छत्तीसगढ़ / सूरजपुर

गांव में ही धान खरीदी केंद्र खुलने से किसानों को मिली बड़ी राहत, तुहर टोकन ऐप से आसानी से मिल रहा टोकन

 नवीन धान खरीदी केंद्रों से दूरी और परिवहन की परेशानी हुई कम, किसानों ने जताई खुशी

सूरजपुर  नवंबर 2026

किसानों की सुविधा और धान खरीदी को सुगम बनाने के उद्देश्य से जिले में नवीन धान खरीदी केंद्रों की शुरुआत से किसानों को बड़ी राहत मिली है। अब किसानों को धान बेचने के लिए दूर स्थित उपार्जन केंद्रों तक नहीं जाना पड़ रहा है। गांव के नजदीक ही खरीदी केंद्र उपलब्ध होने से समय, श्रम और परिवहन खर्च की बचत हो रही है।
तिवरागुड़ी पंचायत में नवीन धान खरीदी केंद्र खुलने से क्षेत्र के किसानों में खुशी है। उमापुर के किसान श्री तेज साहू, श्री सोमार साय एवं मकरंदीपुर के श्री रविशंकर देवांगन ने बताया कि पहले उन्हें धान बेचने के लिए उमापुर धान खरीदी केंद्र तक जाना पड़ता था। इससे परिवहन और समय को लेकर परेशानी होती थी। अब गांव में ही नवीन धान खरीदी केंद्र शुरू होने से यह समस्या दूर हो गई है और धान विक्रय करना काफी आसान हो गया है।
किसानों ने बताया कि इस वर्ष तुहर टोकन ऐप के माध्यम से घर बैठे आसानी से धान विक्रय के लिए टोकन मिल गया। टोकन प्राप्त करने में भी किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई। उन्होंने कहा कि शासन की इस व्यवस्था से धान खरीदी प्रक्रिया अधिक सुविधाजनक हुई है। गांव के नजदीक खरीदी केंद्र और ऑनलाइन टोकन की सुविधा मिलने से किसानों को काफी सहूलियत मिल रही है।

Leave Your Comment

Click to reload image