छत्तीसगढ़ / सारंगढ़-बिलाईगढ़
खर्री छोटे और खम्हारडीह में धरती आबा शिविर
सारंगढ़ बिलाईगढ़ । कर्मयोगी अभियान जनभागीदारी सबसे दूर सबसे पहले अभियान और पीएम जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान में धरती आबा का शिविर सारंगढ़ ब्लॉक के ग्राम खर्री छोटे और खम्हारडीह में 23 मई को सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजन किया जाएगा, जिसमें कृषि एवं अन्य विभागों के फील्ड अधिकारी कर्मचारी, पटवारी, सरपंच, पंचायत सचिव, मितानिन, आँगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका शामिल होंगे। इस दौरान सभी फील्ड अधिकारी कर्मचारी अपने विभाग की जानकारी एवं सेवाएं देंगे।
खनिज पदार्थो के अवैध खनन परिवहन करते हाईवा और पोकलेन मशीन जप्त
सारंगढ़ बिलाईगढ़ । खनिज पदार्थो के अवैध गतिविधियों पर रोकथाम के लिए कलेक्टर के निर्देश पर खनिज विभाग द्वारा तहसील सारंगढ़ एवं सरिया के ग्राम टिमरलगा एवं कटंगपाली क्षेत्र का निरीक्षण किया गया। खनि अधिकारी के मार्गदर्शन में खनिज अमला ने बुधवार को टिमरलगा में हाईवा क्रमांक CG-13-ए क्यू -4622 एवं गुरुवार को ग्राम कटंगपाली में खनिज डोलोमाईट का अवैध उत्खनन करते हुए पोकलेन 210 पर जप्ती की कार्यवाही की है। इन वाहनों को क्रमशः थाना सारंगढ़ एवं सरपंच प्रतिनिधि कटंगपाली (दयाराम मिरी) के सुपूर्दगी में दिया गया। इस कार्यवाही छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 एवं खान एवं खनिज विकास अधिनियम 1957 की धारा 21 के तहत की गई।
सुशासन शिविर मंच में अधिकारी दे रहें योजनाओं की जानकारी और स्टॉल से लाभ
मंच से लखपति दीदीयों ने साझा की अपनी सफलता की कहानी
कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग को जिले में कुपोषण से मुक्त करने के लिए प्रभावी कार्य करने के निर्देश दिए*
सारंगढ़ बिलाईगढ़ । सारंगढ़ ब्लॉक के ग्राम उच्चभिठी के हाईस्कूल परिसर में सुशासन तिहार शिविर का आयोजन सुबह 11 बजे से अपरान्ह 3 तक किया गया। शिविर में ग्राम कोसीर, भांठागांव, बटाउपाली अ, मुड़वाभांठा, पाट, सिलियारी, रींवापार, कुम्हारी, लेन्ध्रा, गाताडीह, चांटीपाली, मुड़पार बड़े, सिरोली, खम्हारडीह, साल्हे, बोरिदा, उच्चभिठी, कलमी, परसकोल के ग्रामीणों ने प्रशासन को 829 आवेदन मांग के और 4 शिकायत के प्रस्तुत किए। शिविर में कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू, विधायक उत्तरी जांगड़े, पूर्व विधायक केराबाई मनहर, कामदा जोल्हे के आतिथ्य में शिविर सम्पन्न हुआ। पशुधन, स्वास्थ्य, कृषि, राजस्व और समाज कल्याण विभाग से त्वरित लाभ दिया गया। अतिथियों ने हितग्राहियों को मछली जाल, प्रशस्ति पत्र, बी 1, किसान पुस्तिका, पीएम आवास चाबी, शौचालय स्वीकृति, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, छड़ी, कान की मशीन, 5 स्व सहायता समूह को 6 लाख के चेक आदि वितरित किया। विभिन्न विभाग के अधिकारियो ने योजनाओं की जानकारी दीं और स्टाल में योजना का लाभ लेने आये पात्र हितग्राहियों को लाभ दिए। इसी प्रकार बिहान स्व सहायता समूह की लखपति दीदीयों ने अपने सफलता की कहानी मंच से साझा की।
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने कहा कि, शिविर के सफल आयोजन के लिए सभी की सहभागिता आवश्यक है। राज्य शासन के मंशा अनुरूप जिले के सभी गांव तक जिला प्रशासन के सभी अधिकारी शिविर के माध्यम से पहुंच रहें हैं। मांग और शिकायत के प्राप्त आवेदनों का निराकरण जिला और राज्य स्तर पर की जा रही है। कलेक्टर ने जिले को कुपोषण से मुक्त करने के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका सहित महिला एवं बाल विकास विभाग के सभी अधिकारियो को निर्देश दीं कि वे कुपोषण मुक्त करने के क्षेत्र में प्रभावी कार्य करें। उन्होंने कहा कि सभी नागरिक विभिन्न स्टॉल में जाकर विभागीय योजनाओं की जानकारी लें और पात्र होने पर योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन प्रस्तुत करें।
