छत्तीसगढ़ / बिलासपुर

न्यू ईयर भोज की आड़ में धर्मांतरण का आरोप, बिलासपुर में पास्टर पर केस दर्ज

बिलासपुर - जिले के पचपेड़ी थाना क्षेत्र में न्यू ईयर के मौके पर आयोजित भोज और प्रार्थना सभा को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। आरोप है कि इस कार्यक्रम के जरिए गांव के लोगों को धर्मांतरण के लिए प्रेरित किया जा रहा था। हिंदूवादी संगठनों ने इसका विरोध करते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

ग्राम जोंधरा निवासी सुखनंदन लहरे पर आरोप है कि वह खुद को पास्टर बताकर गांव के महिलाओं, पुरुषों और युवाओं को प्रार्थना सभा में शामिल कर रहा था। हिंदू संगठनों का कहना है कि लोगों को भोजन, स्वास्थ्य सुविधा और अन्य लाभ का लालच देकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा था।न्यू ईयर के दिन सुखनंदन लहरे ने अपने घर में भोज और प्रार्थना सभा का आयोजन किया था। इसी दौरान कुछ स्थानीय युवकों को कार्यक्रम की जानकारी मिली। वे मौके पर पहुंचे और प्रार्थना सभा के समय खिड़की की आड़ से वीडियो बना लिया। वीडियो में सुखनंदन लहरे सभा में मौजूद लोगों को प्रभु ईसा मसीह को मानने और वर्ष 2026 में बपतिस्मा लेने की शपथ दिलाते हुए दिखाई दे रहा है।वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय युवकों और हिंदूवादी संगठनों ने इसे धर्मांतरण का प्रयास बताते हुए पुलिस से शिकायत की। शिकायत मिलते ही पचपेड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।पुलिस ने बिना अनुमति प्रार्थना सभा आयोजित करने और धर्मांतरण के प्रयास के आरोप में सुखनंदन लहरे के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और कार्यक्रम में शामिल लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

Leave Your Comment

Click to reload image