छत्तीसगढ़ / दंतेवाड़ा
पंजीयन से वंचित ना हो कोई भी किसान : कलेक्टर दुदावत
दंतेवाड़ा। प्रदेश के मुख्यमंत्री के मंशानुसार खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में जिले के पंजीकृत किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की जानी है। इसी संबंध में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें राजस्व, खाद्य, सहकारिता एवं कृषि विभाग के अधिकारी, जिला विपणन अधिकारी, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के नोडल अधिकारी, समस्त लेम्प्स प्रबंधक, खरीदी केंद्र प्रभारी तथा डेटा एंट्री ऑपरेटर की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में कलेक्टर दुदावत ने समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कई आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले के सभी पात्र किसानों का एग्री-स्टैक पोर्टल में पंजीयन आगामी तीन दिवस के भीतर हर हाल में पूर्ण किया जाए। जिन किसानों का पंजीयन अब तक नहीं हुआ है, उनका नाम सूचीबद्ध कर तत्काल पंजीयन कराया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि मृत किसानों के वारिसों का पंजीयन संबंधित तहसीलदारों की देखरेख में शीघ्रता से किया जाए ताकि कोई भी पात्र किसान योजना के लाभ से वंचित न रहे।
कलेक्टर दुदावत ने स्पष्ट रूप से कहा कि जिले का कोई भी किसान पंजीयन से वंचित नहीं रहना चाहिए। इस दिशा में ग्राम पंचायत सचिव, पटवारी, कृषि विस्तार अधिकारी एवं लेम्प्स प्रबंधकों को गांव-गांव जाकर किसानों को जागरूक करने तथा पंजीयन कार्य में सक्रिय सहयोग देने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य जिले के सभी पात्र किसानों का शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करना है ताकि प्रत्येक किसान को समर्थन मूल्य का लाभ समय पर प्राप्त हो सके।
उन्होंने आगे कहा कि खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए पी.डी.एस. बारदानों का संग्रहण कार्य एक सप्ताह के भीतर पूर्ण कर उसकी ऑनलाइन प्रविष्टि की जाए। साथ ही जिले के सभी राइस मिलर्स के पास उपलब्ध पुराने बारदानों का सत्यापन दो दिवस के भीतर कर लिया जाए, ताकि खरीदी प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
कलेक्टर दुदावत ने सभी 15 धान खरीदी केंद्रों के नोडल अधिकारियों तथा सभी अनुविभागीय अधिकारियों (राजस्व) को निर्देश दिए कि वे आगामी 15 नवम्बर 2025 से प्रारंभ हो रही समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की तैयारी का स्थल निरीक्षण करें तथा निर्धारित चेकलिस्ट के अनुसार तीन दिवस के भीतर प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि प्रत्येक केंद्र में तोलक मशीन, बारदाना, बिजली की व्यवस्था, किसानों के बैठने की सुविधा, पेयजल की उपलब्धता तथा सीसीटीवी निगरानी जैसी सभी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं। कलेक्टर ने बताया कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की संपूर्ण तैयारी की पुनः समीक्षा 2 नवम्बर 2025 को की जाएगी, जिसमें सभी संबंधित अधिकारियों को अपनी अद्यतन स्थिति रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी।
बैठक के अंत में कलेक्टर श्री दुदावत ने कहा कि धान खरीदी केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं बल्कि किसान सम्मान का प्रतीक है। इसलिए इसे पूर्ण पारदर्शिता, तत्परता और संवेदनशीलता के साथ संचालित किया जाना चाहिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि खरीदी केंद्रों में आने वाले किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और शासन की मंशानुसार प्रत्येक पात्र किसान को समर्थन मूल्य का लाभ सुनिश्चित रूप से प्राप्त हो। बैठक में अपर कलेक्टर श्री राजेश पात्रे सहित विभाग के विभागीय अधिकारीगण उपस्थित थे।
विकसित बस्तर की परिकल्पना को साकार करने हेतु कृषि एवं आनुशांगिक सेक्टरों की अहम भूमिका- कृषि उत्पादन आयुक्त शहला निगार
बीज उत्पादन के लिए महिला कृषकों को जोड़ने पर बल
