छत्तीसगढ़ / रायपुर

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव सड़क हादसे में घायल...

 झांसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती, हालत स्थिर

रायपुर/झांसी । छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव उत्तर प्रदेश के ललितपुर-झांसी नेशनल हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में घायल हो गए। बुधवार दोपहर करीब 3 बजे टेकरी गांव के पास उनकी इनोवा कार हाईवे पर खड़े ट्रक से पीछे जा टकराई, जिससे वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

जानकारी के अनुसार, किरण सिंह देव दतिया स्थित पीताम्बरा पीठ और बागेश्वर धाम के दर्शन कर परिवार के साथ लौट रहे थे। हादसे के तुरंत बाद उन्हें और उनके घायल चालक को इलाज के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।

कमर में चोट, हालत खतरे से बाहर
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसे में किरण सिंह देव को कमर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। हालांकि डॉक्टरों और उनके करीबियों के अनुसार उनकी हालत स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं।

पत्नी और बच्चे सुरक्षित
हादसे के समय किरण सिंह देव के परिवार के सदस्य दूसरी गाड़ी में सफर कर रहे थे। उनकी पत्नी और बच्चे पूरी तरह सुरक्षित बताए गए हैं।

एयरलिफ्ट की तैयारी
सूत्रों के अनुसार, बेहतर इलाज के लिए देर शाम झांसी से छत्तीसगढ़ एयरलिफ्ट करने की तैयारियां भी शुरू कर दी गई थीं। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।

 

Leave Your Comment

Click to reload image