विधायक उत्तरी जांगड़े ने कहा कि छोटे छोटे काम के लिए जिला और जनपद पंचायत जाना पड़ता था, अब वह काम शिविर में होगा, ग्राम स्तर पर होगा। पूर्व विधायक केराबाई मनहर ने कहा कि राज्य शासन पीएम आवास, घर घर जल, आयुष्मान कार्ड आदि बुनियादी सुविधा का लाभ दे रही है। कामदा जोल्हे ने कहा कि कृषि विभाग का रासायनिक खाद की पर्याप्त व्यवस्था करें ताकि किसानों को कोई तकलीफ नहीं होनी चाहिए। जिले में महानदी से पेयजल आपूर्ति के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है।
पूर्व विधायक कामदा जोल्हे ने की मांग
पूर्व विधायक कामदा जोल्हे ने कहा कि कोसीर में कॉलेज खोलने के लिए बजट में आ गया है, कालेज खोलने का कार्य, कन्या हायर सेकेण्डरी स्कूल,बाल उद्यान, उप स्वास्थ्य केंद्र का सेटअप और एम्बुलेंस उपलब्ध कराएं। इस क्षेत्र में पीएम ग्राम सड़क योजना और मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना से खुरबेना बरदुला, बरदुला जसपुर, खुरबेना गोपालभौना, उच्चभीठी से कोसीर मार्ग का निर्माण किया जाए। साथ ही केडार जलाशय से नहर द्वारा पानी लेंधरा छोटे और बरदुला के किसानों को लाभ मिले इसलिए लीलहर नाला उदवहन करने की मांग रखी।
कलेक्टर ने कहा- आवश्यकता अनुसार ही पेट्रोल-डीजल की खरीदी करें
कलेक्टर के सख्त निर्देश, कालाबाजारी करने वालों को बक्शा नहीं जाएगा
सारंगढ़ बिलाईगढ़ । कलेक्टर पदमिनी भोई साहू ने जिले के नागरिकों और आम उपभोक्ताओं से अपील किया है कि, वे किसी भ्रम अथवा अफवाह से प्रभावित होकर घबराए नहीं और ज्यादा मात्रा में पेट्रोल डीजल की खरीदी अथवा इसका संग्रहण करना प्रारंभ नही करें, केवल आवश्यकता के अनुसार ही पेट्रोल/डीजल वाहनों में रखे। ऑयल कम्पनियों के सेल्स ऑफिसर एवं खाद्य विभाग के अधिकारियों से पेट्रोल/डीजल उपलब्धता एवं आपूर्ति की हेतु लगातार व्यवस्था बनाने में जिला प्रशासन कार्यरत है। आवश्यकता, मांग अनुसार पेट्रोल/डीजल की आपूर्ति लगातार की जा रही है। मांग सामान्य होने तक जिले के सभी पेट्रोल पम्पों को 24 घण्टे आपूर्ति के निर्देश दिये है।
कलेक्टर पदमिनी भोई साहू ने कहा कि, सभी व्यक्ति देशकाल की परिस्थिति अनुसार ईंधन का उपयोग करें। कोई भी धन कमाने के लालच में पेट्रोल डीजल का ज्यादा मात्रा का स्टॉक कर अधिक रेट में न बेचें, जिले में सभी व्यक्तियों को पेट्रोल/डीजल की आपूर्ति हो इसका ध्यान रखें। कालाबाजारी नहीं करें, यदि कालाबाजारी करते हुए पकडे जायेंगे तो उनको बक्शा नहीं जाएगा। ऑयल कम्पनियों एवं खाद्य विभाग के अधिकारियों कर्मचारियों द्वारा जिले के पेट्रोल/डीजल पम्पों में आकस्मिक निरीक्षण एवं निगरानी की जा रही है।
कलेक्टर ने पेट्रोल पंप संचालकों के साथ की बैठक
आम उपभोक्ता, किसान, ट्रांसपोर्टर को तय सीमा में पेट्रोल-डीजल देने के निर्देश
सारंगढ़ बिलाईगढ़ । कलेक्टर पदमिनी भोई साहू ने पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति के संबंध में जिले के सभी पेट्रोल पंप संचालकों के साथ की बैठक ली। उन्होंने अतिआवश्यक सेवाओं वाले सभी प्रकार के एम्बुलेंस, हॉस्पिटल डीजी सेट, फायर ब्रिगेड और शासकीय वाहन को पेट्रोल-डीजल देने के निर्देश दिए। साथ ही जिले के सभी अधिकारियों कर्मचारियों को शासकीय वाहन का मितव्ययिता के साथ उपयोग करने के निर्देश दिए। साथ ही किसान, आम उपभोक्ता, ट्रांसपोर्टर आदि के वाहनों के लिए तय सीमा में पेट्रोल-डीजल देने कलेक्टर ने पंप मालिकों को निर्देश दिए। जिला प्रशासन द्वारा सभी डीजल पम्प में आवश्यक निगरानी हेतु दैनिक विक्रय रिकॉर्ड एवं अन्य गतिविधि की जानकारी हेतु समस्त ओएमसी कंपनी/खाद्य विभाग को पम्पों द्वारा तत्काल सीसीटीवी का एक्सेस उपलब्ध कराया जाएगा। रिफ्यूलर टैंकर से आपूर्ति पूर्णता बंद रखेंगे। यह निर्देश पेट्रोल पम्प को दिए गए, ताकि पेट्रोल/डीजल की उपलब्धता बनी रहे।
