“वनांचल छेत्र में आपात सेवा ठप — कुकदूर स्वास्थ्य केंद्र की 108 एंबुलेंस चार दिन से सड़क किनारे खड़ी, मरीजों की जिंदगी भगवान भरोसे”
कबीरधाम |
2025-10-29 17:15:31
विकाश शुक्ला
कवर्धा/पंडरिया--
पंडरिया वनांचल क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कुकदूर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की 108 आपातकालीन एंबुलेंस पिछले चार दिनों से खराब होकर पंडरिया - कवर्धा मुख्य मार्ग के दशरंगपुर गांव के पास रोड किनारे खड़ी हुई है जिसकी सुध लेने वाला कोई नहीं है, इससे दूरस्थ वनांचल एवम ग्रामीण इलाकों के मरीजों को आपात कालीन स्थिति में बहुत ही परेशानी झेलनी पड़ रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाहन क्रमांक सीजी 04 एमजेड 1853 विगत चार दिनों से मशीनरी खराबी के चलते सड़क किनारे निष्क्रिय है। इस वजह से वनांचल क्षेत्र के कई मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाने में कठिनाई हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि किसी गंभीर मरीज या प्रसूता महिला को तत्काल इलाज की जरूरत पड़ जाए, तो उसकी जान जोखिम में पड़ सकती है।
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं में यह स्थिति बेहद चिंताजनक है। “जीवन बचाने वाली सेवा अब खुद अपनी दम तोड़ती हुई नजर आ रही है,” — ग्रामीणों ने कहा। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि खराब एंबुलेंस की त्वरित मरम्मत की जाए और भविष्य में ऐसी स्थिति उतपन्न न हो इसके लिए आपातकालीन वाहनों की नियमित जांच और निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
जिससे आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं सुचारू रूप से चलती रहे।
ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करना, ताकि हर जरूरतमंद को समय पर चिकित्सा सुविधा मिल सके।
यह स्थिति स्वास्थ्य तंत्र की वास्तविक जमीनी हकीकत को उजागर करता है और शासन-प्रशासन को जवाबदेही के प्रति सजग करने का संदेश देता है — ताकि भविष्य में किसी भी मरीज की जान संसाधनों की कमी से न जाए।