छत्तीसगढ़ / बिलासपुर

सेवा संकल्प अभियान : सेवा की कहानी सौर सुजला योजना बनी किसान हरण सिंह के लिए वरदान

सोलर पंप से रबी-खरीफ दोनों फसलों का कर रहे उत्पादन, मिल रहा अच्छा मुनाफा
बिलासपुर, 25 सितंबर 2026/मस्तूरी विकासखंड के ग्राम जुहली निवासी किसान हरण सिंह के लिए शासन की सौर सुजला योजना खेती-किसानी के लिए वरदान बन गई है। कभी सिंचाई के लिए बारिश पर निर्भर रहने वाले हरण सिंह अब सोलर पंप की मदद से रबी और खरीफ दोनों मौसम में फसलों का उत्पादन कर रहे हैं और खेती से अच्छा मुनाफा कमा रहे हैं।

    हरण सिंह ने बताया कि पहले खेती के लिए उन्हें बारिश का इंतजार करना पड़ता था। सिंचाई की पर्याप्त सुविधा नहीं होने के कारण खेती करना चुनौतीपूर्ण था। शासन की सौर सुजला योजना के तहत अनुदान सहायता का लाभ लेकर उन्होंने अपने खेत में सोलर पंप स्थापित करवाया। इसके साथ ही कृषि कार्य के लिए सिंचाई पाइप भी खरीदा। सोलर पंप स्थापित होने के बाद अब सिंचाई के लिए उन्हें न तो बारिश पर निर्भर रहना पड़ता है और न ही बिजली का इंतजार करना पड़ता है। सौर ऊर्जा से संचालित पंप के माध्यम से खेतों में जरूरत के अनुसार सिंचाई हो रही है। इससे उनकी खेती का दायरा बढ़ा है और वे अब रबी एवं खरीफ दोनों फसलों का उत्पादन कर पा रहे हैं।
       सौर सुजला योजना ऐसे किसानों के लिए महत्वपूर्ण साबित हो रही है, जिन्हें सिंचाई के लिए बिजली की उपलब्धता की समस्या का सामना करना पड़ता है। सोलर पंप के माध्यम से किसानों को सिंचाई का वैकल्पिक और सुविधाजनक साधन मिल रहा है। इसके अलावा हरण सिंह को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ भी मिल रहा है। सम्मान निधि से प्राप्त राशि खेती-किसानी से जुड़े आवश्यक खर्चों में उनके लिए आर्थिक सहारा बन रही है। शासन की योजनाओं का लाभ लेकर हरण सिंह अब अधिक सुविधाजनक तरीके से खेती कर रहे हैं। सौर सुजला योजना से मिली सिंचाई सुविधा ने उनकी खेती को बारिश की अनिश्चितता से बाहर निकालकर उत्पादन और आमदनी बढ़ाने की दिशा में नया आधार दिया है।
रचना/
--00--
समाचार
सेन शक्ति सम्मेलन एवं केश शिल्पी सम्मान समारोह 26 को

केंद्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू होंगे शामिल  
बिलासपुर, 25 सितम्बर 2026/छत्तीसगढ़ राज्य केश शिल्पी कल्याण बोर्ड एवं समाज कल्याण विभाग के तत्वावधान में 26 सितंबर 2026 को सेन शक्ति सम्मेलन एवं केश शिल्पी सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन पं. दीनदयाल उपाध्याय सभागार, बिलासपुर में शाम 4.30 बजे से होगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव करेंगे।
       विशिष्ट अतिथियों में विधायक सर्वश्री श्री अमर अग्रवाल, श्री धरमलाल कौशिक, श्री धर्मजीत सिंह, श्री सुशांत शुक्ला एवं महापौर श्रीमती पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी, श्री दीपक सिंह, श्रीमती हर्षिता पांडेय तथा श्री पुनीतराम सिंह सहित सेन समाज एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।  
      केश शिल्प व्यवसाय में संलग्न लोगों के समग्र कल्याण, आर्थिक सशक्तीकरण और सामाजिक पुनर्वास के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ राज्य केश शिल्पी बोर्ड का गठन किया गया है। बोर्ड की योजनाओं को समाज तक पहुंचाने तथा केश शिल्पियों को सशक्त एवं प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति की अपील की गई है।    
रचना/
--00--
समाचार
अपर कलेक्टर ने ग्राम मोहदा में फसल भौतिक सत्यापन कार्य का किया निरीक्षण

मौके पर पहुंचकर खसरा नंबरों का सत्यापन एवं जियो-लोकेशन आधारित डेटा प्रविष्टि की देखी प्रक्रिया
बिलासपुर, 25 सितंबर 2026/अपर कलेक्टर श्री वीरेंद्र बहादुर पंचभाई ने आज तहसील बिल्हा के ग्राम मोहदा पहुंचकर फसल भौतिक सत्यापन कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने फसल भौतिक सत्यापन ऐप में प्राप्त खसरा नंबरों के आधार पर मौके पर जाकर फसल की स्थिति के सत्यापन तथा संबंधित खसरे का लॉन्गिट्यूड एवं लैटिट्यूड दर्ज कर डेटा प्रविष्टि की प्रक्रिया का जायजा लिया।

