शिक्षक दिवस पर कामठी स्कूल में दिखी गुरु-शिष्य परंपरा की अनूठी मिसाल
कबीरधाम |
2026-09-06 15:48:29
पंडरिया/कवर्धा--
शिक्षक दिवस के अवसर पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कामठी का परिसर गुरुजनों के सम्मान, विद्यार्थियों के उत्साह और गुरु-शिष्य की आत्मीय परंपरा से सराबोर रहा। समारोह की खास बात यह रही कि विद्यार्थियों ने स्वयं विद्यालय की कमान संभालते हुए कार्यक्रम की पूरी जिम्मेदारी निभाई और अपने गुरुजनों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की।
कुमारी प्रांजल एवं कुमारी रेशमा ने कुशलतापूर्वक मंच संचालन किया। विद्यार्थियों ने अपने शिक्षक-शिक्षिकाओं का आत्मीय स्वागत करते हुए उन्हें पेन, डायरी, गमछा एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। विद्यार्थियों की विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रस्तुतियों ने समारोह में उत्साह और उमंग भर दी।
विद्यालय की प्राचार्या हेमलता टंडन सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने विद्यार्थियों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन, जिम्मेदारी और निरंतर मेहनत को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
विद्यार्थियों द्वारा स्वयं कार्यक्रम की जिम्मेदारी संभालकर गुरुजनों का सम्मान करना समारोह का विशेष आकर्षण रहा। इस पहल ने न केवल गुरुजनों के प्रति सम्मान की भावना को अभिव्यक्त किया, बल्कि विद्यार्थियों में नेतृत्व, आत्मविश्वास और जिम्मेदारी की भावना को भी उजागर किया।