विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर 10वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता एवं तनाव प्रबंधन कार्यशाला आयोजित
सूरजपुर/09 अक्टूबर 2026
विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस एवं सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम टीम द्वारा मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता सप्ताह मनाया जा रहा है। जागरूकता सप्ताह 05 अक्टूबर 2026 से 10 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत जिले में विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।इसी क्रम में आज राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत 10वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, कनकपुर-सिलफिली, में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता एवं तनाव प्रबंधन कार्यशाला का आयोजन वर्ष 2026 के विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस Lived Experiences Heard, Real Voices, Real Change की थीम आयोजित पर किया गया।
कार्यक्रम में क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट श्री सचिन मातुरकर एवं सोशल वर्कर सुश्री प्रियंका मंडल द्वारा जवानों एवं कर्मचारियों को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व तथा तनाव के प्रभावी प्रबंधन के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि मानसिक स्वास्थ्य व्यक्ति की सोच, भावनाओं, व्यवहार, निर्णय क्षमता, कार्यक्षमता तथा पारिवारिक एवं सामाजिक संबंधों से जुड़ा महत्वपूर्ण पक्ष है। मानसिक रूप से स्वस्थ व्यक्ति कठिन परिस्थितियों में धैर्य, आत्मविश्वास और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ बेहतर निर्णय लेने में सक्षम होता है।
कार्यशाला में बताया गया कि सुरक्षा बलों के जवानों को चुनौतीपूर्ण ड्यूटी, कार्य का दबाव, सतत सतर्कता, पारिवारिक दूरी, अनियमित कार्य-समय एवं अन्य परिस्थितियों के कारण तनाव का अनुभव हो सकता है। तनाव को कमजोरी नहीं, बल्कि एक सामान्य मानवीय प्रतिक्रिया के रूप में समझते हुए उसका समय पर प्रबंधन करना आवश्यक है। लंबे समय तक बना तनाव व्यक्ति की नींद, एकाग्रता, व्यवहार, शारीरिक स्वास्थ्य एवं कार्यक्षमता को प्रभावित कर सकता है।
जवानों को तनाव के प्रारंभिक लक्षणों जैसे लगातार चिंता या उदासी, चिड़चिड़ापन, नींद में कमी, अत्यधिक थकान, मन न लगना, एकाग्रता में कमी, नकारात्मक विचार तथा सामाजिक दूरी की पहचान के संबंध में जागरूक किया गया। साथ ही जानकारी दी गई कि ऐसे लक्षण दिखाई देने पर समस्या को छिपाने के बजाय परिवारजन, विश्वसनीय सहकर्मी अथवा मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से समय पर परामर्श लेना चाहिए।
तनाव प्रबंधन के उपायों पर चर्चा करते हुए नियमित योग, प्राणायाम एवं व्यायाम, पर्याप्त नींद, संतुलित आहार, समय प्रबंधन, सकारात्मक सोच, मनोरंजन एवं रुचिकर गतिविधियों के लिए समय निकालने तथा परिवार और सहकर्मियों के साथ संवाद बनाए रखने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम में टेली-मानस हेल्पलाइन 14416 एवं 1800-891-4416 के संबंध में जानकारी दी गई। बताया गया कि इस हेल्पलाइन के माध्यम से नागरिकों को निःशुल्क, गोपनीय तथा चौबीसों घंटे मानसिक स्वास्थ्य संबंधी परामर्श एवं सहायता उपलब्ध कराई जाती है।
कार्यशाला में 10वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के श्री प्रशांत सिंह कमांडेट 10वीं वाहिनी, डॉ.विनीत सिंह, कंपनी कमांडर श्री चंद्रेश नेताम, प्लाटून कमांडर श्री बैगा राम प्रशिक्षण स्टाफ एवं रिफ्रेशर कोर्स 10वाँ कर सत्र में सम्मिलित 40 अधिकारी/कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता की।
गौरतलब है आयोजित कार्यशाला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह तथा सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. अजय मरकाम, कार्यशाला नोडल अधिकारी, मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम डॉ. राजेश पैकरा एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री संदीप नामदेव के मार्गदर्शन में संपन्न हुई।