कवर्धा। वन्यप्राणी सप्ताह 2026 एवं सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत वनमंडलाधिकारी कवर्धा निखिल अग्रवाल के नेतृत्व एवं भोरमदेव अभयारण्य अधीक्षक श्रीमती अनिता साहू के मार्गदर्शन में सरस्वती शिशु मंदिर, कवर्धा में विद्यार्थियों के लिए लाइव स्टोन पेंटिंग एवं चित्रकला सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में चितेरे फाउंडेशन के सहयोग से कलाकार श्री बलबीर विश्वकर्मा, श्री प्रभात विश्वकर्मा एवं श्री मन्नू मरावी द्वारा विद्यार्थियों को पत्थरों पर वन्यजीव एवं प्रकृति आधारित चित्रांकन की तकनीक सिखाई गई।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। साथ ही स्टोन पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने वन्यजीव एवं प्रकृति संरक्षण की भावना को अपनी कलाकृतियों के माध्यम से अभिव्यक्त किया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत एवं सम्मानित किया गया।
आयोजन का उद्देश्य बच्चों में प्रकृति, वन्यजीव एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने के साथ-साथ उनकी रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करना रहा। वन विभाग एवं चितेरे फाउंडेशन द्वारा विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता की सराहना करते हुए उन्हें प्रकृति एवं वन्यजीव संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का आयोजन वन विभाग की श्रीमती मीना धुर्वे, श्रीमती अहिल्या ठाकुर, श्री फलित यादव एवं श्री लालचंद साहू द्वारा किया गया।
*चिल्फी पीड़ाघाट में स्वच्छता अभियान के साथ वन्यप्राणी सप्ताह का समापन*
वन्यप्राणी सप्ताह 2026 के समापन अवसर पर चिल्फी स्थित पीड़ाघाट में वन विभाग द्वारा स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान पीड़ाघाट क्षेत्र में साफ-सफाई कर पर्यावरण को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने का संदेश दिया गया। अभियान का उद्देश्य प्राकृतिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने तथा पर्यटन स्थलों को स्वच्छ रखने के लिए सामूहिक सहभागिता को प्रोत्साहित करना रहा।
उक्त स्वच्छता कार्यक्रम में परिक्षेत्र अधिकारी, चिल्फी एवं उनके अधीनस्थ वन अमले की उपस्थिति रही। वन अमले ने स्वच्छता अभियान में सहभागिता करते हुए प्राकृतिक परिवेश को स्वच्छ बनाए रखने तथा वन एवं वन्यजीव संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस प्रकार वन्यप्राणी सप्ताह का समापन स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ किया गया।
वन विभाग द्वारा वन्यप्राणी सप्ताह एवं सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को वन्यजीव संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन तथा स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।