दंतेवाड़ा : यश ने जोन स्तरीय विज्ञान संगोष्ठी में हासिल किया प्रथम स्थान, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में करेंगे प्रतिनिधित्व
विगत दिवस स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, दंतेवाड़ा में जोन स्तरीय विज्ञान संगोष्ठी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में दंतेवाड़ा, सुकमा एवं बीजापुर जिले के कुल छह प्रतिभागियों ने सहभागिता की। संगोष्ठी का विषय “भारतीय ऊर्जा परिदृश्य 2047 : संभावनाएं एवं चुनौतियां” रखा गया था। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने विषय पर आत्मविश्वास एवं प्रभावशाली ढंग से अपने विचार प्रस्तुत किए। निर्णायक मंडल में डॉ. फिरदौस, श्रीमती कंचन सिंह एवं श्री मनीष गावड़े शामिल रहे। प्रतियोगिता में सेजेस दंतेवाड़ा के प्रतिभागी यश ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि सेजेस कारली के शैलू वेक ने द्वितीय तथा सेजेस पवरास, सुकमा की नैन्सी नाग ने तृतीय स्थान हासिल किया।
प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले यश अब आगामी राज्य स्तरीय विज्ञान संगोष्ठी में दंतेवाड़ा जोन का प्रतिनिधित्व करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला शिक्षा अधिकारी, दंतेवाड़ा द्वारा की गई। विद्यालय की प्राचार्य एवं जोन प्रभारी श्रीमती नेहा नाथ के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम को सफल बनाने में श्री रविकांत उईके एवं श्री रत्नेश ध्रुव का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, ऊर्जा के प्रति जागरूकता तथा विषय को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के आत्मविश्वास को बढ़ावा मिला। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों, निर्णायकों एवं सहयोगी शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।