छत्तीसगढ़ / दुर्ग

बीमाकर्मियों के संगठन का दो दिवसीय वार्षिक अधिवेशन आज से

 भिलाई । रायपुर डिवीजन इंश्योरेंस एम्पलाईज यूनियन का 53 वां वार्षिक अधिवेशन 15 व 16 फरवरी  को अग्रसेन भवन सेक्टर -6 भिलाई में आयोजित किया जा रहा है। अधिवेशन का आयोजन भिलाई शाखा क्र.2 द्वारा किया गया है। अधिवेशन स्थल का नामकरण देश के प्रख्यात वामपंथी नेता का.सीताराम येचुरी के नाम पर किया गया है। अधिवेशन हेतु गठित स्वागत समिति के अध्यक्ष भिलाई के प्रख्यात साहित्यकार रवि श्रीवास्तव है। प्रथम दिन 15 फरवरी को प्रात: 9 बजे विशाल रैली के साथ अधिवेशन का आरंभ होगा। महंगाई, बेरोजगारी, श्रम कानूनों में संशोधन, बीमा संशोधन अधिनियम तथा बीमा क्षेत्र में100 प्रतिशत एफ डी आई के विरोध में आयोजित इस रैली में बीमाकर्मियों के साथ भिलाई के विभिन्न श्रमिक संगठन भी शामिल होंग।

वहीं प्रात: 10 बजे खुला सत्र आयोजित होगा जिसे आल इंडिया इंश्योरेंस एम्पलाईज एसोसिएशन के महासचिव का. श्रीकांत मिश्र मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करेंगे इस दौरान अधिवेशन में सेंट्रल जोन इंश्योरेंस एम्पलाईज एसोसिएशन के अध्यक्ष का. अजीत केतकर, महासचिव का. धर्मराज महापात्र एवं बिलासपुर डिवीजन इंश्योरेंस एम्पलाईज एसोसिएशन के महासचिव का. राजेश शर्मा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।  दोपहर 2 बजे से प्रतिनिधि सत्र आरंभ होगा जो अगले दिन शाम तक जारी रहेगा। आर डी आई ई यू के महासचिव का. सुरेंद्र शर्मा ने जानकारी दी है कि केन्द्र सरकार द्वारा राष्ट्रीयकृत बीमा उद्योग पर जारी हमलों के खिलाफ  इस अवसर पर विशेष चर्चा होगी।

विशेषकर नये बीमा संशोधन विधेयक, शत प्रतिशत एफ डी आई एवं कंपोजिट लाईसेंस जैसे प्रस्तावों के खिलाफ आम जनता के मध्य जाकर प्रचार अभियान चलाने हेतु कार्यक्रम लिये जायेंगे। एलआईसी में तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी संवर्ग में तत्काल नई भर्ती आरंभ करने तथा ट्रेड यूनियन को अधिकृत मान्यता प्रदान किये जाने की माँग पर 20 फरवरी को एल आई सी में एक घंटे की बहिर्गमन हड़ताल को रायपुर मंडल में सफल बनाने पर भी चर्चा होगी। इसके साथ ही अंतर्राष्ट्रीय व राष्ट्रीय परिप्रेक्ष्य में जारी नव उदारवादी आर्थिक नीतियों के चलते मेहनतकशों के उपर जारी हमलों सहित देश ,दुनिया व प्रदेश से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर भी चर्चा होगी।

 

 

Leave Your Comment

Click to reload image