छत्तीसगढ़ / रायपुर

संतोषी नगर ब्रिज के पास बेकाबू ट्रक 15 फीट नीचे गिरा, कार को भी मारी टक्कर

 रायपुर। 

राजधानी रायपुर के संतोषी नगर ब्रिज के पास शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेलीबांधा से आमानाका की ओर जा रहा एक ट्रक (RJ 31 GB 3122) अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद करीब 15 फीट नीचे जा गिरा। हादसे के दौरान ट्रक ने एक कार को भी टक्कर मार दी। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक तेज रफ्तार में था। संतोषी नगर ब्रिज के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे ट्रक पहले डिवाइडर से टकराया और फिर सड़क से नीचे गिर गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए।

ट्रक की चपेट में आने से कार (CG 04 MA 3271) भी क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि कार में सवार सभी लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से ट्रक को हटाने का काम शुरू किया। दुर्घटना के कारण कुछ समय तक इस मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना दुर्घटना की वजह माना जा रहा है।

 

 

Leave Your Comment

Click to reload image