छत्तीसगढ़ / नारायणपुर

जनदर्शन में कलेक्टर नम्रता जैन ने सुनीं ग्रामीणों एवं आमजनों की समस्याएं

 अधिकारियों को त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

विभिन्न मांगों एवं समस्याओं को लेकर ग्रामीणों ने सौंपे आवेदन, मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दे भी उठाए

नारायणपुर, 18 नवम्बर 2026

कलेक्टर नम्रता जैन ने आज कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन कार्यक्रम में जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे ग्रामीणों एवं आमजनों की समस्याओं और मांगों को गंभीरतापूर्वक सुना। इस दौरान जिले के अलग-अलग ग्राम पंचायतों एवं नगरीय क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी व्यक्तिगत एवं सामुदायिक समस्याओं के निराकरण के लिए आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने सभी आवेदनों का अवलोकन करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को नियमानुसार जांच कर प्राथमिकता के साथ समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनदर्शन में ग्राम पंचायत राजपुर निवासी फूलसिंह नेताम ने सड़क दुर्घटना में अपने जवान बेटे की मृत्यु के पश्चात उचित कार्यवाही करने तथा आर्थिक सहायता एवं मुआवजा प्रदान करने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। वहीं ग्राम गुदाड़ी निवासी दीपान्ती कोर्राम ने बीएससी नर्सिंग कोर्स की पढ़ाई के लिए सहयोग राशि उपलब्ध कराने की मांग रखी।

इसी प्रकार ग्राम चालचेर के हितापारा के समस्त ग्रामवासियों ने अपने क्षेत्र में सड़क, पेयजल, बिजली एवं स्कूल जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा अधूरे आंगनबाड़ी भवन का निर्माण शीघ्र पूर्ण कराने की मांग की। ग्राम पंचायत चांदागांव के सरपंच ने ग्राम ओंगारपाल में नवीन प्राथमिक शाला भवन निर्माण तथा चांदागांव में माध्यमिक शाला प्रारंभ करने के संबंध में आवेदन दिया। नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 02 की पार्षद श्रीमती रीता मंडल ने डीएनके वार्ड क्रमांक 02 में शासकीय उचित मूल्य की दुकान संचालित कराने की मांग रखी।

ग्राम चालचेर के ताडोपारा के ग्रामीणों ने अपने क्षेत्र में सड़क, पेयजल, बिजली, आंगनबाड़ी एवं स्कूल भवन निर्माण जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। वहीं ग्राम पंचायत बागडोंगरी के सरपंच ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बागडोंगरी में शिक्षकों की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। ग्राम पंचायत मंडाली के ग्रामीणों ने गांव में आवागमन की सुविधा बेहतर बनाने के लिए सड़क एवं पुल-पुलिया निर्माण से संबंधित छह कार्यों की स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया।

जनदर्शन में दण्डवन निवासी घसिया ने बचपन में बने अपने आधार कार्ड के खो जाने के बाद आधार संबंधी बायोमेट्रिक अपडेट कराने एवं मोबाइल नंबर लिंक करवाने के लिए आवेदन दिया। ग्राम रायनार के ग्रामीणों ने राजस्व पट्टा प्रदान करने तथा पुलिया निर्माण कराने की मांग रखी। ग्राम सोनपुर निवासी रमेशलाल भंडारी ने अपनी निजी भूमि पर स्थित पेड़ों को काटने की अनुमति प्रदान करने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया।

इसके अलावा ग्राम पंचायत कुंदला के सरपंच ने आश्रित ग्राम आलनार में सामुदायिक भवन निर्माण कार्य तथा मिट्टी-मुरमीकरण सड़क निर्माण कार्य की स्वीकृति प्रदान करने की मांग की।

कलेक्टर श्रीमती नम्रता जैन ने जनदर्शन में प्राप्त सभी आवेदनों पर संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का निराकरण शासन की प्राथमिकता है। ग्रामीण एवं आमजन अपनी समस्याओं के समाधान के लिए जनदर्शन के माध्यम से सीधे जिला प्रशासन के समक्ष अपनी बात रख सकते हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों का गंभीरतापूर्वक परीक्षण कर पात्रतानुसार निराकरण करें तथा की गई कार्यवाही की जानकारी भी सुनिश्चित करें।
जनदर्शन के माध्यम से जिला प्रशासन द्वारा आम नागरिकों की समस्याओं को सुनने और उनके त्वरित समाधान की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave Your Comment

Click to reload image