छत्तीसगढ़ / बालोद

शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 35.86 लाख की ठगी, राजहरा पुलिस ने साइबर टीम की मदद से राजस्थान से तीन आरोपी गिरफ्तार

 शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 35.86 लाख की ठगी, राजहरा पुलिस ने साइबर टीम की मदद से राजस्थान से तीन आरोपी गिरफ्तार


बालोद। जिले के थाना राजहरा क्षेत्र में एक बीएसपी इंजीनियर के साथ ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग के नाम पर हुई लाखों की ठगी का खुलासा करते हुए पुलिस ने साइबर टीम के साथ मिलकर कार्रवाई में सफलता हासिल की है। मामला ताजा होते ही पुलिस अधीक्षक बालोद के निर्देश पर गठित स्पेशल टीम ने तेजी दिखाते हुए आरोपियों को राजस्थान के झुंझुनू जिले से धर दबोचा है। यह कार्रवाई ऑनलाइन ठगी के मामलों पर पुलिस की सतर्कता और बेहतर तकनीकी विवेचना का परिणाम मानी जा रही है।

राजहरा थाना क्षेत्र के रहने वाले एक पीड़ित इंजीनियर ने 17 जुलाई 2025 को थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उसने अपनी रिपोर्ट में बताया था कि 28 मई से 30 जून 2025 के बीच उसे एक शेयर ट्रेडिंग ग्रुप से जोड़कर बड़े लाभ का लालच दिया गया था। इसी बहाने कथित आरोपियों ने अलग-अलग किस्तों में यूपीआई और आरटीजीएस के जरिये कुल 35,86,740 रुपये अपने बैंक खातों में ट्रांसफर करवा लिए और पीड़ित को धोखा दिया।

पीड़ित की शिकायत पर थाना राजहरा में अपराध क्रमांक 232/25, धारा 317(4), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज करते हुए विवेचना शुरू की गई। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बालोद ने विशेष टीम गठित कर साइबर सेल के सहयोग से विवेचना तेज की। बैंक खातों, शेयर ट्रेडिंग ऐप और तकनीकी जानकारी के आधार पर आरोपियों की लोकेशन राजस्थान के झुंझुनू जिले में पता चली। 

टीम ने झुंझुनू जाकर स्थानीय पुलिस की मदद से घेराबंदी कर तीन आरोपियों—रामनिवास मुंड (36), मनीष कुमार (26) और विवेक दतुसेलीया (26)—को उनके गांवों से गिरफ्तार किया। सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर बालोद लाया गया, जहां आगे की पूछताछ और कार्यवाही जारी है। 

यह कार्यवाही ऑनलाइन ठगी पीड़ितों को न्याय दिलाने और साइबर अपराधों पर नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इस तरह की सतर्क कार्यवाही से इलाके में पुलिस और साइबर टीम पर लोगों का भरोसा और मजबूत हुआ है।  

यह पूरी कार्यवाही पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रामगोपाल गर्ग के निर्देशन में, पुलिस अधीक्षक बालोद योगेश कुमार पटेल  के मार्गदर्शन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका  ठाकुर, उप पुलिस अधीक्षक बालोद देवांश सिंह राठौर व सीएसपी राजहरा डॉ. चित्रा वर्मा के पर्यवेक्षण में की गई जिसमें शेयर ट्रेडिंग के धोखाधड़ी के 03 आरोपियों को गिरफ्तार करने में थाना प्रभारी राजहरा से निरीक्षक रविशंकर पांडेय, साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक धरम भुआर्य, प्रधान आरक्षक रूम लाल चुरेंद्र, आरक्षक राहुल मनहरे, संदीप यादव, पुरन देवांगन, मिथिलेश यादव, भोप साहू, विपिन गुप्ता, योगेश पटेल, गुलझारी साहू, सुरेंद्र देशमुख का विशेष योगदान रहा।

Leave Your Comment

Click to reload image