छत्तीसगढ़ / रायपुर

गुरु पूर्णिमा पर शकुंतला फाउंडेशन की भजन संध्या, इस्कॉन भजन मंडली ने बांधा समां

 रायपुर।

गुरु-शिष्य परंपरा के प्रतीक पर्व गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर सामाजिक संस्था शकुंतला फाउंडेशन, छत्तीसगढ़ द्वारा भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य गुरु के प्रति सम्मान प्रकट करना एवं समाज में आध्यात्मिक चेतना का प्रसार करना था।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं गुरु वंदना से हुई। मुख्य आकर्षण इस्कॉन रायपुर की भजन मंडली की प्रस्तुति रही। मंडली द्वारा प्रस्तुत "हरे कृष्ण महामंत्र", "गुरु वंदना" एवं अन्य सुमधुर भजनों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भक्ति रस में डुबो दिया। भजनों के बीच मंडली ने इस्कॉन के संस्थापकाचार्य ए.सी. भक्तिवेदांत स्वामी प्रभुपाद की जीवन यात्रा, उनके त्याग एवं विश्व भर में वैदिक संस्कृति के प्रचार-प्रसार में दिए गए योगदान को भी साझा किया। प्रभुपाद के "गुरु सेवा ही कृष्ण सेवा है" इस संदेश ने सभी को प्रेरित किया।

इस अवसर पर शकुंतला फाउंडेशन की संस्थापिका एवं समाजसेविका श्रीमती स्मिता सिंह व सुषमा बग्गा ने इस्कॉन भजन मंडली का पुष्पगुच्छ एवं शॉल भेंट कर आत्मिक स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि "गुरु ही जीवन की दिशा देते हैं। आज के समय में युवाओं को आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है। शकुंतला फाउंडेशन आगे भी ऐसे धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजन करता रहेगा।"

कार्यक्रम में श्याम प्रकाश साहू, हरविंदर सिंह विशाल मिश्रा, अनुश्री व बड़ी संख्या में महिला, युवा एवं नागरिक उपस्थित थे। अंत में प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। सभी ने एक स्वर में गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं दीं।

Leave Your Comment

Click to reload image