‘वूमेन फॉर टी’ का भुगतान लंबित रखा, बिलाईगढ़ CMO निलंबित
सारंगढ़ बिलाईगढ़ । बिलाईगढ़ नगर पंचायत में प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी यशवंत देवांगन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। नगरीय प्रशासन एवं विकास संचालनालय द्वारा 25 सितंबर को यह आदेश जारी किया गया है। आदेश के मुताबिक देवांगन पर ‘वूमेन फॉर टी’ का भुगतान लंबित रखने, परिषद के निर्धारित एजेंडा क्रमांक 21 में कूटरचना कर मूल विषय के स्थान पर अन्य विषय प्रस्तुत करने तथा स्वच्छता दीदियों के साथ अमर्यादित एवं अशोभनीय व्यवहार किए जाने के आरोप हैं।
इन मामलों में उन्हें प्रथम दृष्टया दोषी मानते हुए निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय क्षेत्रीय संयुक्त संचालक, नगरीय प्रशासन एवं विकास, बिलासपुर कार्यालय निर्धारित किया गया है। निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्राप्त करने की पात्रता होगी।
आते ही विवादों मे घिरे थे cmo
जैसे ही उन्होंने बिलाईगढ़ नगर पंचायत का पद भार ग्रहण किया था वैसे ही विवादो मे घिर गए थे। कुछ दिन पहले एसडीएम, तहसीलदार और अन्य अधिकारियों के खिलाफ थाने मे शिकायत की थी। उसके बाद एसडीएम-तहसीलदार को वहां से हटा दिया गया था उसके बाद फिर एक जन प्रतिनिधि ने cmo के खिलाफ शिकायत की थी। फिलहाल अभी cmo यशवंत देवागन को निलंबित कर दिया गया है।