महतारी वंदन योजना से मिली आर्थिक संबल की खुशी, राखी पर भाई के लिए लेंगी राखी और मिठाई
दंतेवाड़ा । महतारी वंदन योजना महिलाओं के लिए आर्थिक संबल का माध्यम बन रही है। योजना के तहत प्रतिमाह मिलने वाली एक हजार रुपये की राशि से उर्मिला बघेल को परिवार की जरूरतों को पूरा करने में मदद मिल रही है। इस वर्ष रक्षाबंधन के अवसर पर वे इसी राशि से अपने भाई के लिए राखी और मिठाई खरीदने की तैयारी कर रही हैं।
उर्मिला बघेल ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की सहायता राशि दी जा रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को धन्यवाद देते हुए कहा कि हर महीने खाते में एक हजार रुपये आने से उन्हें बहुत खुशी होती है। यह राशि घर की जरूरतों को पूरा करने में काफी मददगार है। गैस सिलेंडर सहित अन्य आवश्यक घरेलू सामानों पर भी वे इस राशि का उपयोग करती हैं।
उन्होंने बताया कि वे शांति स्व-सहायता समूह से जुड़ी हुई हैं। वर्ष 2017-18 में समूह के माध्यम से उन्होंने दो लाख रुपये का ऋण लेकर अपना व्यवसाय आगे बढ़ाया था, जिसे उन्होंने पूरा चुका दिया है। वर्तमान में वे होटल का संचालन कर रही हैं, जहां प्रतिदिन लगभग 5 से 7 हजार रुपये की आमदनी होती है। अब वे अपने होटल को और बेहतर बनाने के लिए दोबारा ऋण लेने की योजना बना रही हैं।
बघेल के तीन बच्चे हैं। उनका बड़ा बच्चा कॉलेज में पढ़ाई कर रहा है, दूसरा बच्चा कक्षा 10वीं और तीसरा बच्चा कक्षा 6वीं में अध्ययनरत है। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि से परिवार की जरूरतों को पूरा करने और बच्चों की पढ़ाई में सहयोग मिलता है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की यह पहल महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने की दिशा में लगातार प्रोत्साहित कर रही है।