छत्तीसगढ़ / दुर्ग

भिलाई पहुंची ‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ की टीम, कलाकारों ने युवाओं से किया संवाद

 भिलाई । धार्मिक फिल्म ‘महाकाव्य श्री रामायण कथा-श्री राम की’ की रिलीज से पहले फिल्म की टीम ने रायपुर और भिलाई में जमकर प्रमोशन किया। फिल्म के कलाकारों और निर्माता-निर्देशक ने अंजनेय यूनिवर्सिटी मॉल, संजय रुंगटा कॉलेज, सूर्या मॉल, सेक्टर-9 हनुमान मंदिर और खुर्सीपार के गणेश पंडाल में लोगों से मुलाकात की और युवाओं से संवाद किया। फिल्म 25 सितंबर 2026 को हिंदी और छत्तीसगढ़ी भाषा में देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।

युवाओं से बोले कलाकार- चुनौतियों से न घबराएं
संजय रुंगटा इंस्टीट्यूट में आयोजित पत्रकार वार्ता में फिल्म के कलाकारों, निर्माता और निर्देशक ने फिल्म से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। बातचीत के दौरान युवाओं के करियर, जीवन की चुनौतियों और मूल्यों पर भी चर्चा हुई। कलाकारों ने कहा कि मुश्किल परिस्थितियों से घबराकर पीछे हटने के बजाय धैर्य रखना, मेहनत करना और खुद पर विश्वास बनाए रखना जरूरी है।

फिल्म की कहानी और किरदारों के जरिए रामायण के मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की कोशिश की गई है। फिल्म का निर्देशन अभिषेक सिंह ने किया है, जबकि इसका निर्माण प्रकाश महोबिया और संजय बुंदेला ने किया है।

 
 
 

देव शर्मा बोले- ‘मैंने फिल्म साइन नहीं की, प्रभु राम ने मुझे चुना’
भगवान राम की भूमिका निभा रहे देव शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती पर राम का किरदार निभाना उनके लिए विशेष अनुभव रहा। उन्होंने कहा, “मैंने यह फिल्म साइन नहीं की, मुझे लगता है प्रभु राम ने मुझे चुना है।”

उन्होंने युवाओं से कहा कि हर व्यक्ति के भीतर राम और रावण दोनों तरह की प्रवृत्तियां होती हैं और व्यक्ति को अपने जीवन में तय करना होता है कि वह किस रास्ते पर आगे बढ़ना चाहता है। उन्होंने सत्य, मर्यादा और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।

अंजलि अरोड़ा ने बताया सीता के किरदार का महत्व
माता सीता की भूमिका निभा रहीं अंजलि अरोड़ा ने कहा कि सीता केवल त्याग की नहीं, बल्कि शक्ति, धैर्य और संघर्ष की भी प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि रामायण जैसे सिनेमा के जरिए युवा भारतीय संस्कृति और इतिहास को एक नए नजरिए से समझ सकते हैं।

अपने अनुभव साझा करते हुए अंजलि ने युवाओं को धैर्य रखने और खुद पर विश्वास करने की सीख दी। ट्रोलिंग को लेकर उन्होंने कहा कि आलोचना हर क्षेत्र में होती है और युवाओं को नकारात्मक बातों से घबराने के बजाय उनमें मौजूद सकारात्मक पहलू को लेने की कोशिश करनी चाहिए।

लक्ष्मण के किरदार में छत्तीसगढ़ के शील वर्मा
फिल्म में लक्ष्मण की भूमिका निभा रहे शील वर्मा छत्तीसगढ़ से जुड़े हैं। उन्होंने बताया कि दुर्ग में पढ़ाई के दौरान इंजीनियरिंग के तीसरे सेमेस्टर में उन्हें अभिनय के प्रति अपनी रुचि का अहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने अभिनय को करियर बनाने का फैसला किया और मुंबई पहुंचे।

शील वर्मा ने युवाओं से कहा कि उन्हें अपने भीतर के हुनर और रुचि को पहचानना चाहिए, मेहनत करनी चाहिए और चुनौतियों से पीछे नहीं हटना चाहिए।

छत्तीसगढ़ में भी हुई फिल्म की शूटिंग
फिल्म की शूटिंग छत्तीसगढ़ के कई स्थानों पर की गई है। टीम के मुताबिक भिलाई के सिविक सेंटर, दुर्ग, रायपुर, बस्तर, जगदलपुर और चित्रकूट सहित विभिन्न लोकेशंस पर फिल्म के हिस्से शूट किए गए हैं।

फिल्म में रजनीश दुग्गल रावण, निर्भय वाधवा हनुमान और शील वर्मा लक्ष्मण की भूमिका में नजर आएंगे।

25 सितंबर को हिंदी और छत्तीसगढ़ी में रिलीज
‘महाकाव्य श्री रामायण कथा-श्री राम की’ 25 सितंबर 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में हिंदी और छत्तीसगढ़ी भाषा में रिलीज होगी। फिल्म में राम, सीता, लक्ष्मण, रावण और हनुमान सहित रामायण के प्रमुख पात्रों की कथा को बड़े पर्दे पर प्रस्तुत किया गया है।

फिल्म के निर्माता-निर्देशक और कलाकारों का कहना है कि फिल्म के जरिए रामायण के मूल्यों और संदेश को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।

Leave Your Comment

Click to reload image