भारत जी-राम' के तहत रोजगार एवं आवास दिवस ग्रामीण विकास को नई गति
दंतेवाड़ा, 20 जनवरी 2026
जिले गीदम विकासखंड के ग्राम पंचायत झोडि़याबादम, बोदली एवं हिड़पाल में 07 जनवरी 2026 को शासन के निर्देशानुसार रोजगार एवं आवास दिवस का आयोजन किया गया। इस दिवस का उद्देश्य ग्रामीणों को रोजगार, आवास और आजीविका से संबंधित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर पात्र हितग्राहियों को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से लाभ पहुँचाना है। भारत जी-राम के तहत प्रति माह की 07 तारीख को “रोजगार दिवस” आयोजित किया जाता रहा है। अब इसी तिथि को “आवास दिवस” भी मनाया जाएगा। इस दौरान तकनीकी सहायक और रोजगार सहायक ग्रामीणों को गांव में ही उपलब्ध कार्यों की जानकारी देंगे तथा बाहरी राज्यों में पलायन रोकने हेतु जागरूकता बढ़ाएंगे।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत स्वीकृत आवासों की सूची का वाचन, किस्तों की स्थिति, निर्माण सामग्री की उपलब्धता तथा अभिसरण (कन्वर्जेन्स) से मिलने वाले लाभों की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने हितग्राहियों को समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निर्माण हेतु आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन भी प्रदान किया। रोजगार दिवस के अवसर पर ग्रामीणों को विकसित भारत जी-राम (ळ-त्।ड) गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) योजना की जानकारी भी दी गई। बताया गया कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए ग्रामीण परिवारों को 125 दिनों की रोजगार गारंटी उपलब्ध कराई जाएगी। जल संरक्षण, सिंचाई, भू-जल पुनर्भरण और वाटरशेड विकास से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी, जिससे रोजगार बढ़ने के साथ-साथ प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण भी सुनिश्चित होगा। पारदर्शिता और जवाबदेही के लिए बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण, मोबाइल आधारित निगरानी प्रणाली और नागरिक सहभागिता प्लेटफॉर्म जैसी आधुनिक तकनीकों के उपयोग पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही ग्रामीणों को आजीविका बढ़ाने हेतु डबरी निर्माण कार्य और इससे मत्स्य पालन तथा अन्य गतिविधियों से आय बढ़ाने की संभावनाओं के बारे में भी अवगत कराया गया। कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों से अपील की गई कि वे प्रत्येक माह की 07 तारीख को आयोजित होने वाले रोजगार एवं आवास दिवस में सक्रिय रूप से भाग लें और विकास कार्यों में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।