घर के करीब धान उपार्जन केंद्र खुलने से किसान रविशंकर की राह हुई आसान, चेहरे पर आई मुस्कान
उमापुर खरीदी केंद्र जाने की परेशानी से मिली मुक्ति, अब मकरंदीपुर (तिवरागुड़ी ) में ही समर्थन मूल्य पर बेच रहे धान
तुंहर हाथ ऐप से टोकन और नजदीक ही खरीदी की सुविधा, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति किसान ने जताया आभार
सूरजपुर नवंबर 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत सूरजपुर जिले में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रारंभ हो गई है। किसानों को उनकी उपज बेचने के लिए दूरस्थ केंद्रों तक न जाना पड़े और स्थानीय स्तर पर ही बेहतर सुविधाएं मिल सकें, इस दिशा में जिले में भी नवीन धान उपार्जन केंद्र शुरू किए गए हैं। कलेक्टर श्रीमती रेना जमील के मार्गदर्शन में जिले में धान खरीदी की व्यवस्थाओं को सुगम एवं व्यवस्थित बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसका सकारात्मक असर अब किसानों के अनुभवों में भी दिखाई देने लगा है। मकरंदीपुर के किसान श्री रविशंकर देवांगन की कहानी इसी बदलाव की एक सुखद तस्वीर है।
मकरंदीपुर (तिवरागुड़ी) निवासी किसान श्री रविशंकर देवांगन, पिता श्री रामगोपाल देवांगन बताते हैं कि पहले उनका धान उपार्जन केंद्र उमापुर था। वहां तक धान ले जाने में उन्हें परिवहन संबंधी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। कई बार धान को केंद्र तक पहुंचाना भी एक चुनौती बन जाता था। लेकिन अब उनके गांव मकरंदीपुर में ही नवीन धान उपार्जन केंद्र शुरू हो जाने से उनकी यह परेशानी दूर हो गई है। उनका घर उपार्जन केंद्र से महज 300 से 350 मीटर की दूरी पर है। अब वे आसानी से अपना धान केंद्र तक पहुंचाकर बेच पा रहे हैं। वे बताते हैं कि इस केंद्र में दो-तीन गांवों के किसानों का ही धान उपार्जित किया जाएगा, जिससे अनावश्यक भीड़ नहीं होगी और खरीदी प्रक्रिया भी व्यवस्थित रहेगी। टोकन के लिए भी उन्हें किसी पर निर्भर नहीं रहना पड़ा। उन्होंने स्वयं तुंहर हाथ मोबाइल ऐप के माध्यम से आसानी से अपना टोकन काटा। केंद्र में धान तौलने सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी अच्छी हैं, जिससे उन्हें धान विक्रय में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो रही है।
गांव के नजदीक ही धान बेचने की सुविधा मिलने से श्री देवांगन काफी प्रसन्न हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पहले जहां धान बेचने के लिए दूर जाना पड़ता था, वहीं अब घर के पास ही यह सुविधा मिल गई है। इससे समय और परिवहन की परेशानी दोनों कम हुई हैं।