धान के रकबा में कमी लाने सहित मिलेट्स फसलों और दलहन-तिलहन की खेती को बढ़ावा देने के निर्देश
कृषि उत्पादन आयुक्त ने संभाग स्तरीय खरीफ समीक्षा सहित रबी 2025 तैयारी की समीक्षा कर कार्ययोजना के प्रभावी क्रियान्वयन करने दिए निर्देश
दंतेवाड़ा, 30 अक्टूबर 2025
विकसित बस्तर की परिकल्पना को साकार करने के लिए कृषि क्षेत्र सहित आनुशांगिक सेक्टरों की अहम भूमिका है। यह बस्तर के समग्र विकास की धुरी है। इसे मद्देनजर रखते हुए मक्का एवं मिलेट्स फसलों, दलहन-तिलहन फसल क्षेत्र विस्तार, मसाला फसलों के रकबा विस्तार के लक्ष्य को हासिल करने पर ध्यान केंद्रीत करें। साथ ही बस्तर में जैविक खेती की अपार संभावनाओं को देखते हुए जैविक खेती को ज्यादा प्रोत्साहित करने सहित यहां की अनुकूल वातावरण के मद्देनजर कॉफी एवं ऑयल पाम की खेती को बढ़ावा दिया जाए। वहीं पशुपालन और मत्स्यपालन एवं झींगापालन के लिए व्यापक स्तर पर पहल किया जाए। उक्त निर्देश कृषि उत्पादन आयुक्त शहला निगार ने दंतेवाड़ा में आयोजित संभाग स्तरीय खरीफ समीक्षा सहित रबी 2025 की तैयारी की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को दिए। उन्होंने रबी 2024 की तुलना में रबी 2025 के कार्ययोजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित कर क्षेत्राच्छादन में वृद्धि करने पर बल देते हुए नियमित तौर पर समीक्षा किए जाने के निर्देश कलेक्टर्स तथा अन्य अधिकारियों को दिए।
कृषि उत्पादन आयुक्त शहला निगार ने बस्तर के किसानों की बीज की मांग को स्थानीय स्तर पर पूर्ति करने के लिए लक्ष्य निर्धारित कर बीज उत्पादन कार्यक्रम से अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति वर्ग के कृषकों सहित महिला कृषकों को प्रोत्साहित करने पर बल देते हुए कहा कि इन वर्गों के किसानों को बीज प्रमाणीकरण पंजीयन शुल्क से छूट प्राप्त है, इसलिए बीज उत्पादन कार्यक्रम से उक्त वर्ग के किसानों को ज्यादा से ज्यादा जोड़ने पहल करें। इन्हें बीज एवं अन्य आदान सामग्री की उपलब्धता सहित प्रशिक्षण से लाभान्वित किया जाए। दंतेवाड़ा जैविक जिला होने के कारण स्थानीय स्तर पर ही बीज उत्पादन कर जिले में ही उपयोग किया जाए। उन्होंने रबी फसल सीजन में भी धान के रकबा में कमी लाने के लिए निर्धारित लक्ष्य को हासिल करने हेतु कार्ययोजना के अनुसार कोदो-कुटकी एवं रागी मिलेट्स सहित दलहन-तिलहन फसलों की खेती को बढ़ावा देने कहा। इस दिशा में मक्का की खेती को विशेष तौर पर प्रोत्साहित किए जाने के निर्देश दिए।
जैविक खेती को प्रोत्साहन देने पर बल
कृषि उत्पादन आयुक्त ने बस्तर में जैविक खेती की अपार संभावनाओं को रेखांकित करते हुए कहा कि यहां की भूमि की उर्वरता और वातावरण जैविक खेती के लिए काफी अनुकूल है। इसलिए अधिकाधिक किसानों को जैविक खेती करने के लिए प्रोत्साहित करें और उन्हें हरसंभव मदद सुलभ कराया जाए। उन्होंने नेशनल मिशन आन नेचुरल फार्मिंग के लिए भी बस्तर को उपयुक्त निरूपित करते हुए इस दिशा में तैयार कार्ययोजना का कारगर कार्यान्वयन किए जाने के निर्देश दिए। साथ ही कलस्टर के आधार पर सम्पूर्ण चयनित क्षेत्र के मृदा परीक्षण करने सहित मृदा स्वास्थ्य कार्ड प्रदाय किए जाने कहा। कृषि उत्पादन आयुक्त ने पांच वर्ष के भीतर की विभिन्न किस्मों के रकबा विस्तार के लिए भी प्राथमिकता के साथ क्रियान्वयन सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए।
बस्तर बनेगा पाम ऑयल हब
कृषि उत्पादन आयुक्त ने नेशनल मिशन आन एडिबले ऑयल की कार्ययोजना को व्यापक स्तर पर क्रियान्वयन करने पर बल देते हुए कहा कि बस्तर के उच्चहन भूमि तथा अनुकूल जलवायु ऑयल पाम की खेती के लिए काफी मुनासिब है। किसान ऑयल पाम की खेती के साथ इंटर क्रॉपिंग भी कर सकते हैं। साथ ही साग-सब्जी की खेती को भी प्रोत्साहित किया जा सकता है। अतएव भविष्य में खाद्य तेल की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए बस्तर में ऑयल पाम की खेती को प्रोत्साहन दिया जाए। इस दिशा में कलस्टर बनाकर किसानों का चयन करने सहित उन्हें हरेक सहायता सुलभ कराया जाए। उन्होंने कहा कि बस्तर में ऑयल पाम के पर्याप्त उत्पादन के पश्चात पाम ऑयल तैयार करने के लिए प्रसंस्करण केन्द्र की स्थापना भी प्रस्तावित है।
