शासकीय दंतेश्वरी महाविद्यालय में रंगोली एवं नुक्कड़ नाटक कार्यक्रम का सफल आयोजन
दंतेवाड़ा । शासकीय दंतेश्वरी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, दंतेवाड़ा में सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत ’’नमो सेवा गाथा’’ कार्यक्रम के तहत रंगोली तथा नुक्कड़ नाटक कार्यक्रम का भव्य आयोजन महाविद्यालय प्रांगण में किया गया। यह कार्यक्रम जिला प्रशासन एवं महाविद्यालय की एनएसएस इकाई के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ। दिनांक 22 सितंबर को आयोजित रंगोली कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने रंग-बिरंगे रंगों एवं फूलों के माध्यम से सेवा, स्वच्छता, राष्ट्रभक्ति एवं सामाजिक समरसता जैसे विषयों को अत्यंत सुंदर एवं कलात्मक ढंग से रंगोलियों में उकेरा। विद्यार्थियों की रचनात्मकता एवं बारीकी देखते ही बनती थी, जिसकी उपस्थित प्राध्यापकों एवं अतिथियों ने भूरि-भूरि प्रशंसा की। दिनांक 23 सितंबर को आयोजित नुक्कड़ नाटक कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपने सशक्त अभिनय एवं संवाद कौशल के माध्यम से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विभिन्न टीमों ने सामाजिक कुरीतियों, सेवा भावना, नशा मुक्ति, स्वच्छता एवं जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे ज्वलंत विषयों पर आधारित नाट्य प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों के जीवंत अभिनय एवं संवाद अदायगी ने उपस्थित दर्शकों की भरपूर तालियां बटोरीं तथा समाज को एक सशक्त संदेश देने में सफल रहीं। कार्यक्रम मुख्य अतिथि के रूप में जिला संयोजक मुकेश शर्मा, विशिष्ट अतिथि के रूप में रामू राम नेताम, प्रदेश मंत्री अनुसूचित जनजाति मोर्चा एवं जनपद सदस्य दंतेवाड़ा की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. के.एम. प्रसाद ने की। कार्यक्रम में उच्च शिक्षा विभाग, छत्तीसगढ़ के द्वारा नियुक्त नोडल अधिकारी प्रो. शिखा सरकार, सहायक नोडल अधिकारी के रूप में श्रीमती धारणा ठाकुर, वरिष्ठ प्राध्यापक प्रो. रत्नबाला मोहंती एवं कार्यक्रम के महाविद्यालय संयोजक एनएसएस प्रभारी दुष्यंत तारग उपस्थित रहे, जिन्होंने संपूर्ण आयोजन की रूपरेखा तैयार कर उसे सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. के. एम. प्रसाद ने कहा कि इस प्रकार की सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियाँ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि कला एवं अभिनय न केवल मनोरंजन का माध्यम है, बल्कि यह समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का एक सशक्त हथियार भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों को आत्मसात करते हुए समाज सेवा में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें तथा जन-जन तक सेवा एवं जागरूकता का संदेश पहुंचाएं। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, सहायक प्राध्यापक, अतिथि व्याख्याता, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।