कलेक्टर ने पंप संचालकों को कहा कि अफवाहों पर ध्यान नहीं देते हुए रोजाना खपत के अनुसार पेट्रोल-डीजल का वितरण करें। पुराने चिन्हित सभी ग्राहकों के तय सीमा से अधिक का पेट्रोल-डीजल खरीदी की मांग करने पर उन्हें जिला प्रशासन द्वारा तय सीमा में ही पेट्रोल-डीजल उपलब्ध कराएं। साथ ही अवैध भंडारण और कालाबाजारी नहीं करने के लिए आम उपभोक्ताओं को समझाए। जिला प्रशासन द्वारा वाहनों के प्रकार एवं क्षमता अनुसार पेट्रोल-डीजल बिक्री के लिए मात्रा निर्धारित किया गया है, उसके अनुसार ट्रेलर को 100 लीटर, 18 चक्का वाहन को 80 लीटर, 12 से 16 चक्का वाहन को 60 लीटर, 06 चक्का वाहन को 40 लीटर, एसयूवी/कार को 20 लीटर और कृषि कार्य के लिये ट्रेक्टर, हार्वेस्टर को 50 लीटर उपलब्ध कराया जाएगा।
सुशासन तिहार में प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा ने सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिले के कार्यों का किया समीक्षा
राहत एवं आपदा मंत्री ने जल संरक्षण और पौधारोपण को बढ़ावा देने के कदम उठाने के निर्देश दिए
सारंगढ़ बिलाईगढ़ । राजस्व, राहत एवं आपदा और जिले के प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा ने सुशासन तिहार में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष सारंगढ़ में जिले के विकास कार्यों का समीक्षा बैठक लिया। सभी विभागों के अधिकारियों ने विभागवार अपने विभाग की योजनाओं का लक्ष्य, उपलब्धि और लक्ष्य के अनुरूप कार्य नहीं कर पाने के कारण की जानकारी दीं। बैठक में कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय पाण्डेय सहित जिले के अधिकारीगण उपस्थित थे।
बैठक में जिस योजनाओं और गतिविधियों पर समीक्षा हुआ उनमें एग्रीस्टेक में सभी किसानों का पंजीयन, जिले में पेट्रोल डीजल, खाद, बीज की उपलब्धता और भंडारण, पीएम आवास, पेयजल, जिला खनिज न्यास मद के 613 परियोजना में 203 कार्य पूर्ण, पीएम उज्जवला गैस, पीएम सूर्य घर, महतारी वंदन योजना के लाभार्थियों का ईकेवायसी, टीबी मुक्त पंचायत, बच्चों का टीकाकरण, पीएम किसान सम्मान निधि, जिले के अस्पतालो में स्वास्थ्य सुविधा आदि शामिल थे।
प्रभारी मंत्री ने बैठक में अधिकारियो को एग्रीस्टेक में किसान पंजीयन और महतारी वंदन योजना के लाभार्थियों का ईकेवायसी कार्य को समय के पूर्व पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी के कार्यपालन अभियंता रमाशंकर कश्यप से पूछा कि, जिले में ऐसे कितने गांव है, जहाँ पानी की समस्या है और समस्या को दूर करने क्या उपाय किये गए। अधिकारी ने कहा कि, जिले के 360 गांव में पानी की उपलब्धता है, जिले में 6 गांव है जहां भू जल स्तर कम होने के कारण वहां बोर खनन करने पर पानी नहीं मिला, वहां वैकल्पिक व्यवस्था में जितने चालू बोरिंग है वहां से और सारंगढ़ शहर में पानी नगरपालिका के टैंकर से उपलब्ध कराया जा रहा है। मंत्री ने कानून व्यवस्था, गांजा अफीम, अवैध शराब बिक्री, भंडारण, तस्करी पर रोकथाम की कार्यवाही की जानकारी ली।
राजस्व मंत्री ने कहा कि गर्मी में वाटर लेवल कम हो जाता है। पेयजल समस्या को दूर करने का एक ही उपाय है और वह है जल संरक्षण। जल संरक्षण और पौधारोपण को बढ़ावा देने के कदम उठायें। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशा है कि प्रत्येक गरीब परिवार में समृद्धि आये। कोई भी नागरिक छोटे छोटे काम के लिए परेशान न हो।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि गांव-गांव, जन-जन तक सरकार की योजनाओं को ले जाने में, हितग्राहियों को लाभ देने में सभी विभाग के अधिकारी कर्मचारियों का योगदान होता है। सरकार की मंशा है कि सभी पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ मिलें। सुशासन तिहार में विभाग के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहें, मौके पर आवेदनों का निराकरण करें।
सुशासन तिहार में हितग्राहियों को राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने सामग्री, प्रमाण पत्र, चेक और ट्रेक्टर चाबी भेंट किया
सारंगढ़ बिलाईगढ़ । सुशासन तिहार के अंतर्गत जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन शुक्रवार को सरसीवा तहसील के ग्राम पंचायत झुमका में किया गया। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के राजस्व और उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा शामिल हुए। उन्होंने सभी स्टालो में जाकर ग्रामीणों के आवेदन प्राप्ति और निराकरण को जाना। शिविर में 2310 आवेदन प्राप्त हुए, जिसमें 272 आवेदन का निराकरण मौके पर किया गया।