दलहन की खेती को बढ़ावा देने पर बल
कृषि उत्पादन आयुक्त ने रबी सीजन में दलहन की खेती को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए कहा कि पीएम आशा योजनांतर्गत उड़द, अरहर एवं मसूर का उपार्जन समर्थन मूल्य पर किया जा रहा है। इसे मद्देनजर रखते हुए पीएम आशा योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर इन दलहन फसलों की खेती एवं भरपूर उत्पादन के लिए किसानों को प्रोत्साहित करें। उन्होंने किसानों को इन दलहनों के साथ ही चना, मूंग का बीज और अन्य आदान सहायता प्रदान किए जाने के निर्देश दिए। साथ ही सरसों एवं सूरजमुखी जैसे तिलहन फसलों के रकबा विस्तार को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। कृषि उत्पादन आयुक्त ने दंतेवाड़ा जिले में प्रधानमंत्री धन-धान्य योजना क्रियान्वयन हेतु कार्ययोजना की तैयारी की जानकारी ली और अन्य जिलों को भी उक्त योजना के मार्गदर्शिका के अनुसार कार्यान्वयन कर खेती-किसानी के माध्यम से आर्थिक विकास में नए आयाम स्थापित करने पर बल दिया।
कृषि उत्पादन आयुक्त ने रबी 2025 के कार्ययोजना के अनुसार किसानों की मांग के अनुरूप बीज-खाद और फसल ऋण की उपलब्धता सुनिश्चित करने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बीज-खाद का लक्ष्य के अनुरूप भंडारण एवं वितरण किया जाए। खाद-बीज के गुण नियंत्रण के लिए नियमित तौर पर निरीक्षण करने सहित जांच एवं कार्यवाही अनिवार्य रूप से किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को खाद-बीज और फसल ऋण सुलभता की नियमित तौर पर समीक्षा करने सहित किसान क्रेडिट कार्ड में अद्यतन प्रगति लाए जाने के निर्देश दिए। रबी सीजन हेतु किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड प्रदाय करने के लिए हरेक ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी को 20 से 25 का लक्ष्य आबंटित किये जाने कहा। साथ ही पशुपालन, कुक्कुटपालन, सूकरपालन, बकरापालन सहित मत्स्यपालन और उद्यानिकी फसलों की खेती इत्यादि आनुषांगिक सेक्टरों के लिए भी किसान क्रेडिट कार्ड प्रदाय पर ध्यान केंद्रित करने के निर्देश दिए। बैठक में बस्तर संभाग के अंतर्गत किसानों को लघु सिंचाई साधन की उपलब्धता हेतु प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, किसान समृद्धि योजना, एग्रीस्टेक अन्तर्गत समय सीमा में पंजीयन की कार्ययोजना, सौर सुजला योजना के क्रियान्वयन तथा सिंचाई पम्पों के विद्युतीकरण की भी समीक्षा की गई।
इस दौरान कमिश्नर बस्तर श्री डोमन सिंह ने बस्तर संभाग में कृषि विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देकर कृषि एवं आनुशांगिक सेक्टरों में संचालित विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं से हरेक पात्र व्यक्ति को सेचुरेशन करने पर बल देते हुए इस दिशा में सभी अधिकारियों को बेहतर प्रदर्शन करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष तौर पर नियद नेल्लानार योजना क्षेत्रों में योजनाओं के कारगर कार्यान्वयन हेतु फोकस करने कहा। बैठक में कांकेर, बस्तर, कोण्डागांव, दंतेवाड़ा, सुकमा, बीजापुर एवं नारायणपुर के कलेक्टर ने अपने जिले में कृषि तथा संबंधित विभागों के योजनाओं के क्रियान्वयन प्रगति, रबी फसल कार्यक्रम कार्ययोजना के क्रियान्वयन तैयारी सहित नवाचारों के बारे में विस्तारपूर्वक अवगत कराया।
बैठक में संचालक कृषि श्री राहुल देव, संचालक पशुपालन श्री चन्द्रकांत वर्मा, प्रबन्ध संचालक छत्तीसगढ़ बीज विकास निगम श्री अजय अग्रवाल, संचालक मत्स्यपालन श्री नारायण सिंह नाग सहित सभी जिले के सीईओ जिला पंचायत और कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्यपालन, जल संसाधन, सहकारिता विभागों के अधिकारियों सहित विद्युत वितरण कम्पनी, क्रेडा, मार्कफेड, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के अधिकारी और इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय तथा उद्यानिकी महाविद्यालय के वैज्ञानिक उपस्थित थे।
