छत्तीसगढ़ / दंतेवाड़ा

सेवा संकल्प अभियान के तहत जनकल्याणकारी योजनाओं से बदल रही जिंदगी

 दंतेवाड़ा । सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाने और उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया जा रहा है। इसी क्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) नगर पालिका परिषद दंतेवाड़ा के वार्ड क्रमांक 13 निवासी श्रीमती निशा नायको और उनके परिवार के लिए खुशियों की नई सौगात लेकर आई है। कभी कच्चे मकान की सीलन, बारिश और असुरक्षा के बीच जीवन गुजारने वाला यह परिवार अब अपने स्वयं के पक्के और सुरक्षित मकान में सुकून से रह रहा है।

श्रीमती निशा नायको अपने पति  कुश नायको के साथ एक छोटे से कच्चे मकान में रहती थीं। परिवार के भरण-पोषण के लिए वे कपड़े प्रेस करने का छोटा-सा काम करती हैं। सीमित और अनिश्चित आय के कारण परिवार के लिए पक्का मकान बनाना लंबे समय से एक सपना था। आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं थी कि वे स्वयं अपने लिए पक्का घर बनवा सकें। कच्चे मकान में रहने के दौरान बारिश का मौसम उनके लिए सबसे अधिक परेशानी भरा होता था। छत से पानी टपकने के कारण घर के भीतर रहना, खाना पकाना और रात में सोना तक मुश्किल हो जाता था।अपने आसपास बन रहे पक्के मकानों को देखकर निशा नायको ने पड़ोसियों से प्रधानमंत्री आवास योजना के संबंध में जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने नगर पालिका कार्यालय पहुंचकर योजना के तहत आवेदन प्रस्तुत किया। आवेदन स्वीकृत होने के बाद उन्हें योजना के तहत निर्धारित वित्तीय सहायता प्राप्त हुई और पक्के मकान के निर्माण का सपना साकार होने लगा।

प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत निशा नायको के लिए 35 वर्ग मीटर कारपेट एरिया का आवास स्वीकृत हुआ। आवास निर्माण के लिए कुल 2.50 लाख रुपये की स्वीकृत राशि में केंद्र और राज्य सरकार का अंशदान शामिल है। इसमें केंद्रांश के रूप में 1.50 लाख रुपये तथा राज्यांश के रूप में 1 लाख रुपये की सहायता मिली। इसके साथ ही मुख्यमंत्री गृहप्रवेश सम्मान योजना के तहत 32,850 रुपये की अतिरिक्त सहायता भी प्राप्त हुई। हितग्राही अंशदान को शामिल करते हुए उनका पक्का मकान अब पूरी तरह बनकर तैयार है।

पक्का मकान बनने के बाद निशा नायको और उनके परिवार के जीवन में बड़ा बदलाव आया है। अब बारिश के दिनों में टपकती छत और सीलन की चिंता नहीं रहती। परिवार को सुरक्षित और स्थायी आशियाना मिलने के साथ उनके जीवन में आत्मविश्वास और भविष्य के प्रति उम्मीद भी बढ़ी है। यह आवास उनके लिए केवल ईंट और सीमेंट से बना घर नहीं, बल्कि सम्मान, सुरक्षा और बेहतर जीवन की नई शुरुआत है।

श्रीमती निशा नायको ने योजना का लाभ मिलने पर सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका जीवन पहले बहुत कठिनाइयों में बीत रहा था। प्रधानमंत्री आवास योजना ने उनकी जिंदगी बदल दी है। अपने स्वयं के पक्के मकान ने उन्हें स्थायी और सुरक्षित पहचान दी है। अब बारिश के दिनों में टपकती छत और असुरक्षा का डर पूरी तरह समाप्त हो गया है। उन्होंने बताया कि अब उनका लक्ष्य अपनी छोटी-सी दुकान को और बेहतर बनाना तथा परिवार के जीवन स्तर को ऊंचा उठाना है।

सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से शासन की योजनाओं को अंतिम पंक्ति के हितग्राहियों तक पहुंचाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का परिणाम है कि निशा नायको जैसे परिवारों के जीवन में स्थायी बदलाव आ रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना उनके लिए पक्की छत के साथ सम्मान, सुरक्षा और बेहतर भविष्य का आधार बनी है।

 

Leave Your Comment

Click to reload image