कार्यक्रम में कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू जिला पंचायत अध्यक्ष संजय पांडेय, सदस्य शिवकुमारी साहू, दिनेश जांगडे, भगवंती पटेल, बिलाईगढ़ विधायक कविता लहरे, सत्ताधारी दल के जिला अध्यक्ष ज्योतिलाल पटेल, सुभाष जालान और ग्राम पंचायत झुमका के सरपंच धनंजय साहू शामिल हुए। जिला प्रशासन सभी अधिकारी एवं कर्मचारी शिविर में मौजूद रहे।
शिविर को संबोधित करते हुए मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार जनता के हित में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र हितग्राहियों का नाम किसी भी स्थिति में नहीं छूटेगा, यह राज्य सरकार की प्राथमिकता और वादा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का समय- सीमा के भीतर निराकरण किया जाना अनिवार्य है। शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए प्रशासन पूरी गंभीरता से कार्य करे। शिविर में ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। कई मामलों का मौके पर ही निराकरण भी किया गया।
शिविर में ग्रामीणों की भागीदारी बड़ी संख्या में देखने को मिली, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने हेतु पंजीयन कराया।इस दौरान अतिथियों ने नन्हें बच्चों को अन्न प्राशन कराया और गर्भवती महिलाओ को उपहार दिए। स्वास्थ्य और आयुर्वेद विभाग द्वारा स्वास्थ्य जांच किया गया। साथ ही आयुष्मान कार्ड, निक्षय मित्र को फूड बॉक्स, मत्स्य विभाग द्वारा मछली जाल, दिव्यांग प्रमाण पत्र, पेंशन, प्रधानमंत्री आवास का पूर्णता और स्वीकृति प्रमाण पत्र, स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जाति प्रमाण पत्र, खाद्य विभाग द्वारा राशन कार्ड, राजस्व विभाग द्वारा किसान पुस्तिका और बी 1 प्रदान किया गया। वहीं एक हितग्राही को कृषि विभाग द्वारा 1 किसान को ट्रेक्टर खरीदी में 2.50 लाख का अनुदान और बोर खनन के लिए कई किसानों को 43 हजार का अनुदान का चेक दिया गया।
बिलाईगढ़ में संदिग्ध मांस बिक्री पर पुलिस की कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार
बिलाईगढ़ । सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के भटगांव थाना क्षेत्र में प्रतिबंधित मांस बिक्री के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से करीब 10 किलो 500 ग्राम संदिग्ध मांस बरामद किया गया है।
मामले की कार्रवाई बजरंग दल कार्यकर्ता राजा साहू की लिखित शिकायत के आधार पर की गई। शिकायत में बताया गया था कि भटगांव कॉलेज के पास स्थित कुछ घरों में गौमांस की बिक्री की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर दबिश दी और तीन अलग-अलग घरों से मांस जब्त किया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मिलाराम, रामरतन और अनिल के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मृत पशुओं का मांस काटकर अपने उपयोग के लिए लाते थे।
पुलिस ने तीनों के खिलाफ छत्तीसगढ़ पशु संरक्षण से संबंधित कानूनों के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही जब्त मांस के नमूने को जांच के लिए पशु चिकित्सा अधिकारी के पास भेजा गया है, ताकि उसकी पुष्टि हो सके।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
झुमरपाली-भटगांव में रामनामी बड़े भजन मेला स्थल का भूमिपूजन
बिलाईगढ़ । बिलाईगढ़ क्षेत्र के झुमरपाली-भटगांव में आगामी रामनामी, बड़े भजन मेला की तैयारी शुरू हो गई हैं। छत्तीसगढ़ रामनामी रामराम भजन संस्था के तत्वाधान में पुष्पवाटिका, खेल मैदान के बीच स्थित भूमि में विधिवत पूजा अर्चना कर नींव रखा गया। रामनामी समुदाय के गुरुमाता सेतबाई एवं उनके सहयोगियों ने नींव रखी ।
बतादें नंदेली जैजैपुर में रामराम भजन मेला आयोजित था उसी दौरान आगामी सत्र 2026-27 में होने वाले रामराम भजन मेला झुमरपाली-भटगांव में किया जाना प्रस्तावित है। जिसे विधिवत भजन कीर्तन और कलश शोभायात्रा के साथ हर्षोल्लास उत्साह और आनंद के साथ भूमिपूजन व शिलान्यास किया गया। कार्यक्रम में नगर के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष सहित क्षेत्र भर के जनप्रतिनिधि, श्रद्धालुगण शामिल हुए।
