बिलासपुर शहर की राशन दुकानों में चावल का बड़ा खेल, हितग्राहियों के हक पर डाका!
बिलासपुर |
2026-11-11 16:24:27
बिलासपुर शहर की राशन दुकानों में चावल के वितरण को लेकर बड़े पैमाने पर अनियमितता किए जाने का मामला सामने आ रहा है। केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का खुलेआम दुरुपयोग करते हुए राशन दुकान संचालकों द्वारा हितग्राहियों के हक का राशन उन्हें देने के बजाय पैसों का लालच देकर अपना कारोबार चलाया जा रहा है।
आरोप है कि राशन दुकानों में हितग्राहियों को चावल, शक्कर और गेहूं देने के बजाय सीधे 18 से 19 रुपये प्रति किलो के हिसाब से पैसे देकर चलता कर दिया जाता है, जबकि यही चावल खुले बाजार में 20 से 22 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बेचा जा रहा है। इस तरह राशन दुकान संचालकों द्वारा लाखों रुपये का खेल किए जाने की आशंका है।
जबकि शासन द्वारा राशन कार्ड की व्यवस्था ऑनलाइन कर दी गई है, जिसके तहत हितग्राही एक शहर से दूसरे शहर और एक मोहल्ले से दूसरे मोहल्ले में जाकर भी अपना राशन प्राप्त कर सकते हैं। इसके बावजूद राशन दुकान संचालक हितग्राहियों को राशन देने के बजाय पैसे थमाकर वापस भेज रहे हैं।
वहीं, सैकड़ों राशन कार्डधारकों को शक्कर का वितरण बंद कर परेशान किया जा रहा है। कई राशन कार्ड भी बंद किए जा चुके हैं। केवाईसी (KYC) के नाम पर आम जनता को परेशान करने के साथ ही उनके राशन के अधिकारों से वंचित किया जा रहा है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब शासन द्वारा गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए मुफ्त एवं रियायती राशन की व्यवस्था की गई है, तो आखिर हितग्राहियों तक उनका पूरा राशन क्यों नहीं पहुंच रहा है? क्या खाद्य विभाग के अधिकारियों को इन अनियमितताओं की जानकारी नहीं है, या फिर उनकी निगरानी में कमी के कारण राशन दुकान संचालकों के हौसले बुलंद हैं? शासन-प्रशासन को इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि आम जनता को उनके हक का राशन मिल सके।