छत्तीसगढ़ / दंतेवाड़ा

स्वच्छता, सुरक्षित जल और प्लास्टिक मुक्त बाजार का संदेश लेकर हाट-बाजार पहुंचे स्वच्छता दूत

 दंतेवाड़ा, । जिला प्रशासन दंतेवाड़ा के स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) एवं यूनिसेफ के सहयोग से ग्राम पंचायत फरसपाल के साप्ताहिक हाट-बाजार में स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल तथा प्लास्टिक के कम उपयोग को लेकर व्यापक जन जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य हाट-बाजार में आने वाले ग्रामीणों, दुकानदारों एवं विक्रेताओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना तथा बाजार परिसर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के लिए सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता दूत एवं ग्राम कोटवार ने मेगा फोन के माध्यम से हाट-बाजार में घूम-घूमकर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया। उन्होंने लोगों से बाजार परिसर में कचरा इधर-उधर न फैलाने, डस्टबिन अथवा निर्धारित स्थान पर ही कचरा डालने, प्लास्टिक की थैलियों का उपयोग कम करने तथा कपड़े या जूट के झोले अपनाने की अपील की। साथ ही स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल के उपयोग, पानी को ढककर रखने तथा जल स्रोतों को स्वच्छ बनाए रखने के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया। इस जागरूकता अभियान के दौरान “स्वच्छ बाजार, स्वस्थ समाज”, “कचरा नहीं फैलाएंगे, स्वच्छता अपनाएंगे”, “प्लास्टिक कम करेंगे, पर्यावरण की रक्षा करेंगे” तथा “सुरक्षित पानी पिएंगे, स्वस्थ जीवन जिएंगे” जैसे नारों के माध्यम से ग्रामीणों और दुकानदारों को स्वच्छता एवं स्वास्थ्य का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर जिला सलाहकार (जल एवं स्वच्छता कार्यक्रम)  सुरेश कुमार अनंत ने ग्रामीणों एवं बाजार में उपस्थित लोगों को कचरा प्रबंधन, सुरक्षित पेयजल और पर्यावरण संरक्षण के महत्व की जानकारी देते हुए प्रत्येक नागरिक से स्वच्छता को अपनी दैनिक आदत बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत फरसपाल की सरपंच श्रीमती दीपमाला कर्मा एवं उपसरपंच  राजू पवार सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों एवं दुकानदारों से हाट-बाजार को स्वच्छ बनाए रखने में सक्रिय सहयोग देने की अपील करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल शासन की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। जिला प्रशासन एवं यूनिसेफ की इस पहल के माध्यम से लोगों को स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल, प्लास्टिक मुक्त वातावरण तथा कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूक करते हुए स्वच्छ, स्वस्थ और पर्यावरण अनुकूल समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।

Leave Your Comment

Click to reload image