चंचल साहू ने 12वीं में 86.2% अंक लाकर बढ़ाया गांव का मान
सारंगढ़-बिलाईगढ़ । छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा जारी 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में ग्राम नगरदा की छात्रा चंचल साहू ने 86.2 प्रतिशत अंक हासिल कर गांव और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। चंचल, राजीव कुमार साहू की पुत्री हैं और डीपीएस उच्च माध्यमिक विद्यालय नगरदा की छात्रा हैं।
चंचल की इस सफलता पर गांव सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। जनसेवक अनिल गजेंद्र श्रीवास ने उनकी उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उन्होंने अन्य विद्यार्थियों से भी कहा कि परीक्षा परिणाम को लेकर तनाव न लें, बल्कि अपनी कमियों को समझकर मेहनत और लगन से आगे बढ़ें। उनका कहना था कि निरंतर प्रयास से सफलता जरूर मिलती है।
कलेक्टर के नेतृत्व में 10वी और 12वी बोर्ड परीक्षा के टॉप 09 और 11 में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले ने लगाई ऊंची छलांग
स्टेट लेवल के टॉप 10 में दो छात्रों की एंट्री
सारंगढ़-बिलाईगढ़ । छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल के वर्ष 2025-26 के परीक्षा परिणाम में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। जिले ने हाई स्कूल (10वीं) परीक्षा में राज्य स्तर पर 11वां स्थान तथा हायर सेकेंडरी (12वीं) में 9वां स्थान हासिल कर एक नई उपलब्धि अपने नाम की है। कलेक्टर ने बोर्ड परीक्षा परिणाम में अच्छा सुधार आने पर जिले के पूरे शिक्षा विभाग की टीम, प्राचार्यों और बच्चों को बधाई दी।
इस गौरवशाली सफलता के साथ जिले के मेधावी विद्यार्थियों ने भी राज्य की टॉप सूची में जगह बनाकर जिले का नाम रोशन किया है। राज्य स्तर में हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूल परीक्षा परिणाम में टाॅप 10 में 10वां स्थान प्राप्त करने वाले छात्र हेमंत पटेल द्वारा कक्षा दसवीं में 97.50 प्रतिशत हासिल करने पर और छात्र शिवम दुबे को कक्षा बारहवीं में राज्य के टाॅप 10 में 9वां स्थान प्राप्त और 96.60 प्रतिशत हासिल किया है। छात्रों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया और टॉप रैंक हासिल कर जिले को गौरवान्वित किया। यह सफलता केवल अंकों की उपलब्धि नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की अथक मेहनत, शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन और अभिभावकों के निरंतर सहयोग का सशक्त परिणाम है। पूरे जिले में इस उपलब्धि को लेकर उत्साह और गर्व का माहौल है।
कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे एवं जिला शिक्षा अधिकारी जे. आर. डहरिया ने सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी। उन्होंने शिक्षकों और अभिभावकों की सराहना करते हुए इसे सामूहिक प्रयास की जीत बताया। सारंगढ़-बिलाईगढ़ का यह उत्कृष्ट प्रदर्शन न केवल जिले बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है, जो यह दर्शाता है कि यहां के छात्र- छात्राएं निरंतर परिश्रम और दृढ़ संकल्प के बल पर सफलता के नए आयाम स्थापित कर रहे हैं।
इसी प्रकार मोना माॅडर्न स्कूल बरमकेला के छात्र हेमंत पटेल के टाॅपर बनने पर स्कूल संचालक अमितेश केशरवानी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए हेमंत पटेल को बधाई प्रदान किया है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय छात्र की मेहनत और शिक्षकों तथा माता पिता के मार्गदर्शन को देते हुए हेमंत पटेल के उज्जवल भविष्य की कामना की है। इसी प्रकार शासकीय बालक हायर सेकेंडरी विद्यालय सरिया के छात्र शिवम दुबे के टाॅपर बनने पर प्राचार्य तिर्की ने टाॅपर छात्रों, उनके शिक्षक, माता पिता को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
परिवारिक पृष्ठभूमि :
