छत्तीसगढ़ / रायपुर

छत्तीसगढ़ में IAS-IPS अधिकारियों का DA 3% बढ़ा, अब मिलेगा 63 प्रतिशत महंगाई भत्ता

रायपुर । छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य में कार्यरत भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) और भारतीय पुलिस सेवा (IPS) सहित अखिल भारतीय सेवाओं के अधिकारियों के महंगाई भत्ते (DA) में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है। इसके बाद अधिकारियों को अब 60 प्रतिशत के बजाय 63 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा। सामान्य प्रशासन विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है।

1 जुलाई 2026 से लागू होंगी नई दरें
सामान्य प्रशासन विभाग के आदेश के अनुसार, केंद्र सरकार के वित्त मंत्रालय ने 29 अक्टूबर 2026 को केंद्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते की दर 60 प्रतिशत से बढ़ाकर 63 प्रतिशत की थी। अखिल भारतीय सेवा (महंगाई भत्ता) नियम, 1972 के तहत यह संशोधित दरें राज्य में कार्यरत अखिल भारतीय सेवाओं के अधिकारियों पर भी लागू होंगी।

सरकार ने बढ़े हुए महंगाई भत्ते का लाभ 1 जुलाई 2026 से देने की स्वीकृति दी है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि इस अवधि से देय महंगाई भत्ते का भुगतान नकद किया जाएगा।

वेतन के आधार पर होगी गणना
आदेश के मुताबिक, महंगाई भत्ते की गणना वेतन मैट्रिक्स में निर्धारित लेवल के तहत आहरित वेतन के आधार पर की जाएगी। इसमें विशेष वेतन और व्यक्तिगत वेतन को शामिल नहीं किया जाएगा। भुगतान का नियमन केंद्र सरकार के वित्त मंत्रालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार होगा।

 

 

Leave Your Comment

Click to reload image