छत्तीसगढ़ / कोरबा

कोरबा में पीछे छूट गए मासूम बच्चे और रोती पत्नी! 11 केवी करंट से बुझ गया घर का इकलौता चिराग

 

घर के सामने लगे बिजली खंभे पर चढ़ा था हमाली मजदूर पत्नी-बच्चों पर टूटा दुखों का पहाड़, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार, पुलिस सभी पहलुओं की कर रही जांच 11 केवी करंट प्रवाहित तार छूकर जान देने की आशंका, खंभे के नीचे झुलसी मिली लाश

 कोरबा: मानिकपुर चौकी क्षेत्र के डिपरापारा में रविवार तड़के एक ऐसा घटनाक्रम सामने आया, जिसने पूरे मोहल्ले को स्तब्ध कर दिया। घर के ठीक सामने लगे 11 केवी विद्युत खंभे के नीचे 40 वर्षीय लवकुश साहू का झुलसा हुआ शव मिला। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि वह जानबूझकर करंट प्रवाहित उच्चदाब तार के संपर्क में पहुंचा।

 

लवकुश साहू हमाली का काम कर परिवार का भरण-पोषण करता था। रविवार तड़के जब लोगों की नजर घर के सामने पड़े उसके शव पर पड़ी तो क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस पूछताछ में पत्नी बिन्दा साहू ने बताया कि उनके घर का बिजली कनेक्शन पीछे स्थित दूसरे खंभे से जुड़ा हुआ है। घटना के समय घर में बिजली भी चालू थी।
इसके बावजूद लवकुश घर के सामने बाउंड्री वाल से सटे 11 केवी लाइन वाले खंभे पर चढ़ गया। इसी आधार पर पुलिस प्रथम दृष्टया करंट प्रवाहित तार छूकर आत्महत्या की आशंका जता रही है। करंट लगते ही वह खंभे से नीचे गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। बिजली विभाग से भी तकनीकी जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि घटना के सभी पहलुओं की पुष्टि की जा सके।
 
बताया जाता है कि बिन्दा साहू का यह दूसरा विवाह था। पहले पति की मृत्यु हो चुकी थी, जिससे उसके बच्चे हैं। लवकुश से भी उसके बच्चे हैं। परिवार की पूरी जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी। उसकी अचानक मौत से पत्नी और बच्चों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर में चीख-पुकार मची रही और आसपास के लोगों की आंखें भी नम हो गईं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और स्वजन के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
 

Leave Your Comment

Click to reload image