सारंगढ़–बिलाईगढ़ जिले के शासकीय बालक हायर सेकेंडरी विद्यालय सरिया के छात्र शिवम दुबे के परिवार में मां, बड़े और जुड़वा भाई हैं। जुड़वाँ भाई ने भी 93 प्रतिशत बारहवीं में प्राप्त किया है। प्राप्त जानकारी अनुसार विगत वर्षों में उनके पिता गुजर गए हैं। वहीं बरमकेला ब्लॉक के स्कूल मोना माडर्न स्कूल बरमकेला के कक्षा 10वीं के छात्र हेमंत पटेल, बरमकेला ब्लॉक के आमापाली गांव का निवासी है। उनके माता पिता कृषक है। अपनी शानदार मेहनत और दृढ़ निश्चय के बदौलत हेमंत को यह उपलब्धि हासिल हुआ है।
कलेक्टर ने असफल विद्यार्थियों को निराश नहीं होने की दी नसीहत :
कलेक्टर डाॅ संजय कन्नौजे ने जिले के इन दोनों होनहार छात्रों सहित जिले के सभी छात्र छात्राओं को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन पर बधाई और शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। असफल विद्यार्थियों को कलेक्टर ने कहा कि किसी कारण वश यदि इस वर्ष फेल हो गये तो निराश नहीं होना चाहिए। परीक्षा हर साल आता है, लेकिन कम अंक आने या फेल होने पर जिंदगी खोने का कोई कदम नहीं उठाए। जिंदगी अनमोल है साथ ही माता पिता के लिए बेटे बेटियां अनमोल है डिग्रियां नहीं।
शासकीय भूमि में बेजा कब्ज़ा को हटाने के निर्देश
कलेक्टर ने ली समय सीमा की बैठक
सारंगढ़ बिलाईगढ़ । कलेक्टर डॉ संजय कन्नौजे की अध्यक्षता में समय सीमा की बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर ने मुख्यमंत्री जनदर्शन, कलेक्टर जनदर्शन एवं अन्य माध्यम से प्राप्त आवेदनों को समय सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने भीषण गर्मी को देखते हुए जिले के सभी गांव और शहरों के चौक चौराहों में पियाऊ द्वारा पानी की उपलब्धता और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी तथा नगरीय निकाय को गांव और शहर में पेयजल व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार जल संगवारी में सोख्ता गड्ढा की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए।
बैठक में डॉ कन्नौजे ने सुशासन तिहार की तैयारी करने के निर्देश दिए और बिना अनुमति के अवकाश पर प्रतिबंध लगाया है। उन्होंने सभी अधिकारियो को आगामी कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। वहीं जिले के सभी अधिकारियों कर्मचारियों को स्वगणना से जनगणना कार्य को पूर्ण करने के निर्देश दिए। अनुकंपा नियुक्ति के मामलों को शीघ्र नियंत्रण करने के निर्देश दिए। सभी महिला हितग्राहियों को महतारी वंदन का ईकेवायसी शीघ्र कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने जिले के शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा को तत्काल हटाने और आबादी जगहों में संचालित ईट भट्टी पर कार्यवाही के निर्देश दिए।
कलेक्टर डॉ संजय कन्नौजे ने कृषि, राजस्व और सहकारिता विभाग को निर्देशित किया कि वे शेष किसानों का एग्रीस्टेक में पंजीयन करवाएं। उन्होंने रात्रिकालीन जन चौपाल में मिले सभी आवेदनों को जल्द से जल्द निराकरण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिए। प्रधानमंत्री आवास योजना मे पेंडिग हुए कार्य को जल्द से जल्द पूरा करने और पीएम आवास की पहली किस्त मिल चुकी उन हितग्राहियों को काम जल्द से शुरू कराने का निर्देश दिए।
पोषण पखवाड़ा समापन कार्यक्रम में नागरिकों को मिला लाभ
सारंगढ़ बिलाईगढ़ । आंगनबाड़ी केंद्र कोतरी में पोषण पखवाड़ा 2026 का समापन कार्यक्रम विगत दिवस किया गया। इस अवसर पर ईसीसीई कार्यक्रम, पालक सम्मेलन, गोद भराई, अन्नप्राशन, न्योता भोज एवं आधार पंजीयन कैम्प का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे, शिक्षा शर्मा डिप्टी कलेक्टर, किशन टंडन क्रांति (जिला कार्यक्रम अधिकारी) एवं उत्तम प्रसाद (जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी) शामिल हुए।
