रेवाबंध तालाब का होगा कायाकल्प, 3.80 करोड़ की लागत से बनेगी भव्य कृष्ण वाटिका
कबीरधाम |
2026-11-17 14:01:39
धार्मिक आस्था, हरियाली और आधुनिक सुविधाओं का होगा संगम, शहरवासियों को मिलेगा मनोरंजन और सुकून का नया केंद्र
कवर्धा। शहर के सौंदर्यीकरण और नागरिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में रेवाबंध तालाब को एक नई पहचान मिलने जा रही है। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा की मंशा के अनुरूप ऐतिहासिक रेवाबंध तालाब का कायाकल्प कर यहां 3 करोड़ 80 लाख रुपये की लागत से भव्य कृष्ण वाटिका विकसित की जाएगी। इस परियोजना के लिए निविदा जारी कर दी गई है। निविदा में भाग लेने की अंतिम तिथि 19 नवंबर निर्धारित की गई है।
नगर पालिका परिषद द्वारा नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी के नेतृत्व में शहर के प्रमुख स्थलों के विकास और सौंदर्यीकरण के लिए विभिन्न कार्य किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में भव्य हनुमंत वाटिका के बाद अब रेवाबंध तालाब में कृष्ण वाटिका का निर्माण शहर के सौंदर्यीकरण की एक नई पहल होगी।
आस्था और आधुनिक सुविधाओं से सजेगी कृष्ण वाटिका
नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने बताया कि कृष्ण वाटिका को धार्मिक आस्था, प्राकृतिक सुंदरता और आधुनिक सुविधाओं के समन्वय से विकसित करने की योजना है। यहां आकर्षक पाथवे, हरियाली, पुष्प सज्जा, बैठने की व्यवस्था, आकर्षक विद्युत प्रकाश, बच्चों के लिए झूले और ओपन जिम सहित विभिन्न नागरिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि शहर के विकास के साथ-साथ यहां की सांस्कृतिक पहचान, धार्मिक आस्था और प्राकृतिक सुंदरता को भी संरक्षित एवं प्रोत्साहित करना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से रेवाबंध तालाब को एक व्यवस्थित और आकर्षक सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा।
सुबह-शाम सैर और मनोरंजन का बनेगा प्रमुख केंद्र
कृष्ण वाटिका का उद्देश्य केवल तालाब का सौंदर्यीकरण करना नहीं, बल्कि इसे शहरवासियों के लिए एक उपयोगी सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित करना भी है। वाटिका तैयार होने के बाद नागरिक सुबह-शाम यहां सैर कर सकेंगे तथा परिवार के साथ प्रकृति के बीच सुकून के पल बिता सकेंगे। हरियाली और बैठने की बेहतर व्यवस्था से यह स्थल वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, युवाओं और बच्चों के लिए भी उपयोगी साबित होगा।
कवर्धा की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को मिलेगा विस्तार
कवर्धा अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के लिए विशेष पहचान रखता है। भोरमदेव मंदिर और बूढ़ामहादेव जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों के कारण इस क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन की भी विशेष संभावनाएं हैं। ऐसे में भगवान श्रीकृष्ण के नाम पर विकसित होने वाली कृष्ण वाटिका शहर की सांस्कृतिक पहचान को नया आयाम देने के साथ ही स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन सकती है।
नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने कहा कि कवर्धा की पहचान केवल एक सुंदर शहर के रूप में ही नहीं, बल्कि आस्था, संस्कृति और संस्कारों से जुड़े शहर के रूप में भी होनी चाहिए। नगर पालिका का प्रयास है कि शहरवासियों को ऐसे सुंदर, स्वच्छ और व्यवस्थित सार्वजनिक स्थल उपलब्ध कराए जाएं, जहां वे अपने परिवार के साथ बेहतर समय बिता सकें।
हनुमंत वाटिका के बाद कृष्ण वाटिका से बढ़ेगी शहर की सुंदरता
उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा की मंशा के अनुरूप शहर में विकास और सौंदर्यीकरण के कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। हनुमंत वाटिका के बाद अब 3 करोड़ 80 लाख रुपये की लागत से कृष्ण वाटिका का प्रस्ताव इसी क्रम की महत्वपूर्ण परियोजना है।
निविदा जारी होने के साथ ही निर्माण प्रक्रिया की दिशा में कदम बढ़ा दिया गया है। 19 नवंबर निविदा में भाग लेने की अंतिम तिथि तय की गई है। परियोजना पूरी होने के बाद रेवाबंध तालाब का स्वरूप निखरेगा और यह कवर्धा शहर में सैर-सपाटे, मनोरंजन, हरियाली तथा पारिवारिक समय बिताने के लिए एक नए आकर्षक स्थल के रूप में विकसित होगा।