त
सारंगढ़ बिलाईगढ़ । आबकारी वृत्त बिलाईगढ़ के द्वारा रविवार को अवैध मदिरा परिवहन पर 10 लीटर शराब और बाइक जप्त कर कार्यवाही किया गया है
नकटीडीह बेलटीकरी मार्ग में ग्राम डुरूमगढ़ के पास आबकारी टीम के द्वारा एक बिना नंबर प्लेट का बजाज पल्सर एनएस दो पहिया वाहन को रुकवाया गया तथा वाहन चालक से पूछताछ की गई वाहन चालक ने अपना नाम उमेशदास मानिकपुरी होना बताया, उसे तलाशी देने के लिए कहा गया। गवाहों के समक्ष उनकी पूर्वानुमति से उनकी तथा उनके द्वारा प्रयुक्त वाहन में रखे प्लास्टिक बोरी की विधिवत तलाशी ली गई। तलाशी में बोरी में एक सफेद रंग के बड़ी पालीथीन में भरा 10.0 लीटर कच्ची महुआ शराब के समान तरल को बरामद किया गया पूछताछ करने पर वाहन चालक ने बताया कि यह मदिरा विक्रय करने के लिए, ले के जा रहा है। बरामद तरल को मौके पर गवाहों के समक्ष विधिवत परीक्षण करने पर उसे कच्ची महुआ शराब होना पाए जाने पर सीलबंद कर मदिरा एवं मदिरा परिवहन में प्रयुक्त दो पहिया वाहन को कब्जा में आबकारी विभाग द्वारा लिया गया है एवं आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(2)59(क) का प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। आरोपी को अग्रिम कार्यवाही हेतु माननीय न्यायालय में पेश किया गया है।
इस कार्यवाही में सहायक आबकारी आयुक्त सोनल नेताम, सहायक जिला आबकारी अधिकारी संतराम वर्मा,आबकारी उप निरीक्षक विपिन कुमार पाठक, आबकारी मुख्य आरक्षक फागुलाल टण्डन एवं सुरक्षा गार्ड लोचन साहू का विशेष योगदान रहा।
पंचायत चुनाव : निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण कार्यक्रम जारी
सारंगढ़ बिलाईगढ़। छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा 1 अक्टूबर 2024 की अर्हता तिथि के आधार पर फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली तैयार करने के लिए पूर्व जारी कार्यक्रम में संशोधन करने हुए त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2024-25 कराए जाने हेतु फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण कार्यक्रम जारी किया गया है। निर्वाचक नामावली तैयार करने के संशोधित कार्यक्रम अंतर्गत दावे तथा आपत्तियां 14 नवम्बर 2024 से प्राप्त की जाएगी। दावा-आपत्ति प्राप्त करने की अंतिम तिथि बुधवार 20 नवम्बर 2024 अपरान्ह 3 बजे तक है। दावे-आपत्तियों के निपटारे की अंतिम तिथि सोमवार 25 नवम्बर 2024 है। प्ररूप क-1 में रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को दावा प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 27 नवम्बर 2024 है। प्ररूप क-1 में प्राप्त दावा का निराकरण करने की अंतिम तिथि 30 नवम्बर 2024 है। दावे-आपत्तियों के निराकरण आदेश के विरूद्ध अपील करने की अंतिम तारीख, निराकरण आदेश पारित होने के 5 दिवस के भीतर अपील की जा सकती है। परिवर्धन, संशोधन, विलोपन के प्रकरणों की प्रविष्टि 4 दिसम्बर 2024 तक सॉफ्टवेयर में किया जाएगा। चेकलिस्ट का निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा जांच करवाना तथा पीडीएफ मुद्रण हेतु 6 दिसम्बर 2024 तक जिला कार्यालय को सौंपा जाएगा। अनुपूरक सूची का मुद्रण कराना और अनुपूरक सूची को मूल सूची के साथ 10 दिसम्बर 2024 तक संलग्न किया जाएगा। निर्वाचन नामावली का अंतिम प्रकाशन 13 दिसम्बर 2024 को किया जाएगा।
कलेक्टर ने विधि विधान से किया धान खरीदी का शुभारंभ
राज्य सरकार हमेशा किसान हितैषी ऐसी व्यवस्था बनाए रखें : किसान अनंत पटेल
