छत्तीसगढ़ / बिलासपुर

विवाद के बाद व्यक्ति से मारपीट, 4 आरोपी गिरफ्तार

 बिलासपुर । सरकंडा थाना क्षेत्र में मारपीट की घटना में शामिल चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड सामने आने के बाद पुलिस ने उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की है।

पुलिस के अनुसार, चिंगराजपारा स्थित शराब भट्ठी के पास किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने एक व्यक्ति के साथ मारपीट की। घटना के बाद पीड़ित ने सरकंडा थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने विकास यादव, मानव ध्रुव, राहुल गोंड़ और ज्ञान सिंह गोंड़ को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और रिकॉर्ड की जांच में पता चला कि चारों आरोपी आदतन बदमाश हैं और उनके खिलाफ पहले से भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के साथ ही उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की है। अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही आम नागरिकों से किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।

Leave Your Comment

Click to reload image