बस्तर ओलंपिक 2025 के संबंध में मुख्य सचिव द्वारा बस्तर संभागायुक्त सहित सभी कलेक्टरों की ली गई वर्चुअल बैठक
बस्तर ओलंपिक के सुव्यवस्थित आयोजन एवं खिलाड़ियों हेतु बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
दंतेवाड़ा, 30 अक्टूबर 2025
प्रदेश के मुख्य सचिव श्री विकासशील द्वारा गुरुवार को बस्तर ओलंपिक 2025 के परिप्रेक्ष्य में बस्तर संभाग आयुक्त श्री डोमन सिंह सहित बस्तर सुकमा, दंतेवाड़ा, बीजापुर, नारायणपुर, कोंडागांव एवं कांकेर के जिला कलेक्टरों को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये विस्तृत दिशा निर्देश दिए गए। इस बैठक के एजेंडे में शासन द्वारा निर्धारित समय सारणी अनुसार विकासखण्ड जिला एवं संभाग स्तरीय खेल आयोजन, विभिन्न विभागों को सौंपे गए दायित्व, राज्य शासन द्वारा मार्गदर्षिका अनुसार खेल आयोजन हेतु शासन द्वारा प्राप्त निधियों सहित अन्य मसलें शामिल थे। बैठक में मुख्य सचिव ने कहा कि निर्धारित समय सारणी अनुसार तीनों स्तरों के खेल का प्रारंभ सुनिश्चित किया जाना चाहिए। इसके अलावा सभी स्तरों के खेल आयोजनों में समुचित व्यवस्था एवं खिलाडि़यों हेतु बेहतर सुविधाओं को प्राथमिकता दिया जाना चाहिए। बैठक में कमिश्नर बस्तर ने अंतिम पंजीयन स्थिति की जानकारी देते हुए कहा कि सभी सात जिलों से कुल प्राप्त पंजीयन की संख्या 3 लाख 91 हजार 2 सौ 57 है जो कि एक रिकॉर्ड है उन्होंने बताया कि बस्तर ओलंपिक के प्रारंभिक विकासखण्ड स्तरीय खेल प्रारंभ हो चुके हैं। इसके अलावा जिला एवं संभाग स्तरीय खेल भी निर्धारित समयानुसार प्रारंभ होंगे इसके लिए संभाग के सभी जिलों में पूरी तैयारियां की जा चुकी है।
सनद रहे कि बस्तर क्षेत्र के युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने सहित उनके रचनात्मक एवं खेल प्रतिभा को निखारने उन्हें अधिक से अधिक अवसर प्रदान करने बस्तर ओलंपिक 2025 का आयोजन किया जा रहा है। बस्तर ओलंपिक की शुरुआत वर्ष 2024 से की गई है। गृह और खेल एवं युवा कल्याण विभाग के तत्वाधान में वर्ष 2025 हेतु पंजीयन का शुभारंभ 22 सितंबर 2025 से किया गया है। इसके अन्तर्गत एथलेटिक्स तीरंदाजी, बैडमिंटन, फुटबॉल, हॉकी (केवल जिला स्तर), रस्साकसी (कंवल महिला सीनियर वर्ग), वेटलिफ्टिंग (जिला स्तर पर), कराटे, कबड्डी, खो-खो, व्हालीबॉल खेल शामिल किए गए हैं। प्रतियोगिता हेतु आयु वर्ग जूनियर वर्ग (14-17 वर्ष), सीनियर वर्ग (आयु वर्ग नहीं) निर्धारित है। आयोजन के स्तर विकासखंड, जिला एवं संभाग में होगा। इसके लिए तिथियों का निर्धारण पंजीयन हेतु 22 सितंबर 2025 में 20 अक्टूबर 2025 के मध्य किया गया। साथ ही बस्तर ओलंपिक का आयोजन के तहत विकासखण्ड स्तरीय 25 अक्टूबर 2025 से 05 नवंबर 2005 के मध्य होगें, जबकि जिला स्तरीय खेल 05 नवंबर 2025 से 15 नवंबर 2025 के बीच तथा संभाग स्तरीय बस्तर ओलंपिक का आयोजन 24 नवंबर 2025 से 30 नवंबर 20025 के मध्य आयोजित किया जायेगा।
हॉस्टल में छात्र ने किया सुसाइड
दंतेवाड़ा । दंतेवाड़ा के जवाहर नवोदय विद्यालय बारसूर में कक्षा ६ के छात्र सुनील पोडियाम ने फाँसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुनील मूल रूप से कटेकल्याण ब्लॉक के गाटम गाँव के रहने वाले थे। वह हाल ही में दिवाली की छुट्टियों के बाद विद्यालय लौटे थे।
तड़के छात्र ने हॉस्टल परिसर में फाँसी लगाकर अपनी जान दे दी। घटना की जानकारी मिलते ही विद्यालय प्रबंधन ने तुरंत बारसूर पुलिस को सूचित किया। पुलिस मौके पर पहुँचकर मामले की जांच में जुट गई है। फिलहाल आत्महत्या के कारण का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है।
आवास पखवाड़ा कार्यक्रम के अंतर्गत हितग्राहियों को शीघ्र आवास बनाने के लिए किया गया प्रोत्साहित
मुख्य सचिव द्वारा 7 जिलों में चिन्हांकित व्यक्तिगत हितग्राही मूलक सर्वे के संबंध में ली गई वर्चुअल बैठक
