छत्तीसगढ़ / रायपुर

हाईवे किनारे ढाबों और होटलों में रायपुर ग्रामीण पुलिस की आकस्मिक जांच, संचालकों को दिए सख्त निर्देश

 

रायपुर, 16 जून 2026। रायपुर ग्रामीण पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से रायपुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित ढाबों, होटलों एवं अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में सघन आकस्मिक जांच अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण श्रीमती स्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय पुलिस अधिकारी के मार्गदर्शन में थाना धरसीवा एवं पुलिस चौकी सिलतरा पुलिस द्वारा की गई।

जांच के दौरान पुलिस अधिकारियों ने ढाबा एवं होटल संचालकों को सड़क सुरक्षा और यातायात प्रबंधन संबंधी सर्वोच्च न्यायालय द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। साथ ही होटल एवं ढाबा परिसरों में लगाए गए अत्यधिक तेज और चकाचौंध उत्पन्न करने वाले प्रकाश (हाई इंटेंसिटी लाइट) को बंद रखने की समझाइश दी गई, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

पुलिस ने भारी वाहनों एवं ट्रकों को सड़क किनारे अनियंत्रित रूप से खड़ा नहीं करने तथा निर्धारित पार्किंग स्थलों में ही पार्क करने के निर्देश दिए। साथ ही पार्किंग के दौरान वाहनों की पार्किंग लाइट अनिवार्य रूप से चालू रखने की हिदायत दी गई, ताकि सड़क दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके।

अभियान के दौरान संचालकों को स्पष्ट रूप से अवगत कराया गया कि बिना वैधानिक अनुमति के शराब का विक्रय अथवा सेवन कराना पूर्णतः प्रतिबंधित है। आबकारी अधिनियम एवं अन्य प्रासंगिक कानूनों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों ने संचालकों से किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, अवैध कारोबार या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली जानकारी तत्काल निकटतम थाना अथवा डायल-112 को देने की अपील भी की।

रायपुर ग्रामीण पुलिस के अनुसार यह विशेष अभियान सड़क सुरक्षा को मजबूत करने, अपराधों की रोकथाम करने तथा आम नागरिकों और वाहन चालकों के लिए सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इस प्रकार की आकस्मिक जांच एवं निगरानी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

 

Leave Your Comment

Click to reload image