राष्ट्रीय पेसा दिवस पर कहाड़गोंदी में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए कलेक्टर
कोंडागांव |
2025-12-25 12:24:07
कहाड़गोंदी व पुरी में बनेगा गोटुल के लिए भवन
कहाड़गोंदी में आंगनबाड़ी एवं पीडीएस भवन की स्वीकृति
उत्तर बस्तर कांकेर, 24 दिसंबर 2025
चारामा विकासखण्ड के ग्राम कहाड़गोंदी में आयोजित कोया पुनेम व संवैधानिक विषयों पर आधारित पांच दिवसीय केन्द्रीय प्रशिक्षण शिविर में आज राष्ट्रीय पेसा दिवस के अवसर पर पेसा एक्ट के संबंध में प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें भानुप्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्रीमती सावित्री मनोज मंडावी, जिले के कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर, जिला पंचायत सीईओ श्री हरेश मंडावी भी शामिल हुए।
भानुप्रतापपुर विधायक श्रीमती सावित्री मंडावी ने प्रशिक्षण सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि पेसा दिवस के मूल भावना को गांव-गांव तक पहुंचाने की जिम्मेदारी हम सबकी है। गोंडवाना समाज की परंपरा, रीति-नीति व संस्कृति को समझने और उसके संवर्धन के लिए यह प्रशिक्षण बहुत उपयोगी होगा। हम सबको एक दूसरे का सहयोग करते हुए समाज की सेवा करना चाहिए। आदिवासी समाज प्रकृति के पुजारी हैं, जल, जंगल और जमीन को बचाकर रखें, शिक्षा को महत्व दें, कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। युवाओं को नशा से दूर रहने के लिए अपील भी उनके द्वारा की गई। इस अवसर पर विधायक श्रीमती मंडावी द्वारा ग्राम कहाड़गोंदी एवं ग्राम पुरी में गोटुल के लिए भवन निर्माण करवाने की घोषणा भी की गई।
कलेक्टर ने राष्ट्रीय पेसा दिवस के अवसर पर प्रशिक्षण सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि कार्यक्रम में पेसा एक्ट की भी जानकारी दी गई, जिससे प्रकृति के संरक्षण के साथ ही पारंपरिक ज्ञान व संस्कृति तथा परंपरा को बचाए रखने में मदद मिलेगी, वनों का संरक्षण व संवर्धन भी होगा। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में आदिवासी समाज निवास करते हैं, वह क्षेत्र जल, जंगल व खनिज से भरा हुआ है। लेकिन इन क्षेत्रों में सामाजिक सूचकांक भी बहुत कम है, साथ ही गरीबी भी है जिसे दूर करना शासन की प्राथमिकता में शामिल है।
जनप्रतिनिधि एवं समाज के लोग मिलकर सामाजिक सूचकांक को बढ़ाने का प्रयास करें तो निश्चित रूप से सफलता मिलेगी। ग्रामीणों की मांग पर कलेक्टर द्वारा ग्राम कहाड़गोंदी में आंगनबाड़ी भवन एवं पीडीएस दुकान के लिए स्वीकृति प्रदान की। प्रशिक्षण सत्र को जिला पंचायत के सीईओ हरेश मंडावी ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर पेसा भाग-दो पुस्तिका का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम में गोंडवाना समाज समन्वय समिति से श्री विजय ठाकुर, ललित नरेटी, अश्वनी कांगे, कलार समाज के संभागीय अध्यक्ष पुरषोत्तम गजेन्द्र सहित गोंडवाना समाज के पदाधिकारी, समाज प्रमुख व युवागण बड़ी संख्या में मौजूद थे।