राष्ट्रीय अनुप्रयुक्त आर्थिक अनुसंधान परिषद (एनसीएइआर) द्वारा सर्वे के अन्तर्गत दूरस्थ क्षेत्रों के हितग्राहियों को शिक्षा, स्वास्थ्य सहित अन्य शासकीय योजनाओं में शत प्रतिशत संतृप्तिकरण पर दिया गया जोर
दंतेवाड़ा, 17 अक्टूबर 2025
गृह मंत्रालय भारत सरकार के तत्वाधान में 7 जिलों में राष्ट्रीय अनुप्रयुक्त आर्थिक अनुसंधान परिषद (एनसीएइआर) द्वारा संपादित सर्वे के दौरान प्राप्त तथ्यों पर प्रदेश के मुख्य सचिव श्री विकास शील द्वारा वर्चुअल बैठक ली गई। इन 7 जिलों में बस्तर संभाग के बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा, बीजापुर, कांकेर,नारायणपुर, तथा मोहला- मानपुर-अंबागढ़ चौकी शामिल रहे। बैठक के दौरान राज्य और केंद्र शासन की व्यक्तिगत आधारित योजना तथा सामुदायिक योजनाओं के क्रियान्वयन, प्रगति पर विस्तृत दिशा निर्देश दिए गए।
इस दौरान मुख्य सचिव ने कहा कि केंद्र और राज्य शासन की मंशानुसार (एनसीएइआर) द्वारा संपादित सर्वे के दौरान प्राप्त तथ्यों को प्रमुखता में रखते हुए सभी जिले शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, सामाजिक सुरक्षा, कृषि ऊर्जा, कौशल विकास, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, राजस्व तथा अन्य मूलभूत सेवाओं का संबंधित हितग्राहियों का शत प्रतिशत संतृप्ति करना सुनिश्चित करें और इसके सुचारू क्रियान्वयन हेतु प्रभावी रणनीति बनाये। बैठक के दौरान उपरोक्त सभी जिलों के सर्वे सूचकांक आंकड़े भी प्रस्तुत किए गए। जिसके संबंध में मुख्य सचिव ने आगामी बैठक में पुनः समीक्षा करने की आवश्यकता जताई। वर्चुअल बैठक में अन्य जिलों के कलेक्टरों के साथ-साथ जिले के कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने भी दंतेवाड़ा जिले से संबंधित सर्वे सूचकांकों के संबंध में जानकारी दी।
किलकारी एवं मोबाइल एकेडमी कार्यक्रम” के तहत एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन
विगत दिवस मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के निर्देशानुसार एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक के मार्गदर्शन में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय, दंतेवाड़ा में “किलकारी एवं मोबाइल एकेडमी कार्यक्रम” के तहत एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का संचालन श्री पंकज बर्मन (प्रोग्राम ऑफिसर, बस्तर संभाग) द्वारा किया गया।
कार्यशाला के दौरान आगामी एक वर्ष के लिए जिला एक्शन प्लान तैयार किया गया। इस अवसर पर आरसीएच नोडल अधिकारी, जिला डाटा मैनेजर, डीपीएचएनओ, बीईटीओ, ब्लॉक डेटा मैनेजर, ब्लॉक मितानिन समन्वयक तथा परिवार नियोजन परामर्शदाता सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यशाला में डॉ प्रियंका सक्सेना जिला नोडल अधिकारी एवं मैटरनल हेल्थ के द्वारा शिशु मृत्यु दर एवं मातृ मृत्यु दर में कमी लाने हेतु आवश्यक रणनीतियों पर विस्तृत चर्चा की तथा कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।
एनएमडीसी किरंदुल परियोजना को मिला प्लेटिनम अवार्ड
दंतेवाड़ा। जिले में एनएमडीसी की वृहद एवं महत्वपूर्ण लौह अयस्क खान, किरंदुल कॉम्पलेक्स के रवीन्द्र नारायण अधिशासी निदेशक के निर्देश में किरंदुल परियोजना की खदानों,आवासीय कॉलोनियों,पार्कों में पर्यावरण संतुलन एवं वृहद वृक्षारोपण और पर्यावरण जागरूकता अभियान जैसे पर्यावरणीय क्षेत्रों कईं उल्लेखनीय कार्य किए गए हैं।
इसी परिप्रेक्ष्य में देहरादून (उत्तराखंड) में आयोजित फेम नेशनल अवार्ड-2025 समारोह में किरंदुल परियोजना को पर्यावरणीय क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों की उत्कृष्टता के लिए प्लेटिनम अवार्ड से सम्मानित किया गया। यह अवार्ड परियोजना की ओर से अवनीश शर्मा उप महाप्रबंधक (पर्यावरण) ने ग्रहण किया। प्राप्त अवार्ड को किरंदुल में परियोजना प्रमुख रवीन्द्र नारायण अधिशासी निदेशक को आज शनिवार को सौंपा गया।
इस अवसर पर केपी सिंह मुख्य महाप्रबंधक (उत्पादन),एस के कोचर महाप्रबंधक (खनन), डीआर वेंकटेश्वर्लू उप महाप्रबंधक उपस्थित थे। अवार्ड प्राप्त होने पर परियोजना प्रमुख रवीन्द्र नारायण ने खुशी जाहिर करते हुए सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को हार्दिक बधाई दी।
