दो दिवसीय बकरी पालन हेतु किसान उत्पादक कंपनी की कार्यशाला का हुआ शुभारंभ
दंतेवाड़ा । राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान योजना अंतर्गत जिले में 2 दिवसीय आवासीय बकरी पालन फॉर्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड की कार्यशाला का शुभारंभ मुख्य कार्यपालन अधिकारी एम भार्गव के उपस्थित में किया गया।
बिहान योजना के जिला कार्यक्रम प्रबंधक नितेश कुमार देवांगन ने बताया कि राज्य कार्यालय के निर्देशानुसार बस्तर संभाग की संभाग स्तरीय बकरी पालन किसान उत्पादक कंपनी का निर्माण जिला दंतेवाड़ा में बिहान योजना तहत किया गया है, कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी एम भार्गव के मार्गदर्शन में जिला दंतेवाड़ा का चयन राज्य कार्यालय से संभाग स्तरीय मुख्यालय हेतु किया गया है जिसमें कोंडागांव, कांकेर, बस्तर नारायणपुर एवं स्वयं दंतेवाड़ा जिला सम्मिलित है, उक्त किसान उत्पादक कंपनी का नाम इंद्रावती नारीशक्ति गोट फॉर्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड रखा गया है, जिसमें संभाग के 20 विकासखंडों के 500 ग्राम एवं 20000 बकरी पालक महिला स्व सहायता समूहों की दीदियों को जोड़कर बकरी पालन की वैज्ञानिक विधियों को बताया जाएगा एवं उसके पालन के प्रारंभिक चरणों से लेकर अंतिम विक्रय करने तक की सहायता प्रदान की जाएगी।
उक्त प्रशिक्षण कार्यशाला में राज्य कार्यालय से राज्य कार्यक्रम प्रबंधक निशि कांत नीरज प्रदान संस्था से मास्टर प्रशिक्षक तथा संभाग के उपरोक्त पांचों जिलों से बिहान मिशन के जिला कार्यक्रम प्रबंधक, विकासखंड परियोजना प्रबंधक, क्षेत्रीय समन्वयक, पशु सखी दीदियां एवं पशु चिकित्सा एवं सेवाएं विभाग से सभी जिलों पशु चिकित्सकों द्वारा भाग लिया गया।