12 जुलाई को आयोजित होगी सूबेदार, उप निरीक्षक प्रारंभिक परीक्षा, दंतेवाड़ा में 429 अभ्यर्थी होंगे शामिल
दंतेवाड़ा, 09 जुलाई 2026
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा सूबेदार, उप निरीक्षक संवर्ग, प्लाटून कमांडर (प्रारंभिक) परीक्षा-2024 का आयोजन 12 जुलाई 2026 (रविवार) को प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक किया जाएगा। इस संबंध में जिले में परीक्षा के सुचारू एवं शांतिपूर्ण संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव के निर्देशानुसार परीक्षा की समुचित व्यवस्थाएं परीक्षा प्रभारी एवं संयुक्त कलेक्टर श्री भरतराम ध्रुव द्वारा सुनिश्चित की गई हैं। परीक्षा के निष्पक्ष एवं व्यवस्थित संचालन के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इस संबंध में दंतेवाड़ा जिले में परीक्षा के लिए दो परीक्षा केंद्र शासकीय दंतेश्वरी पीजी कॉलेज में (229 अभ्यर्थी) तथा शासकीय महेंद्र कर्मा कन्या महाविद्यालय में (200 अभ्यर्थी) परीक्षा देंगे। इस प्रकार जिले में कुल 429 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से पूर्व पहुंचने तथा आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।