वन मंत्री केदार कश्यप ने कुम्हाररास डेम में ‘बंबू राफ्टिंग’ का किया शुभारंभ
दंतेवाड़ा । जिले के ग्राम कुम्हाररास डेम में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा ‘बंबू राफ्टिंग’ का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के वन मंत्री एवं दंतेवाड़ा जिले के प्रभारी मंत्री श्री केदार कश्यप ने बम्बू राफ्टिंग का उद्घाटन कर नौका विहार का आनंद लिया। कार्यक्रम में विधायक श्री चैतराम अटामी, जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुडामी, वन विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
उद्घाटन अवसर पर मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि ‘बंबू राफ्टिंग’ जैसी पहल ईको टूरिज्म आधारित आजीविका को बढ़ावा देने और पर्यावरण संरक्षण को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि बांस हमारे प्रदेश की समृद्ध जैव विविधता और हरित अर्थव्यवस्था का प्रतीक है। इसके माध्यम से ग्रामीणों और युवाओं को नए रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। कार्यक्रम के दौरान मंत्री कश्यप, विधायक अटामी और जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी ने नौका विहार का आनंद लिया तथा स्थानीय ग्रामीणों से संवाद भी किया। ‘बंबू राफ्टिंग’ के साथ ही क्षेत्र में बांस से बने उत्पादों के निर्माण, डिजाइनिंग और विपणन में स्थानीय युवाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे ग्रामीणों की आय में वृद्धि के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
जिले में नए प्रदूषण जांच केंद्र खोलने के लिए अब तक नहीं मिला कोई आवेदन
दंतेवाड़ा, 09 अक्टूबर 2025
कार्यालय जिला परिवहन अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार, केन्द्रीय मोटर यान नियम 1989 के तहत राज्य शासन द्वारा छत्तीसगढ़ मोटरयान प्रदूषण जांच केन्द्र योजना 2001 लागू की गई है। इसी क्रम में जिला परिवहन अधिकारी द्वारा पूर्व में डीजल एवं पेट्रोल से संचालित वाहनों के प्रदूषण जांच हेतु नवीन प्रदूषण जांच केंद्र खोलने के संबंध में प्रेस विज्ञप्ति जारी की गई थी। इसके अलावा जारी विज्ञप्ति के बाद भी आज दिनांक तक किसी भी व्यक्ति या संस्था द्वारा नवीन प्रदूषण जांच केन्द्र खोलने के लिए ऑनलाइन आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है।
परिवहन विभाग ने इच्छुक व्यक्तियों, उद्यमियों एवं संस्थाओं से अपील की है कि वे पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छ वायु की दिशा में योगदान हेतु शीघ्र आवेदन प्रस्तुत करें, ताकि जिले में वाहनों के प्रदूषण की प्रभावी जांच सुनिश्चित की जा सके।
लोहे के रिंग लगे ट्रैक्टरों के सड़क पर संचालन पर प्रतिबंध
दंतेवाड़ा, 09 अक्टूबर 2025
कार्यालय जिला परिवहन अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार सर्वसाधारण को सूचित किया जाता है कि ऐसे ट्रैक्टर जिनके टायरों में लोहे का रिंग लगा हो, उनका प्रयोग केवल खेती-किसानी के कार्यों में खेतों तक सीमित रखा जाना चाहिए। ऐसे रिंग लगे ट्रैक्टरों का ग्रामीण क्षेत्रों की सामान्य सड़कों या सीमेंट सड़कों पर आवागमन किए जाने से सड़कों को नुकसान पहुँच रहा है। यह कार्य मोटर वाहन अधिनियम के विरुद्ध है तथा इससे दुर्घटना की संभावना भी बढ़ जाती है। अतः ऐसे वाहनों को यदि सामान्य या सीमेंट सड़कों पर चलते पाया जाता है, तो उनके विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत चालानी कार्यवाही की जाएगी, जिसके लिए वाहन स्वामी स्वयं जिम्मेदार होंगे। जिला परिवहन अधिकारी, दंतेवाड़ा द्वारा समस्त वाहन स्वामियों को यह सूचना दी जाती है कि वे अपने रिंग लगे ट्रैक्टरों का प्रयोग केवल खेतों में करें और उन्हें सामान्य सड़कों पर न चलाएँ।
जिला पंचायत दंतेवाड़ा द्वारा अनुपयोगी सामग्रियों की नीलामी हेतु निविदा आमंत्रित
दंतेवाड़ा, 09 अक्टूबर 2025