समापन कार्यक्रम के दौरान बच्चों के समग्र विकास हेतु ईसीसीई गतिविधियों का प्रदर्शन किया गया तथा अभिभावकों को पोषण, स्वास्थ्य एवं बाल विकास से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। पालक सम्मेलन में उपस्थित अभिभावकों को संतुलित आहार एवं बच्चों की उचित देखभाल के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही गोद भराई कार्यक्रम के माध्यम से गर्भवती माताओं को पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी मार्गदर्शन दिया गया तथा अन्नप्राशन कार्यक्रम के अंतर्गत शिशुओं को पूरक पोषण आहार प्रारंभ करने के महत्व के बारे में बताया गया। न्योता भोज के माध्यम से सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा दिया गया। इसके अतिरिक्त कार्यक्रम स्थल पर आधार पंजीयन कैम्प का आयोजन कर हितग्राहियों के आधार पंजीयन/अपडेट की सुविधा उपलब्ध कराई गई, जिससे आमजन को सीधा लाभ मिला।
डीएम ने किया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण, मरीजों से ली सुविधाओं की जानकारी
बिलाईगढ़ । जिले के डीएम डॉ. संजय कन्नौजे ने नगर पंचायत भटगांव में स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों की सुविधा में कमी सहित प्रसूति वार्ड और दवाओं की आवश्यकता की जानकारी ली साथ ही साथ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की विस्तार को भी लेकर जायजा लिया।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर, नर्स सहित स्टॉप की कमी और स्टॉफ क्वाटर की आवश्यकता पर उन्होंने मीडिया को बताया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की विस्तार को लेकर, डीएमएफ फंड से 25 लाख की स्वीकृति दी है। जल्द ही टेंडर के बाद कार्य शुरू किए जायेंगे।
उन्होंने कहाकि स्टॉफ ,नर्स की कमी नवीन जिला होने के कारण हो रही है, एनएचएम भर्ती की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जल्द ही नर्स की समस्या भी समाप्त हो जायेगा । उन्होंने ए भी बताया कि भटगांव प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में हर माह लगभग 15 से 16 प्रसूति महिलाओं की जचकी की जा रही है। लिहाजा आगे स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यकतानुसार सुविधा मुहैया कराया जायेगा।
निरीक्षण के दौरान डीएम के साथ जिला स्वास्थ्य अधिकारी सहित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के तमाम अधिकारी कर्मचारी मौके पर मौजूद था।
प्रयास विद्यालय के 9वीं में प्रवेश के लिए जमा ऑनलाइन आवेदन में त्रुटि सुधार 21 तक
9वीं से 12वीं पढ़ाई के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग भी फ्री
सारंगढ़ बिलाईगढ़। मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजना अंतर्गत संचालित प्रयास आवासीय विद्यालयों में सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 9वीं प्रवेश हेतु सभी वर्ग के विद्यार्थी द्वारा ऑनलाइन आवेदन 17 अप्रैल तक आमंत्रित किया गया था। विद्यार्थी द्वारा आवेदन करने में यदि कोई त्रुटि हुई है तो 21 अप्रैल तक कार्यालय सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग सारंगढ़ कोसीर रोड कालेज के पास कार्यालयीन समय में उपस्थित होकर त्रुटि सुधार किया जा सकता है। 21 अप्रैल के बाद त्रुटि सुधार के लिए मौका नहीं मिलेगा और आवेदन निरस्त पर समस्त जिम्मेदारी संबंधित विद्यार्थी की होगी।
प्रयास आवासीय विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को कक्षा 9वीं से 12वीं तक उत्कृष्ट स्कूली शिक्षा के साथ-साथ मेडिकल, इंजीनियरिंग, सीए, सीएस, सीएमए, क्लैट तथा एनडीए जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की विशेष तैयारी कराई जाती है। यह प्रवेश परीक्षा 10 मई 2026 को निर्धारित है। इच्छुक विद्यार्थी विभागीय वेबसाइट https://eklavya.cg.nic.in/PRSMS/Student-Admission-Detail के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
उत्कर्ष योजना में इम्पैनलमेंट हेतु आवासीय विद्यालयों से 23 तक प्रस्ताव
सारंगढ़ बिलाईगढ़ । वर्ष 2026-27 के लिए मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति एवं जनजाति विद्यार्थी उत्कर्ष योजना के क्रियान्वयन हेतु छत्तीसगढ़ राज्य में स्थित उत्कृष्ट आवासीय शिक्षण संस्थानों के इम्पैनलमेंट हेतु निर्धारित प्रपत्र में जिले में स्थित आवासीय विद्यालय अपना प्रस्ताव सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग कोसीर रोड सारंगढ़ में पंजीकृत डाक से या व्यक्तिगत रूप से 23 अप्रैल तक जमा कर सकते हैं।
