छत्तीसगढ़ / दंतेवाड़ा

शासकीय संस्थानों में वॉश व्यवस्था सुदृढ़ करने जिला स्तरीय कन्वर्जेंस बैठक-सह-प्रशिक्षण आयोजित

 दंतेवाड़ा । शासकीय संस्थानों में जल, स्वच्छता एवं स्वच्छता व्यवहार (वॉश) की व्यवस्थाओं को प्रभावी एवं सतत बनाने तथा विभागों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से जिला पंचायत दंतेवाड़ा के सभा कक्ष में जिला स्तरीय कन्वर्जेंस बैठक-सह-प्रशिक्षण आयोजित किया गया। कार्यक्रम मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत दंतेवाड़ा के निर्देशन में जिला प्रशासन एवं यूनिसेफ (साम्य भूमि) के सहयोग से संपन्न हुआ। प्रशिक्षण में शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, आदिम जाति कल्याण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, स्वास्थ्य, जनपद पंचायत, ग्रामीण विकास तथा स्वच्छ भारत मिशन-ग्रामीण सहित सात विभागों के जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी और युवोदय के विकासखंड समन्वयक सहित लगभग 60 प्रतिभागी शामिल हुए। प्रशिक्षण का संचालन जिला जल एवं स्वच्छता कार्यक्रम के जिला सलाहकार सुरेश कुमार अनंत ने किया।

     प्रशिक्षण में सुरक्षित पेयजल, स्वच्छता एवं स्वच्छता व्यवहार, संचालन एवं रखरखाव, माहवारी स्वच्छता प्रबंधन, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन तथा सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा एवं गरिमा जैसे विषयों पर जानकारी दी गई। साथ ही पीएचई विभाग की प्रयोगशाला टीम ने जल गुणवत्ता परीक्षण का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया। बैठक में विद्यालयों की स्वच्छ एवं हरित विद्यालय रेटिंग, सुघ्घर आंगनबाड़ी, कायाकल्प, एनक्यूएएस, ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति, जल बहिनी और कचरा प्रबंधन जैसी पहलों पर विभागवार चर्चा की गई। अंत में प्रतिभागियों ने स्वच्छता एवं जल संरक्षण की शपथ लेकर संस्थानों को स्वच्छ एवं जल स्रोतों को सुरक्षित रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

 

 

Leave Your Comment

Click to reload image