कार्यालय मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत दंतेवाड़ा द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, कार्यालय में रखी गई अनुपयोगी सामग्रियों की बिक्री “जहाँ है जैसा है” के आधार पर एकमुश्त की जाएगी। इस संबंध में इच्छुक व्यक्ति या फर्म 14 अक्टूबर 2025 को कार्यालयीन समय में लेखा शाखा से मात्र सौ रुपये नगद जमा कर निविदा फार्म प्राप्त कर सकते हैं।
निविदा के साथ एक हजार रुपये की अमानत राशि जमा करने संबंधी रसीद की छायाप्रति संलग्न करना अनिवार्य होगा। प्राप्त निविदाएँ 16 अक्टूबर 2025 को अपरान्ह 3 बजे तक जमा की जा सकेगी तथा उसी दिन अपराह्न 4 बजे उनके लिफाफे खोले जाएंगे। विक्रय हेतु रखी गई सामग्रियों में टूटी-फूटी एवं अनुपयोगी चेयर, टेबल, पंखा, वॉटर फिल्टर, पंप, यूपीएस, एसी, प्रिंटर, प्लाई रैक आदि शामिल हैं। इन सामग्रियों का कुल सरकारी मूल्य 60,000 रुपये निर्धारित किया गया है। इच्छुक व्यक्ति या फर्म भंडार शाखा, जिला पंचायत दंतेवाड़ा से संपर्क कर सामग्री एवं निविदा शर्तों का अवलोकन कर सकते हैं।
तहसील स्तर के मास्टर ट्रेनर्स की बैठक संपन्न
दंतेवाड़ा, 09 अक्टूबर 2025
संयुक्त जिला कार्यालय के शंकनी सभाकक्ष में आज तहसील स्तर के मास्टर ट्रेनर्स की बैठक उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री मूलचंद चोपड़ा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा आयोजित कॉन्फ्रेंस के निर्देशों के अनुरूप विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2025 कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक के दौरान आगामी पुनरीक्षण कार्यों की समय-सीमा, क्षेत्रवार जिम्मेदारियों एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। यह निर्णय लिया गया कि राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बूथ लेवल एजेंटों को तहसील स्तर पर प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, ताकि वे पुनरीक्षण कार्य में सक्रिय सहयोग दे सकें। साथ ही, बूथ लेवल अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे एजेंटों के साथ समन्वय स्थापित कर घर-घर सर्वेक्षण करें, नये मतदाताओं का नाम जोड़ने, पात्रता प्राप्त मतदाताओं का नाम सुनिश्चित करने तथा मृत अथवा स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने की प्रक्रिया को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करें। उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री चोपड़ा ने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता ही निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता का आधार है, अतः प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी को अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन गंभीरता एवं निष्ठा से करना चाहिए। उन्होंने सभी मास्टर ट्रेनर्स को अपने-अपने क्षेत्र में प्रशिक्षण और पर्यवेक्षण कार्यों को गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ संपन्न करने के निर्देश दिए। बैठक में सभी तहसील स्तर के मास्टर ट्रेनर्स, निर्वाचन शाखा के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिले में 13 अक्टूबर से 18 अक्टूबर तक मनाया जाएगा विशेष टीकाकरण सप्ताह
दंतेवाड़ा, 09 अक्टूबर 2025
जिले में समस्त विकासखंड में 13 अक्टूबर से 18 अक्टूबर तक विशेष टीकाकरण सप्ताह का आयोजन किया जाएगा। जिसमें गांव-गांव में छूटे हुए बच्चों को सूची तैयार कर मितानिन के माध्यम से चिन्हांकित स्थान में टीकाकरण सत्र का आयोजन किया जाएगा। उक्त अभियान 0 से 5 साल के बच्चों को टीकाकृत किया जाएगा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अजय रामटेके एवं जिला टीकाकरण अधिकारी डॉक्टर शुभाशीष मंडल ने बताया की जिले में टीकाकरण से छूटे हुए बच्चों के लिए विशेष कार्य योजना के आधार पर यह सप्ताह मनाया जाएगा जिसमें प्रत्येक उप स्वास्थ्य केंद्र स्तर के अंतर्गत गांव-गांव एवं आंगनबाड़ी केंद्र तथा ऐसे क्षेत्र जहां पर बच्चे टीकाकरण से छूटे हैं उन्हें टीकाकरण सत्र बनाकर बच्चों को टीकाकृत किया जाएगा। इस अभियान के दौरान मितानिनों द्वारा पूर्व से ही संबंधित पालकों को टीकाकरण के लिए सूचना दी जाएगी। जिले के समस्त लोगों से अपील की जाती है कि इस सप्ताह के दौरान अपने 0 से 5 साल के बच्चों जिनका किसी कारणवश टीकाकरण छूट गया है उन्हें नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या आंगनबाड़ी केंद्र में जा कर अपने बच्चों का टीकाकरण अवश्य कराए। एवं इस अभियान को सफल बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारीता निभाए।