सारंगढ़ बिलाईगढ़। खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 में कलेक्टर धर्मेश कुमार साहू ने सेवा सहकारी समिति मर्यादित अमझर में धान खरीदी का शुभारंभ पूजा अर्चना और फीता काटकर किया। कलेक्टर ने किसानों और अधिकारियों की उपस्थिति में तौल मशीन का पूजा किया और तौल मशीन में बरदाना से भरे धान का तौल कर धान खरीदी का शुभारंभ किया। अमझर समिति के अधीन ग्राम सरायपाली के अनंत पटेल पहले किसान हैं, जिनके धान से धान खरीदी कार्य का शुभारंभ हुआ है। कलेक्टर ने इस अवसर पर बरदाना की उपलब्धता के संबंध में समिति से जानकारी ली।
किसान अनंत पटेल ने कहा कि वे सौभाग्यशाली हैं कि उनके 90 क्विंटल धान से राज्य सरकार के धान खरीदी का शुभारंभ जिले में हुआ है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को प्रति क्विंटल 3100 रुपए समर्थन मूल्य के लिए और प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदी के लिए आभार व्यक्त किया है। राज्य सरकार ने प्रति क्विंटल 3100 रुपए का रेट देकर किसानों के धान का वाजिब मूल्य दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के इस प्रकार समर्थन मूल्य पर धान खरीदी से खेती नहीं करने वाले किसान भी प्रेरित होकर उत्साहित हैं। राज्य सरकार ऐसी व्यवस्था हमेशा बनाए रखे, जिससे किसान हमेशा उन्नति करते रहें। किसान अनंत पटेल ने राज्य सरकार और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से गुजारिश की है कि धान की फसल की तरह दलहन तिलहन फसलों के प्रोत्साहन के लिए भी कोई कार्यक्रम योजना बनाएं।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में किसान, एसडीएम प्रखर चंद्राकर, डिप्टी कलेक्टर अनिकेत साहू, वर्षा बंसल, खाद्य अधिकारी चितरंजन सिंह, मार्कफेड अधिकारी शीतल भोई, सहकारिता अधिकारी व्यास नारायण साहू, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति तथा अपेक्स बैंक के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।
जिले में केंद्र, पंजीयन और रकबा
खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 में सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिले में 86 उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं, जिसमें जिले के 89 हजार 442 किसानों ने धान बिक्री के लिए पंजीयन किया है। पंजीकृत किसानों के धान का रकबा 92 हजार 742.23 हेक्टेयर है।उल्लेखनीय है कि खरीफ वर्ष 2023-24 में 86406 पंजीकृत किसान थे, जिनका धान का रकबा 94334.38 हेक्टेयर था।
मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत हुई राजनैतिक दलों की बैठक
सारंगढ़ बिलाईगढ़। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से आयोजित राजनैतिक दलों की बैठक उप जिला निर्वाचन अधिकारी अनिकेत साहू की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस बैठक में जानकारी दी गई कि पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत एकीकृत मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन 29 अक्टूबर 2024 को किया गया जिस पर दावा आपत्ति 28 नवम्बर 2024 तक प्रत्येक मतदान केन्द्र में नियुक्त बीएलओ,अभिहित अधिकारी के द्वारा दावा आपत्ति (फार्म 6, 7, 8) प्राप्त की जायेगी। अवकाश दिवस (शनिवार-रविवार) 09 एंव 10 तथा 16 व 17 नवम्बर 2024 को विशेष शिविर होगी।