योजना अंतर्गत छत्तीसगढ़ राज्य में स्थित सीबीएसई या आईसीएसई बोर्ड से मान्यता प्राप्त निजी प्रतिष्ठित आवासीय शालाओं (शाला एवं छात्रावास आदि एक ही परिसर में स्थित हो) में से विद्यालयों का चयन किया जाना है। विभाग द्वारा चयनित एवं इम्पैनल्ड विद्यालयों में कक्षा 6वीं में प्रवेश हेतु अनुसूचित जनजाति वर्ग के 130 एवं अनुसूचित जाति वर्ग के 70 विद्यार्थियों को कुल मिलाकर अधिकतम 200 विद्यार्थियों को प्रवेश दिलाया जायेगा। संस्थाओं के चयन हेतु तय किये गये मापदण्ड आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग के विभागीय बेवसाईट ट्राइबल डॉट सीजी डॉट जीओवी डॉट इन www.tribal.cg.gov.in पर उपलब्ध है, जहाँ से डाउनलोड कर अवलोकन किया जा सकता है। ऐसी इच्छुक संस्थाएं जो योजना नियम के प्रावधानों के अनुसार पात्रता रखती है, उनसे प्रस्ताव आंमत्रित है।
प्रदेश के अनुसूचित जनजाति तथा अनुसूचित जाति वर्ग के ग्रामीण प्रतिभावान छात्र, छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने, नई सोच के साथ बेहतर कैरियर चयन का अवसर प्रदान करने प्रतिस्पर्धी बनाने तथा बहुमुखी व्यक्त्वि विकास के लिए अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से संचालित जवाहर उत्कर्ष योजना (यथा संशोधित 2021) संचालित है।
वेतन के बदले रिश्वत मांगने वाला खंड शिक्षा अधिकारी गिरफ्तार
सारंगढ़-बिलाईगढ़ । छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) बिलासपुर की टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। बरमकेला क्षेत्र में खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) नरेंद्र जांगड़े को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। इस मामले में सहयोगी की भूमिका निभाने वाले संकुल समन्वयक संजय चौहान को भी गिरफ्तार किया गया है।
वेतन जारी करने के बदले मांगी गई थी रिश्वत
जानकारी के अनुसार, पूर्व माध्यमिक शाला झीकीपाली के शिक्षक निरंजन बरिहा और उनके सहयोगी मुकेश सोना का मार्च माह का वेतन केवल आधे घंटे की देरी के कारण रोक दिया गया था। नोटिस का जवाब देने के बावजूद वेतन जारी नहीं किया गया। आरोप है कि वेतन रिलीज करने के बदले दोनों शिक्षकों से 5-5 हजार रुपये, यानी कुल 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई।
शिकायत के बाद बिछाया गया जाल
शिक्षकों ने रिश्वत देने के बजाय एसीबी बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई। डीएसपी अजीतेश सिंह के नेतृत्व में टीम ने शिकायत का सत्यापन किया, जिसमें आरोप सही पाए गए। जांच में यह भी सामने आया कि संकुल समन्वयक संजय चौहान इस लेन-देन में मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा था।
रंगे हाथ पकड़ाया अधिकारी
17 अप्रैल को योजनाबद्ध तरीके से शिक्षक को रिश्वत की रकम देने भेजा गया। जैसे ही खंड शिक्षा अधिकारी ने पैसे लेकर अपने टेबल के दराज में रखे, पहले से तैनात एसीबी टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। टीम ने रिश्वत की पूरी राशि भी बरामद कर ली।
कानूनी कार्रवाई शुरू
दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 और 12 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। एसीबी ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई अधिकारी रिश्वत मांगता है, तो इसकी तुरंत शिकायत करें।
बरमकेला क्षेत्र में यह एसीबी की पहली बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। लंबे समय से संबंधित अधिकारी के खिलाफ शिकायतें मिल रही थीं, जिससे शिक्षक समुदाय में भारी नाराजगी थी। शिक्षक संघ के अध्यक्ष देवम प्रकाश पटेल सहित अन्य शिक्षकों ने इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए इसे भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी और जरूरी पहल बताया है।