कलेक्टर ने ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों, पटवारियों, समिति प्रबंधकों व डाटा एण्ट्री ऑपरेटर की ली बैठक
राजनांदगांव - कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में धान खरीदी के मद्देनजर ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों, पटवारियों, समिति प्रबंधकों एवं डाटा एण्ट्री ऑपरेटर की बैठक ली। कलेक्टर ने कहा कि धान उपार्जन केन्द्रों में वास्तविक किसानों की उपज की ही खरीदी करना है। इसमें किसी प्रकार की गलती नहीं होनी चाहिए। किसानों को धान उपार्जन केन्द्रों में धान की बिक्री में दिक्कत नहीं होनी चाहिए और उनकी समस्याओं का समाधान होना चाहिए। उन्होंने सभी को सजगता के साथ ईमानदारी से कार्य करने को कहा।
कलेक्टर ने अवैध धान खपाने का प्रयास करने वाले कोचियों एवं बिचौलियों पर निडर होकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने अंतर्राज्यीय सीमाओं पर अवैध धान के परिवहन को रोकने के लिए लगातार मानिटरिंग करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि किसी भी किसान को कोचियों एवं बिचौलियों की जानकारी मिलने पर फोन के माध्यम से सूचित कर सकते हैं। उनकी जानकारी गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने धान खरीदी केन्द्रों में भौतिक सत्यापन का कार्य सावधानी के साथ करने कहा। किसी भी प्रकार से बदलाव या अन्य कार्य करने पर पंचनामा अनिवार्य रूप से बनाने के निर्देश दिए और इसकी सूचना तत्काल उच्च अधिकारियों को देने के लिए कहा। उन्होंने स्टेकिंग के कार्य को अच्छे से कराने कहा। जिससे भौतिक सत्यापन सही तरीके से हो सके। उन्होंने बताया कि धान उपार्जन केन्द्रों से धान का उठाव प्रारंभ हो गया है।