कलेक्टर ने जनदर्शन में सुनी लोगों की समस्याएं
अधिकारियों को दिए त्वरित निराकरण के निर्देश
बिलासपुर, 8 सितम्बर 2026
कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने आज जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में लोगों की समस्याएं सुनी। शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने उनसे मिलकर निजी एवं सामुदायिक शिकायत संबंधी आवेदन दिया। उन्होंने अधिकांश मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान अपर कलेक्टर श्री शिवकुमार बनर्जी एवं सुश्री ज्योति पटेल ने भी लोगों की समस्याएं सुनी।
जनदर्शन में मल्टी एक्टिविटी सेंटर नारी शक्ति समिति गनियारी की अध्यक्ष श्रीमती रागिनी पाण्डेय द्वारा सेंटर में ट्रांसफार्मर जल जाने के कारण हो रही दिक्कतों के संबंध में ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। उन्होंने बताया कि ट्रांसफार्मर जल जाने से मशीनी उपकरण संचालित नहीं हो रहे है, जिससे उन्हें मिले आर्डर को वे समय पर पूरा नहीं कर पा रहे है। उन्होंने कलेक्टर से नये ट्रांसफार्मर की मांग की है। कोटा विकासखंड के शासकीय प्राथमिक शाला भेलवापारा के प्रधान पाठक एवं ग्रामीणों द्वारा स्कूल भवन को मरम्मत कराने की मांग की गई। ग्राम पंचायत धूमा के ग्रामीण किसानों ने ग्राम धूमा के पैठू तालाब के पास मेन नहर में पुलिया निर्माण की मांग रखी। ग्रामीणों ने बताया कि उक्त मार्ग से आवागमन के साथ-साथ कृषि कार्यों के लिए खाद-बीज लाने-ले जाने में भी किसानों को परेशानी होती है। ग्रामीणों ने क्षेत्र की समस्या को देखते हुए नवीन पुलिया निर्माण की स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया है।