छत्तीसगढ़ / दंतेवाड़ा

बालिका सशक्तिकरण सप्ताह के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम संपन्न

 दंतेवाड़ा, 20 जनवरी 2026

जिले में बालिका दिवस को केंद्र में रखकर 16 से 23 जनवरी 2026 तक मनाए जा रहे बालिका सशक्तिकरण सप्ताह के तहत स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम हायर सेकेंडरी स्कूल कसोली में विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला कार्यक्रम अधिकारी के निर्देशानुसार मिशन सशक्तिकरण की मिशन समन्वयक सरिता देशमुख ने छात्राओं को बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, महतारी वंदन योजना तथा नोनी सुरक्षा योजना के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं के सहयोग से पेंटिंग प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें चयनित प्रतिभागियों को 24 जनवरी 2026 को जिला स्तरीय बालिका दिवस समारोह में प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। इसी क्रम में सखी वन स्टॉप सेंटर द्वारा महिलाओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं की उपयोगिता तथा महिला उत्पीड़न अधिनियम 2013 के प्रावधानों के बारे में उपस्थित छात्राओं को अवगत कराया गया। एक ही छत के नीचे उपलब्ध अल्पकालिक आश्रय, परामर्श, चिकित्सा, विधिक तथा पुलिस सहायता की जानकारी भी साझा की गई।
महिला हेल्पलाइन 181 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की भूमिका बताते हुए टीम ने बालिकाओं को आपात स्थितियों में इन सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम में बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 पर भी विस्तृत चर्चा हुई। काउंसलर शशिकांत झा ने बताया कि लड़के की न्यूनतम विवाह आयु 21 वर्ष और लड़की की 18 वर्ष है। निर्धारित आयु से पूर्व विवाह करना दंडनीय अपराध है, जिसके लिए दो वर्ष तक की सजा और एक लाख रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।
उपस्थित बालिकाओं को एनीमिया से बचाव, संतुलित पोषण, स्वास्थ्य देखभाल और मासिक धर्म संबंधी महत्वपूर्ण बातें भी समझाई गईं। मिशन वात्सल्य, महिला सशक्तिकरण विभाग, सखी वन स्टॉप सेंटर और चाइल्डलाइन के संयुक्त प्रयास से बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत छात्राओं में जागरूकता लाने का प्रयास सफलतापूर्वक किया गया। कार्यक्रम में जिला मिशन समन्वयक सरिता देशमुख, संरक्षण अधिकारी रवि शंकर सनद, काउंसलर शशिकांत झा, चाइल्डलाइन समन्वयक गोपीचंद तथा विद्यालय के समस्त स्टाफ और छात्र, छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave Your Comment

Click to reload image