15 करोड़ हस्ताक्षरों के साथ गो सम्मान यात्रा 27 को, राष्ट्रपति तक पहुंचेगी गोहत्या पर कानून की मांग
रायपुर । गो सम्मान आह्वान अभियान के दूसरे चरण के तहत 27 जुलाई को देशभर के सभी जिलों में एक साथ प्रार्थना यात्राएं निकाली जाएंगी। इस दौरान 15 करोड़ से अधिक नागरिकों के हस्ताक्षरों वाले ज्ञापन जिलाधीशों के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, संबंधित राज्यों के राज्यपाल एवं मुख्यमंत्रियों को सौंपे जाएंगे।
शनिवार को रायपुर प्रेस क्लब में आयोजित प्रेसवार्ता में राज्य प्रभारी भारत दास महाराज, नरेंद्र गुप्ता, आदेश सोनी और प्रेस प्रभारी प्रवीण शर्मा ने इस संबंध में जानकारी दी।
अभियान के पदाधिकारियों ने बताया कि पिछले छह माह से संत-महात्माओं, गोसेवकों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के सहयोग से राष्ट्रव्यापी जनजागरण एवं हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। ज्ञापन में गोहत्या निषेध के लिए केंद्रीय कानून, गोमाता को राष्ट्रमाता का सम्मान, केंद्रीय गो मंत्रालय की स्थापना, गोचर भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराने, राष्ट्रीय गो-चारा नीति लागू करने तथा कृषि, पर्यावरण, चिकित्सा और शिक्षा से जुड़े 30 से अधिक विषयों को राष्ट्रीय नीति में शामिल करने की मांग की गई है।
रायपुर में सुबह 7:30 बजे से शुरू होगा कार्यक्रम
अभियान के राज्य प्रभारी भारत दास महाराज ने बताया कि रायपुर में कार्यक्रम का शुभारंभ 27 जुलाई को सुबह 7:30 बजे पुरानी बस्ती स्थित महामाया मंदिर में गोमाता पूजन, शंखनाद और सामूहिक "श्री राम जय राम जय जय राम" विजय मंत्र जाप के साथ होगा।
इसके बाद प्रार्थना यात्रा महामाया मंदिर से निकलकर बूढ़ातालाब, इंडोर स्टेडियम, नगर निगम मुख्यालय, महिला थाना चौक और मोतीबाग चौक होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचेगी। यहां जिलाधीश के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।
झांकियां और बड़ी संख्या में शामिल होंगे श्रद्धालु
यात्रा में भगवान श्रीकृष्ण-बलराम की झांकी, गोमाता एवं बछड़े का स्वरूप, अभियान के बैनर और हस्ताक्षर अभियान का प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया जाएगा। कार्यक्रम में संत-महात्मा, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि, किसान, युवा, मातृशक्ति और बड़ी संख्या में गोभक्त शामिल होंगे।
अभियान की ओर से प्रदेशवासियों से परिवार सहित प्रार्थना यात्रा में शामिल होकर गोमाता की सेवा, सुरक्षा और सम्मान के इस जनजागरण अभियान का हिस्सा बनने की अपील की गई है।