छत्तीसगढ़ / सूरजपुर

जिलेभर के सभी शासकीय प्राथमिक विद्यालयों में शुरू हुआ शब्दबीज शैक्षिक नवाचार

 प्रतिदिन नए शब्द के अभ्यास से बढ़ेगी भाषा की समझ,शब्दों से निखरेगी अभिव्यक्ति

सूरजपुर/09 अक्टूबर 2026

बच्चों की भाषा को समृद्ध बनाने, शब्द भंडार बढ़ाने और उनके बोलने, पढ़ने, लिखने एवं अभिव्यक्ति कौशल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में कलेक्टर श्रीमती रेना जमील के मार्गदर्शन में अभिनव पहल की गई है। जिला प्रशासन एवं समग्र शिक्षा की पहल पर संचालित शब्दबीज नवाचार जिलेभर के सभी शासकीय प्राथमिक विद्यालयों में शुभारंभ हो गया है। इस पहल के माध्यम से बच्चों के मन में शब्दों के बीज बोकर उनके ज्ञान, कल्पनाशीलता और आत्मविश्वास का विकास करने का लक्ष्य रखा गया है।
शब्दबीज केवल प्रतिदिन एक नया शब्द याद करने की गतिविधि नहीं है, बल्कि बच्चों को शब्दों से जोड़ने, उनके अर्थ समझने, सही उच्चारण करने, वाक्य बनाने और सीखे गए शब्दों का वास्तविक जीवन में प्रयोग करने की एक व्यवस्थित शैक्षिक पहल है। इसका मूल मंत्र है - एक शब्द प्रतिदिन, ज्ञान का वृक्ष जीवनभर।

याद करने से आगे बढ़कर शब्दों को जीवन में उतारेंगे बच्चे
अक्सर बच्चे पाठ्यपुस्तकों में शब्द पढ़ तो लेते हैं, लेकिन उन्हें बातचीत और स्वतंत्र अभिव्यक्ति में इस्तेमाल करने में कठिनाई महसूस करते हैं। शब्दबीज इसी चुनौती का समाधान तलाशने का प्रयास है। इसके अंतर्गत बच्चों को प्रतिदिन एक नए शब्द से परिचित कराया जाएगा। वे शब्द को सुनेंगे, उसका सही उच्चारण करेंगे, अर्थ समझेंगे, बोलेंगे, पढ़ेंगे, लिखेंगे और अपने दैनिक जीवन में उसका प्रयोग करना सीखेंगे।
शब्दबीज के माध्यम से बच्चों की शब्द संपदा के साथ-साथ सुनने, बोलने, पढ़ने, लिखने और समझने की क्षमता को विकसित करने पर जोर दिया जाएगा। इसका उद्देश्य है कि बच्चे केवल शब्दों को याद न करें, बल्कि उन्हें आत्मविश्वास के साथ अपनी बातचीत और अभिव्यक्ति का हिस्सा बनाएं

शब्द से संवाद, संवाद से विचार और विचार से अभिव्यक्ति बनेगा आधार
शब्दबीज नवाचार की अवधारणा इस विचार पर आधारित है कि भाषा का विकास केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। शब्दों के माध्यम से बच्चे अपने विचारों को स्पष्ट करना, दूसरों से संवाद करना और अपनी बात प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना सीखते हैं। इसी सोच के साथ इस नवाचार में शब्दों को बच्चों के दैनिक अनुभवों, परिवेश और जीवन की परिस्थितियों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया है।जिससे कक्षाओं में भाषा सीखने की प्रक्रिया को अधिक रोचक, सहज, सहभागी और व्यवहारिक बनाना है, ताकि बच्चे बिना झिझक अपनी बात कह सकें और धीरे-धीरे स्वतंत्र रूप से पढ़ने-लिखने की दिशा में आगे बढ़ें।

शिक्षक बने शब्दबीज के संवर्धक
इस नवाचार के प्रभावी क्रियान्वयन में शिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। शिक्षक बच्चों को नए शब्दों से परिचित कराने के साथ उनके अर्थ, उच्चारण और प्रयोग को गतिविधियों के माध्यम से स्पष्ट करेंगे। बच्चों को शब्दों से वाक्य बनाने, प्रश्न पूछने, बातचीत करने और अपने अनुभव साझा करने का अवसर दिया जाएगा और उन्हें प्रोत्साहित किया जाएगा।शब्दबीज का मूल उद्देश्य बच्चों पर अतिरिक्त शैक्षणिक बोझ डालना नहीं, बल्कि नियमित शिक्षण प्रक्रिया में छोटी-छोटी गतिविधियों के माध्यम से शब्द सीखने को आनंददायक बनाना है। प्रत्येक दिन का एक शब्द बच्चों की शब्द संपदा में एक नई कड़ी जोड़ेगा और निरंतर अभ्यास से उनकी अभिव्यक्ति को अधिक प्रभावी बनाने में मदद करेगा।

जिले की प्राथमिक शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने की दिशा में पहल
प्रारंभिक कक्षाओं में भाषा की मजबूत नींव आगे की सभी विषयगत सीखने की प्रक्रियाओं के लिए महत्वपूर्ण होती है। शब्दों को समझने और उनका सही प्रयोग करने की क्षमता बच्चों को पाठ्यपुस्तकें समझने, प्रश्नों के उत्तर देने, अपने विचार लिखने तथा कक्षा में सक्रिय भागीदारी करने में सहायता करती है।
ऐसे में शब्दबीज नवाचार को प्राथमिक शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और बच्चों में भाषा के प्रति रुचि विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है। इसकी सफलता नियमित क्रियान्वयन, शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी और बच्चों द्वारा सीखे गए शब्दों के व्यवहारिक प्रयोग पर निर्भर करेगी।
हर बच्चा - हर दिन - एक नया शब्द की भावना के साथ शुरू हुई यह पहल सूरजपुर के प्राथमिक विद्यालयों में भाषा शिक्षण को अधिक जीवंत, सरल और प्रभावी बनाने की दिशा में एक नया कदम है।

Leave Your Comment

Click to reload image