      अपर कलेक्टर ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से सत्यापन कार्य की प्रगति की जानकारी ली और निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप कार्य को गुणवत्तापूर्वक एवं समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने फसल सत्यापन के दौरान मौके की वास्तविक स्थिति के आधार पर सही एवं सटीक जानकारी दर्ज करने पर विशेष ध्यान देने को कहा। निरीक्षण के दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व बिल्हा श्रीमती आकांक्षा त्रिपाठी, तहसीलदार, भू-अभिलेख अधीक्षक, नायब तहसीलदार, पटवारी एवं सर्वेयर सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
पटेल/
--00--
समाचार
युवा रत्न सम्मान : 30 अक्टूबर तक जमा होंगे आवेदन
बिलासपुर, 25 सितम्बर 2026/खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा युवाओं और स्वैच्छिक संगठनों के उत्कृष्ट कार्यों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से “युवा रत्न सम्मान” वर्ष 2026-27 के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। सम्मान के लिए 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं द्वारा सामाजिक, सांस्कृतिक, साहित्यिक, साहसिक, शैक्षणिक, खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में किए गए उल्लेखनीय कार्यों को शामिल किया गया है। आवेदन जमा करने की तिथि 1 अक्टूबर 2026 से 30 अक्टूबर 2026 तक निर्धारित है। योजना की विस्तृत जानकारी, आवेदन पत्र का प्रारूप एवं मार्गदर्शिका विभाग की वेबसाइट sportsyw.cg.gov.in से प्राप्त की जा सकती है।
         योजना के तहत एक स्वैच्छिक संगठन तथा 14 विभिन्न क्षेत्रों में एक-एक उत्कृष्ट युवा का चयन किया जाएगा। चयनित स्वैच्छिक संगठन को पदक, शॉल, प्रशस्ति पत्र सहित 5 लाख रुपए की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। वहीं, असाधारण एवं विशिष्ट सेवा कार्य के लिए चयनित युवा को 2.50 लाख रुपए तथा अन्य 13 क्षेत्रों में चयनित युवाओं को प्रत्येक 1 लाख रुपए की पुरस्कार राशि के साथ पदक, शॉल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। आवेदन सहायक संचालक, खेल एवं युवा कल्याण, स्व. बी.आर. यादव राज्य खेल प्रशिक्षण केंद्र, बहतराई, जिला-बिलासपुर के कार्यालय में जमा किए जा सकेंगे।
रचना/
--00--
समाचार
आंगन मिलन सेवा में गूंजा सेवा का संकल्प, विधायक श्री धर्मजीत सिंह हुए शामिल, स्वयं परोसा बच्चों को भोजन

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और मितानिनों का किया सम्मान    
बिलासपुर, 25 सितंबर 2026/सेवा संकल्प अभियान के पूरे जिले में आंगन मिलन सेवा का आयोजन आज से किया जा रहा है। इसी क्रम में एकीकृत बाल विकास परियोजना सकरी के आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 07 में आयोजित ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम में तखतपुर विधायक श्री धर्मजीत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और मितानिनों के सेवाभाव की सराहना की।
       विधायक श्री धर्मजीत सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सेवा, जनभागीदारी और जनकल्याण की भावना को आगे बढ़ाया जा रहा है। सेवा संकल्प अभियान इसी भावना को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और मितानिन बच्चों के पोषण, मातृ स्वास्थ्य और जागरूकता के लिए जमीनी स्तर पर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती मीना उपाध्याय, श्रीमती बिकुला मरकाम, श्रीमती कुंती कोरी, श्रीमती उर्मिला साहू तथा मितानिन श्रीमती गौतरहीन मेहर का सम्मान किया गया। सुपोषित बच्चों रुद्र नेति, आदिक पाणिक, तनिष्का वस्त्रकार, शिवांश ध्रुव एवं प्रियांशी पाटले की माताओं को भी सम्मानित किया गया।
     इस अवसर पर न्यौता भोज के साथ महिलाओं एवं बच्चों के लिए भी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्री सुरेश सिंह भी मौजूद थे। आंगनबाड़ी केंद्र सकरी-07 की कार्यकर्ता श्रीमती माधुरी कोरी को बच्चों के लिए खिलौने प्रदान किए गए। कार्यक्रम के अंत में सीडीपीओ सकरी ने आभार व्यक्त किया। इस दौरान एकीकृत बाल विकास परियोजना सकरी के सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।
रचना/
--00--
समाचार
दिव्यांगजनों के लिए समाज कल्याण विभाग द्वारा विशेष सुविधाओं की व्यवस्था  
बिलासपुर, 25 सितम्बर 2026/दिव्यांगजनों को शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सहजता से उपलब्ध कराने तथा उनकी जरूरतों के अनुरूप सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए समाज कल्याण विभाग द्वारा निरंतर कार्य किया जा रहा है। जिले में दिव्यांगजनों के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित हैं, जिनका लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए विभागीय स्तर पर आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं।  
        विभाग द्वारा मूक-बधिर सहित अन्य दिव्यांगजनों की आवश्यकताओं और समस्याओं को ध्यान में रखते हुए उन्हें संबंधित योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जाता है। विभागीय कार्यक्रमों में मूक-बधिर दिव्यांगजनों की सहभागिता सुनिश्चित की जाती है। आवश्यकता के अनुसार कार्यक्रमों में विशेष शिक्षकों की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाती है, ताकि दिव्यांगजन कार्यक्रमों से सहज रूप से जुड़ सकें। विभाग ने बताया कि शिक्षित श्रवण बाधित व्यक्तियों के लिए लिखित रूप से संवाद की सुविधा भी उपलब्ध है। इसके साथ ही समाज कल्याण विभाग की वेबसाइट पर दिव्यांगजनों के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी विस्तार से उपलब्ध कराई गई है। दिव्यांगजन वेबसाइट के माध्यम से योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर पात्रतानुसार उनका लाभ ले सकते हैं।
रचना/
--00--

Leave Your Comment

Click to reload image