बिलासपुर में नशे का कारोबार बेखौफ, पुलिस के दावों पर उठ रहे सवाल, पुलिस अधीक्षक मौन
बिलासपुर |
2026-11-11 16:13:41
बिलासपुर। शहर में नशे का कारोबार लगातार पैर पसारता नजर आ रहा है। पुलिस प्रशासन की ओर से समय-समय पर शहर को नशामुक्त बनाने और नशे के कारोबार पर कार्रवाई के दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इन दावों से अलग दिखाई दे रही है। शहर के कई इलाकों में नशे का सेवन करने वालों और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों की मौजूदगी खुलेआम देखी जा रही है।
बताया जा रहा है कि युवाओं में इंजेक्शन, नशीली सिरप और नाइट्रा जैसी प्रतिबंधित दवाओं के सेवन का चलन बढ़ रहा है। नशे के प्रभाव में कुछ युवाओं द्वारा चाकू और छुरे जैसे हथियारों का इस्तेमाल किए जाने की घटनाएं भी सामने आती रही हैं। इससे आम लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।
शहर के कई हिस्सों में देर रात तक पान ठेले और छोटी-बड़ी दुकानें खुली रहती हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुछ दुकानों पर देर रात तक असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। जूनालाइन, गोंडपारा सहित शहर के कई मोहल्लों में रात के समय ऐसी गतिविधियां देखी जाती हैं। लोगों का कहना है कि देर रात तक दुकानों के खुले रहने से असामाजिक तत्वों को एक जगह जुटने का मौका मिलता है, जिससे विवाद और अपराध की आशंका बढ़ जाती है।
एक तरफ पुलिस प्रशासन नशामुक्त शहर बनाने की बात करता है, वहीं दूसरी ओर शहरवासी नशे के बढ़ते प्रभाव और उससे जुड़े अपराधों को लेकर चिंतित हैं। खासकर चाकू-छुरी से जुड़े मामलों में बढ़ोतरी ने पुलिस की रात्रिकालीन निगरानी और पेट्रोलिंग व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं।
स्थानीय लोगों की मांग है कि रात के समय प्रमुख इलाकों के साथ-साथ मोहल्लों में भी नियमित पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए। देर रात तक खुले रहने वाले दुकानों और पान ठेलों की जांच की जाए तथा नशे के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। लोगों का मानना है कि पुलिस की सक्रिय निगरानी और लगातार कार्रवाई से नशे के कारोबार के साथ-साथ उससे जुड़े अपराधों पर भी काफी हद तक अंकुश लगाया जा सकता है।