जनजातीय गौरव सप्ताह में दिखेगी जनजातीय संस्कृति और विकास की झलक, 17 नवंबर को सरदार पटेल मैदान में होगा जिला स्तरीय भव्य समारोह
जनजातीय महापुरुषों के सम्मान, पारंपरिक कला-संस्कृति और शासकीय योजनाओं की प्रदर्शनी रहेगी प्रमुख आकर्षण
बालोद, नवंबर 2026/
जनजातीय समाज की गौरवशाली परंपरा, समृद्ध संस्कृति और विकास की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिले में 11 से 18 नवंबर तक जनजातीय गौरव सप्ताह मनाया जा रहा है। इस दौरान जिले में विभिन्न सांस्कृतिक, रचनात्मक और जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार इन कार्यक्रमों के सफल और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए विभिन्न विभागों एवं अधिकारियों को नामजद जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। कार्यक्रमों के माध्यम से जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान, पारंपरिक कला एवं संस्कृति के साथ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाई जाएगी।
चित्रकला प्रतियोगिता से लेकर स्वच्छता अभियान तक होंगे आयोजन
जनजातीय गौरव सप्ताह के अंतर्गत 13 से 15 नवंबर तक जिले के सभी छात्रावासों एवं आश्रमों में जनजातीय विषयों पर आधारित चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इसकी जिम्मेदारी आदिवासी विकास विभाग को सौंपी गई है।
इसी क्रम में 16 नवंबर को जिले के जनजातीय महापुरुषों एवं अन्य महापुरुषों की प्रतिमाओं के आसपास स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में दीप प्रज्ज्वलन भी किया जाएगा। ग्राम पंचायत क्षेत्रों में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत, नगरीय क्षेत्रों में संबंधित मुख्य नगर पालिका अधिकारी तथा छात्रावासों एवं आश्रमों में आदिवासी विकास विभाग को इसकी जिम्मेदारी दी गई है।
इसके साथ ही 16 नवंबर को जिला मुख्यालय स्थित ऑडिटोरियम में जनजातीय विषयों पर जिला स्तरीय संगोष्ठी एवं सेमिनार का आयोजन किया जाएगा।
17 नवंबर को सरदार पटेल मैदान में होगा मुख्य समारोह
जनजातीय गौरव सप्ताह का जिला स्तरीय मुख्य समारोह 17 नवंबर को सरदार वल्लभभाई पटेल मैदान बालोद में आयोजित किया जाएगा। समारोह में जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत, वीरता, परंपराओं और विकास की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा।
समारोह के प्रमुख आकर्षणों में जनजातीय क्रांतियों के नायकों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों का सम्मान, जनजातीय समाज के प्रमुखों एवं उप-प्रमुखों का अभिनंदन तथा पारंपरिक वाद्य यंत्रों, कला, संस्कृति और चित्रकला की प्रदर्शनी शामिल रहेगी।
इसके अलावा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों पर आधारित विशेष प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसमें पारंपरिक शिल्पकला, जनजातीय व्यंजन और पुस्तक मेले के माध्यम से जनजातीय समाज की जीवनशैली एवं सांस्कृतिक विरासत को करीब से जानने का अवसर मिलेगा। विभिन्न प्रतियोगिताओं के प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया जाएगा। समारोह में मंत्री, सांसद एवं विधायकगणों की गरिमामयी उपस्थिति में पत्रकारवार्ता भी आयोजित की जाएगी।
अधिकारियों को आपसी समन्वय से आयोजन सफल बनाने के निर्देश
कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने सहायक आयुक्त आदिवासी विकास, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत एवं जनपद पंचायत तथा सभी मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का समय पर निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्यक्रमों की तैयारियां पूरी करने तथा प्रत्येक आयोजन को गरिमामय एवं सफल बनाने पर विशेष ध्यान देने को कहा है।
गौरतलब है कि जनजातीय गौरव सप्ताह के माध्यम से जिले में जनजातीय समाज की समृद्ध विरासत, महापुरुषों के योगदान और शासन की विकासपरक योजनाओं को व्यापक पहचान मिलेगी। साथ ही नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपरा और गौरवशाली इतिहास से जुड़ने का अवसर भी प्राप्त होगा।