मध्यप्रदेश से छत्तीसगढ़ अवैध रूप से धान का परिवहन करते दो व्यक्ति गिरफ्तार, 38 क्विंटल धान एवं माजदा वाहन सहित कुल 6.17 लाख रुपये की संपत्ति जब्त
कबीरधाम |
2026-11-15 15:07:52
थाना झलमला पुलिस की अवैध धान परिवहन के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई
*_कवर्धा_* -
कबीरधाम पुलिस द्वारा पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हेमसागर सिदार तथा श्री अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन में जिले में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने हेतु लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना झलमला पुलिस द्वारा मध्यप्रदेश से छत्तीसगढ़ में अवैध रूप से धान का परिवहन करते हुए दो व्यक्तियों को पकड़कर उनके कब्जे से 38 क्विंटल धान एवं परिवहन में प्रयुक्त माजदा वाहन सहित कुल 6,17,800 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 14.11.2026 को थाना झलमला पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि मध्यप्रदेश से अवैध रूप से धान का परिवहन कर छत्तीसगढ़ लाया जा रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक श्री जे.एल. सांडिल्य के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा ग्राम अंजना के मुख्य मार्ग पर घेराबंदी कर माजदा टर्बो वाहन क्रमांक CG-08-AJ-9104 को रोककर गवाहों की उपस्थिति में जांच की गई।
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 95 नग प्लास्टिक बोरियों में लगभग 38 क्विंटल धान भरा हुआ पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 1,17,800 रुपये है। वाहन में सवार व्यक्तियों से पूछताछ करने पर उन्होंने अपना नाम (1) उमेन्द्र ठाकरे, उम्र 36 वर्ष एवं (2) अंकित मेश्राम, उम्र 27 वर्ष, दोनों निवासी ग्राम मंडई (नेऊरगांव), थाना बिरसा, जिला बालाघाट (मध्यप्रदेश) बताया।
पूछताछ के दौरान दोनों व्यक्तियों ने मध्यप्रदेश के मंडई से धान लाकर छत्तीसगढ़ में अधिक कीमत पर बेचकर अवैध लाभ अर्जित करने के उद्देश्य से परिवहन करना स्वीकार किया। धान के परिवहन एवं बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की गई।
मौके से 95 बोरियों में भरा लगभग 38 क्विंटल धान, जिसकी कीमत 1,17,800 रुपये तथा माजदा टर्बो वाहन, जिसकी अनुमानित कीमत 5,00,000 रुपये है, इस प्रकार कुल 6,17,800 रुपये की संपत्ति जब्त की गई।
दोनों व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 106 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत इस्तगाशा तैयार कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई हेतु अनुविभागीय दण्डाधिकारी (राजस्व), बोडला के न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।
उक्त कार्रवाई में सराहनीय भूमिका
उक्त कार्रवाई जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा-निर्देश पर थाना प्रभारी झलमला निरीक्षक श्री जे.एल. सांडिल्य के कुशल नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में प्रधान आरक्षक राजेश धुर्वे एवं आरक्षक द्रोणाचार्य साहू की सराहनीय भूमिका रही।
कबीरधाम पुलिस की अपील
कबीरधाम पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि धान के अवैध परिवहन, भंडारण एवं अन्य अनियमित गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध पुलिस द्वारा लगातार सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।