प्राप्त दावा आपत्तियों का निराकरण निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ), सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ) के द्वारा 24 दिसम्बर 2024 तक किया जायेगा एवं मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 06 जनवरी 2025 को किया जायेगा। प्रत्येक मतदान केन्द्र में बीएलए (बूथ लेबल एजेंट) नियुक्त किया जाकर सूची उपलब्ध कराए जाएंगे। बूथ लेबल एजेंट द्वारा एक बार में एक दिन में अधिकतम 10 फार्म एवं सम्पूर्ण पुनरीक्षण अवधि में अधिकतम 30 फार्म आवेदन जमा कर सकते हैं। इससे अधिक फार्म जमा करने की स्थिति में ईआरओ, एईआरओ के समक्ष सत्यापन , घोषणा पत्र के माध्यम से जमा कर सकते हैं। इस पुनरीक्षण कार्यक्रम में चार अर्हता तिथि 01.01.2025, 01.04.2025, 01.07.2025 एवं 01.10.2025 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले नागरिकों के आवेदन पत्र फार्म 06 स्वीकार किये जायेंगे, किन्तु 01.04.2025, 01.07.2025 एंव 1.10.2025 के लिए प्राप्त आवेदन पर कार्यवाही तदसमय की जाएगी।
पुनरीक्षण के दौरान प्राप्त दावा आपत्ति की सूची तैयार कर मतदान केन्द्र के नोटिस बोर्ड पर चस्पा कर सीईओ की वेबसाईट सीईओ छत्तीसगढ़ डॉट एनआईसी डॉट इन https://ceochhattisgarh.nic.in पर उपलब्ध रहेगी तथा साप्ताहिक दावा आपत्ति की सूची ईआरओ के द्वारा राजनीतिक दल के प्रतिनिधियों को साझा की जाएगी, इससे संबधित दावा आपत्ति ईआरओ के समक्ष की जा सकती है।मतदाता फोटो परिचय पत्र (इपिक) निर्माण का कार्य प्रिंटोग्राफी सिस्टम्स प्रायवेट लिमिटेड मुम्बई महाराष्ट्र के द्वारा किया जा रहा है। कम्पनी द्वारा कार्ड तैयार कर प्रदाय किया जाता है, जिसका वितरण पोस्ट आफिस के माध्यम से किया जाता है। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने फार्म-6, विलोपन हेतु 'फार्म-7 एंव संशोधन, स्थानांतरण डूप्लीकेट ईपिक कार्ड प्राप्त करने एंव दिव्यांग मतदाता चिन्हित करने के लिये फार्म-8 में वोटर हेल्पलाइन ऐप या वोटर्स डॉट एसीआई डॉट जीओवी डॉट इन के माध्यम से ऑनलाईन आवेदन कर सकते हैं। मतदाता सूची एवं ईपिक कार्ड से संबधित किसी प्रकार की जानकारी अथवा शिकायत के लिए स्थापित टोल फ्री नंबर-1950 में संपर्क कर किया जा सकता है। इस अवसर पर राजनीतिक दल के प्रतिनिधि, जिला निर्वाचन कार्यालय के पर्यवेक्षक हरिकिशन डनसेना, सहायक ग्रेड 3 अविनाश सिदार उपस्थित थे।
राज्योत्सव की तैयारियों के बीच बड़ा हादसा: करंट लगने से शिक्षक की मौत...
सारंगढ़। सारंगढ़ के खेलभाटा स्टेडियम में राज्योत्सव समारोह की तैयारियों के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया, जिसमें एक सरकारी शिक्षक की करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। यह दुखद घटना शिक्षा विभाग के स्टॉल में हुई, जहां शिक्षक भगत राम पटेल (52 वर्ष), जो भेड़वन में संकुल समन्वयक के पद पर कार्यरत थे, फ्लैक्स लगाने के दौरान बिजली के झटके से प्रभावित हो गए।
घटनाक्रम
राज्योत्सव की तैयारियों के लिए शिक्षा विभाग का स्टॉल स्थापित किया जा रहा था। भगत राम पटेल फ्लैक्स को ठीक करने के उद्देश्य से टेंट में पहुंचे, जहां अचानक टेंट के ढांचे में करंट प्रवाहित हो गया। इस दौरान वह करंट की चपेट में आ गए और उनकी स्थिति गंभीर हो गई। आनन-फानन में उन्हें स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रशासन पर सवाल
इस घटना के बाद समारोह स्थल पर हड़कंप मच गया और सवाल उठने लगे कि ऐसी लापरवाही कैसे हुई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह हादसा प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम है। माना जा रहा है कि विद्युत सुरक्षा के प्रावधानों का ध्यान नहीं रखा गया था, जिससे टेंट के ढांचे में करंट प्रवाहित हो गया।
राज्योत्सव तैयारी के दौरान शिक्षक की मौत पर कलेक्टर ने जताया शोक
सांस्कृतिक कार्यक्रम स्थगित
