छत्तीसगढ़ / दंतेवाड़ा

'मन की शक्ति, बस्तर की प्रगति' पहल के तहत निःशुल्क मानसिक स्वास्थ्य परामर्श केंद्र संचालित

 दंतेवाड़ा, 14 मार्च 2026

बस्तर क्षेत्र में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और लोगों को विशेषज्ञ मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से “मन की शक्ति, बस्तर की प्रगति” पहल के अंतर्गत “आमचो बस्तर निःशुल्क मानसिक स्वास्थ्य परामर्श केंद्र” संचालित किया जा रहा है। इस पहल के माध्यम से समुदाय के लोगों को निःशुल्क मानसिक स्वास्थ्य परामर्श प्रदान किया जा रहा है, ताकि वे बिना किसी झिझक के अपनी समस्याओं पर विशेषज्ञ से चर्चा कर सकें।
यह केंद्र शासकीय दंतेश्वरी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, दंतेवाड़ा के मनोविज्ञान विभाग द्वारा संचालित किया जा रहा है। यहां डॉ. दिनेश कुमार लहरी, सहायक प्राध्यापक (मनोविज्ञान) द्वारा लोगों को विभिन्न मानसिक और भावनात्मक समस्याओं पर मार्गदर्शन प्रदान किया जा रहा है।
परामर्श के माध्यम से तनाव और चिंता, दैनिक जीवन या शैक्षणिक दबाव से उत्पन्न समस्याएं, आत्मविश्वास में वृद्धि तथा भावनात्मक संतुलन बनाए रखने के लिए विशेषज्ञ सलाह दी जाती है। विशेष रूप से विद्यार्थियों और युवाओं के व्यक्तित्व विकास तथा मानसिक सुदृढ़ता के लिए यह पहल उपयोगी सिद्ध हो रही है।
यह सेवा पूर्णतः निःशुल्क है, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोग भी आसानी से मनोवैज्ञानिक परामर्श प्राप्त कर सकें। इस पहल का उद्देश्य समाज में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा मानसिक समस्याओं से जुड़े सामाजिक संकोच को दूर करना भी है।
“मन की शक्ति, बस्तर की प्रगति” के संदेश के साथ यह प्रयास इस विश्वास को मजबूत करता है कि जब व्यक्ति मानसिक रूप से स्वस्थ और सशक्त होगा, तभी वह समाज और क्षेत्र के समग्र विकास में सकारात्मक योगदान दे सकेगा। इस संबंध में परामर्श प्राप्त करने के इच्छुक व्यक्ति मोबाइल नंबर 95756-17565 पर संपर्क कर सकते हैं।

Leave Your Comment

Click to reload image