जिला चिकित्सालय दंतेवाड़ा में मनाया गया 26 वां विश्व दृष्टि दिवस “लव योर ऑयस' थीम पर आयोजित हुआ जन जागरूकता कार्यक्रम
दंतेवाड़ा, 09 अक्टूबर 2025
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय रामटेके के मार्गदर्शन में जिला चिकित्सालय दंतेवाड़ा में 26 वां विश्व दृष्टि दिवस बड़े ही उत्साह पूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर नेत्र स्वास्थ्य एवं दृष्टि संरक्षण के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने हेतु विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस वर्ष विश्व दृष्टि दिवस की थीम “लव योर ऑयस” (कार्यस्थल पर अपनी आँखों का ध्यान रखें) रखी गई, जिसके माध्यम से यह संदेश दिया गया कि कार्यस्थल पर भी आँखों की सुरक्षा उतनी ही आवश्यक है जितनी दैनिक जीवन में।
कार्यक्रम का शुभारंभ सिविल सर्जन-सह-अस्पताल अधीक्षक डॉ. अभय तोमर के मुख्य आतिथ्य में किया गया। इस अवसर पर नेत्र विशेषज्ञ डॉ. रमाकांत ने उपस्थित जनों को आँखों की देखभाल से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। उन्होंने नियमित अंतराल पर नेत्र परीक्षण कराने, संतुलित आहार लेने, कंप्यूटर या मोबाइल स्क्रीन से उचित दूरी बनाए रखने तथा धूल-मिट्टी या तेज धूप से बचाव के उपाय अपनाने पर बल दिया। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में मरीजों की निशुल्क नेत्र जांच की गई तथा जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाइयाँ एवं परामर्श भी प्रदान किया गया। इसके साथ ही अस्पताल में कार्यरत कर्मचारियों को भी दृष्टि सुरक्षा और नेत्र स्वास्थ्य के संबंध में जागरूक किया गया। इस अवसर पर जिला चिकित्सालय के चिकित्सक, नेत्र सहायक, नर्सिंग स्टाफ एवं विभागीय कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
चार पहिया वाहन ब्लैक स्कार्पियो पर स्टंट करने वाले युवती पर यातायात पुलिस दंतेवाड़ा और बारसूर पुलिस के द्वारा की गई संयुक्त कार्रवाई ।
चार पहिया वाहन ब्लैक स्कार्पियो पर स्टंट करने वाले युवती पर यातायात पुलिस दंतेवाड़ा और बारसूर पुलिस के द्वारा की गई संयुक्त कार्रवाई ।
जवानों ने बरामद कर नष्ट किया 5 किलो का प्रेशर कुकर बम
दंतेवाड़ा । जिले में नक्सलियों की एक बड़ी साजिश को सुरक्षा बलों ने नाकाम कर दिया है। जवानों ने सातधार-मालेवाही मार्ग पर प्लांट किया गया 5 किलो का प्रेशर कुकर बम बरामद कर मौके पर ही विस्फोट कर नष्ट कर दिया।
जानकारी के अनुसार, नक्सलियों ने इस मार्ग पर जवानों को निशाना बनाने के इरादे से IED बम लगाया था। CRPF की 195वीं बटालियन, बारसूर और मालेवाही थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन के दौरान इस बम को बरामद किया। बम डिस्पोजल स्क्वाड ने इसे सुरक्षित तरीके से डिफ्यूज कर दिया।
बताया जा रहा है कि प्रेशर कुकर में करीब 5 किलो विस्फोटक सामग्री भरी हुई थी। सौभाग्य से समय रहते इसे निष्क्रिय कर नष्ट कर दिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
गौरतलब है कि इसी इलाके में सितंबर महीने में नक्सलियों द्वारा लगाए गए IED विस्फोट में दो CRPF जवान घायल हुए थे। 11 सितंबर को हुए ब्लास्ट के बाद से सुरक्षा बल लगातार इलाके में सघन सर्च ऑपरेशन चला रहे थे। इसी दौरान मिली खुफिया सूचना के आधार पर जवानों ने यह कार्रवाई की।
सुरक्षा बलों ने आशंका जताई है कि नक्सली त्यौहारी सीजन में सुरक्षाबलों को निशाना बनाने की साजिश रच सकते हैं। इसलिए इलाके में सर्च ऑपरेशन और भी तेज कर दिया गया है।