सारंगढ़-बिलाईगढ़। सारंगढ़ में राज्योत्सव की तैयारी के दौरान एक दुखद घटना घटी, जिसमें स्कूल शिक्षा विभाग के एक शिक्षक भगत पटेल की जान चली गई। जिला प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना 5 नवंबर को दोपहर करीब 12 बजे सारंगढ़ के खेलभांठा मैदान में हुई, जहां भगत पटेल फ्लेक्स लगाने का कार्य कर रहे थे। अचानक गिरने के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मौखिक रूप से मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद सारंगढ़ कलेक्टर धर्मेश साहू ने अस्पताल पहुंचकर शिक्षक भगतराम पटेल के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने इसे शिक्षा विभाग और पूरे जिले के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया। इस दुखद स्थिति को देखते हुए, राज्योत्सव कार्यक्रम के पूर्व निर्धारित सांस्कृतिक आयोजन को रद्द कर, शेष कार्यक्रम को सादगी के साथ आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।
छत्तीसगढ़ राज्योत्सव का यह आयोजन राज्य के सांस्कृतिक धरोहर और सामाजिक एकता के प्रतीक के रूप में देखा जाता है, लेकिन इस दुखद घटना के बाद पूरे माहौल में शोक की लहर दौड़ गई है।
जनपद पंचायत बिलाईगढ़ क्षेत्र 15 में तौलीडीह (ध) को जोड़ने की मांग
न जोड़ने पर चुनाव बहिष्कार की चेतावनी
सारंगढ़/बिलाईगढ़ । पंचायती राज चुनाव नजदीक आने के साथ ही प्रशासन तैयारियों में जुट गया है, वहीं जनपद पंचायत और जिला पंचायत की परिसीमन प्रक्रिया को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। जनपद पंचायत बिलाईगढ़ क्षेत्र 15 से जुड़े ग्राम तौलीडीह (ध) के जनप्रतिनिधियों और ग्रामवासियों ने इस क्षेत्र को परिसीमन में शामिल न किए जाने पर आपत्ति दर्ज की है। दावा आपत्ति का आज अंतिम दिन होने के कारण बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने जिला पंचायत पहुंचकर अपनी मांगें प्रस्तुत कीं।
ग्रामीणों का कहना है कि जनपद पंचायत क्षेत्र 15 में पहले से 7 पंचायतें थीं, जिनमें गदहाभाठा और तौलीडीह (ध) को वर्तमान परिसीमन में हटा दिया गया है और एक नया पंचायत चिकनीडीह जोड़ा गया है। ग्रामीणों का कहना है कि तौलीडीह (ध) को हटाकर चिकनीडीह को शामिल करने का निर्णय अनुचित है और इससे क्षेत्र के विकास में बाधा आएगी।
ग्रामवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों को अनसुना किया गया और तौलीडीह (ध) को जनपद पंचायत क्षेत्र 15 में पुनः नहीं जोड़ा गया, तो वे विरोधस्वरूप धरना-प्रदर्शन करेंगे और आगामी पंचायती राज चुनावों का बहिष्कार करेंगे।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि तौलीडीह (ध) को पूर्व की तरह जनपद पंचायत क्षेत्र 15 में बरकरार रखा जाए और नए जोड़ गए पंचायत चिकनीडीह का नाम परिसीमन से हटाया जाए।
पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए 30 अक्टूबर तक ऑनलाईन आवेदन
सारंगढ़-बिलाईगढ़। आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग द्वारा संचालित पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों एवं उच्च शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों से 30 अक्टूबर 2024 तक ऑनलाईन आवेदन पत्र आमंत्रित किया गया है। छात्रवृत्ति हेतु पात्र विद्यार्थी वेबसाईट पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप डॉट सीजी डॉट एनआईसी डॉट इन http://postmatric-scholarship.cg.nic.in पर ऑनलाईन आवेदन प्रस्तुत कर सकते है। इस संबंध में विस्तृत जानकारी संबंधित संस्था, जिला कार्यालय सहायक आयुक्त आदिवासी विकास से प्राप्त की जा सकती है।
दानसरा के आंगनबाड़ी सहायिका भर्ती के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 28 अक्टूबर
