छत्तीसगढ़ / बेमेतरा

नवागढ़ उपसंभाग में ‘समाधान योजना 2026’ के तहत विशेष शिविर आयोजित, 236 उपभोक्ताओं ने कराया पंजीयन

 बेमेतरा, 24 मार्च 2026

’छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, दुर्ग क्षेत्र के अंतर्गत विद्युत संभाग बेमेतरा के नवागढ़ उपसंभाग में ‘‘समाधान योजना 2026’’ के तहत विशेष शिविरों का सफल आयोजन किया गया। इन शिविरों का उद्देश्य बकायेदार उपभोक्ताओं को बिजली बिलों में राहत प्रदान करना और उन्हें योजना का लाभ दिलाना था।

5 वितरण केंद्रों में लगाए गए शिविर

नवागढ़ उपसंभाग के अधीन आने वाले 5 वितरण केंद्रों में एक साथ शिविर आयोजित किए गए, जहां बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविरों के माध्यम से कुल 236 उपभोक्ताओं ने अपने बिजली बिलों में राहत पाने के लिए पंजीयन कराया, जिससे योजना के प्रति लोगों में बढ़ती जागरूकता साफ दिखाई दी।

समीक्षा बैठक में बनाई गई आगे की रणनीति

शिविरों के सफल आयोजन के बाद कार्यपालन अभियंता श्री के.के. श्रीवास एवं सहायक अभियंता श्री डी.के. साहू ने नवागढ़ कार्यालय में मीटर रीडरों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली। बैठक में योजना का लाभ अंतिम छोर के उपभोक्ताओं तक पहुंचाने के लिए विस्तृत चर्चा की गई और अधिक से अधिक लोगों को इस योजना से जोड़ने के लिए रणनीति तैयार की गई।

गांव-गांव पहुंचकर किया जा रहा प्रचार-प्रसार

योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विभागीय अधिकारियों ने स्वयं गांवों में जाकर प्रचार-प्रसार किया। ग्राम मुरता में सहायक अभियंता श्री नवीन कुमार वर्मा, चांदनू में कनिष्ठ अभियंता श्री मोहन दास बैरागी, गोधिकला में कनिष्ठ अभियंता श्री अनिल चंद्राकर, टेमरी में कनिष्ठ अभियंता श्री हरीश फरवी और ग्राम पुटपुरा में सहायक अभियंता श्रीमती पिंकी पांडेय ने उपस्थित रहकर ग्रामीणों को योजना के लाभों और नियमों की जानकारी दी।

डोर-टू-डोर अभियान से भी बढ़ा पंजीय

इसके अलावा कार्यपालन अभियंता श्री श्रीवास ने टीम के साथ ग्राम मदनपुर में डोर-टू-डोर जनसंपर्क किया। इस दौरान मौके पर ही 6 उपभोक्ताओं का पंजीयन कराया गया। विभाग ने बकायेदार उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाकर अपनी समस्याओं का त्वरित समाधान प्राप्त करें।समाधान योजना 2026 के तहत आयोजित ये शिविर उपभोक्ताओं के लिए राहत देने के साथ-साथ विभाग और जनता के बीच बेहतर समन्वय का उदाहरण भी बन रहे हैं।

Leave Your Comment

Click to reload image