सारंगढ़ बिलाईगढ़। महिला एवं बाल विकास विभाग के सारंगढ़ परियोजना अंतर्गत ग्राम दानसरा के आंगनबाड़ी केन्द्र 1 के लिए आंगनबाड़ी सहायिका पद की भर्ती हेतु 28 अक्टूबर 2024 तक कार्यालयीन समय में परियोजना अधिकारी कार्यालय, एकीकृत बाल विकास परियोजना, गायत्री मंदिर के पीछे सारंगढ़ के पता में आवेदन पत्र आमंत्रित किया है। आंगनबाड़ी सहायिका पद के लिए योग्यता आठवी उत्तीर्ण निर्धारित है। इसी प्रकार आवेदिका को संबंधित गांव का निवासी होना चाहिए। गांव के मतदाता सूची में नाम दर्ज हो, निवास प्रमाण पत्र में गांव के निवासी के लिए सरपंच और सचिव दोनों का हस्ताक्षर होना चाहिए या पटवारी का हस्ताक्षर होना चाहिए। आवेदिका की उम्र 18 से 44 वर्ष तक होनी चाहिए। सभी दस्तावेज 8वी की अंकसूची, वोटर आईडी, निवास प्रमाण पत्र, आधार कार्ड आदि के फोटोकॉपी में स्वयं के हस्ताक्षर कर स्वप्रमाणित होना चाहिए।
आईटीआई सरिया में आज कौशल पखवाड़ा शिविर
सारंगढ़ बिलाईगढ़। रोजगार उन्मुखी प्रशिक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शासकीय आईटीआई सरिया में 28 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक कौशल पखवाड़ा शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर में युवाओं से काउंसिलिंग कर उपलब्ध विभिन्न कोर्स के प्रशिक्षण के लिए आवेदन पत्र लिए जायेंगे। जिले में संचालित कौशल विकास योजना तथा प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना, मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, नल जल मित्र कार्यक्रम, आजीविका विकास कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। कौशल प्रशिक्षण हेतु निर्धारित वार्षिक लक्ष्य की पूर्ति, प्रशिक्षण कार्यक्रमों में प्रगति लाने तथा ग्रामीण स्तर के युवाओं तक कौशल प्रशिक्षण की पहुंच बनाने के उद्देश्य से जिले में कौशल पखवाड़ा शिविर का आयोजन किया जाना निर्धारित है।
समिति में धान बिक्री के लिए पंजीयन की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर
सारंगढ़ बिलाईगढ़। आगामी माह में धान खरीदी के मद्देनज़र छत्तीसगढ़ शासन ने किसानों से धान खरीदी की सुगमता के लिए खरीफ 2024-25 में नया पंजीयन, फसल, रकबा संशोधन एवं कैरी फारवर्ड हेतु 31 अक्टूबर 2024 तक पंजीयन किया जाएगा। जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के सभी किसान अपने क्षेत्र के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी, समिति प्रबंधक से संपर्क कर नया पंजीयन, फसल, रकबा संशोधन एवं कैरी फारवर्ड शीघ्र पूर्ण करवा सकते हैं एवं वारिसान पंजीयन हेतु तहसील कार्यालय में आवेदन जमा कर सकते हैं ताकि धान विक्रय करने वाले किसान कृषक उन्नति योजना का लाभ प्राप्त हो।
राशनकार्ड नवीनीकरण की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर
सारंगढ़-बिलाईगढ़। अब तक शेष बचे हितग्राहियों के लाभ के लिए राशन कार्ड नवीनीकरण कराने के लिए 31 अक्टूबर 2024 तक का अवसर है। वन नेशन वन कार्ड अंतर्गत शासकीय उचित मूल्य दुकान में राशन कार्ड नवीनीकरण के लिए हितग्राही परिवार के सभी सदस्यों के आधारकार्ड और अंगूठे का ईकेवाईसी करना अनिवार्य है। इसमें परिवार के सदस्य छत्तीसगढ़ के अलग अलग स्थानों में निवास कर रहे हैं तो वे सदस्य अपने नजदीकी शासकीय उचित मूल्य दुकान में अपना ईकेवाईसी और राशन कार्ड नवीनीकरण कार्य पूरा कर सकते हैं। उल्लेखनीय है कि राशन कार्ड का चालू हालत में होना बहुत जरुरी कार्य है। इस कार्ड की आवश्यकता राशन के अलावा केंद्र और राज्य सरकार की सभी योजनाओं के लाभ के लिए एक प्रमुख दस्तावेज है। इन योजनाओं में राशन, आवास, इलाज, छात्रवृत्ति, शिक्षा, लोन आदि शामिल हैं। प्रत्येक परिवार का राशन कार्ड नवीनीकरण कराना नितांत आवश्यक कार्य है।