छत्तीसगढ़ / कबीरधाम

हाफ नदी पुल के नीचे गांजा बेचते युवक को कुंडा पुलिस ने दबोचा, 196 ग्राम गांजा जब्त

हाफ नदी पुल के नीचे गांजा बेचते युवक को कुंडा पुलिस ने दबोचा, 196 ग्राम गांजा जब्त

आरोपी के कब्जे से इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन और बिक्री के 350 रुपये भी बरामद, एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में किया पेश

कवर्धा- कबीरधाम जिले में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री एवं तस्करी पर अंकुश लगाने पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में कुंडा पुलिस ने हाफ नदी पुल के नीचे गांजा बिक्री की सूचना पर दबिश देकर एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 196 ग्राम गांजा, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन और गांजा बिक्री की रकम 350 रुपये जब्त की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 25 नवंबर को थाना कुंडा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि हाफ नदी पुल के नीचे एक युवक अवैध रूप से गांजा रखकर उसकी बिक्री कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी कुंडा अमित कश्यप के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और विधिवत वैधानिक प्रक्रिया का पालन करते हुए गवाहों की उपस्थिति में दबिश दी।

मौके पर पुलिस को एक युवक सफेद रंग के थैले में संदिग्ध मादक पदार्थ और इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन रखे मिला। पूछताछ में उसने अपना नाम करन मानिकपुरी (19 वर्ष), पिता स्व. लीलाधर मानिकपुरी, निवासी धापपारा कुंडा, थाना कुंडा, जिला कबीरधाम बताया। तलाशी के दौरान उसके पास रखे सफेद थैले से झिल्ली के सात छोटे पैकेट और कागज की पांच पुड़िया में रखा गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौल कराया, जिसमें गांजे का कुल वजन 196 ग्राम पाया गया। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 2 हजार रुपये बताई गई है।

गांजा, बिक्री की रकम और तौल मशीन जब्त

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 196 ग्राम गांजा के साथ गांजा बिक्री से प्राप्त 350 रुपये नकद और एक इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन भी जब्त की। इस मामले में आरोपी करन मानिकपुरी के विरुद्ध थाना कुंडा में अपराध क्रमांक 203/2026 के तहत धारा 20(बी)(ii)(ए) एनडीपीएस एक्ट में अपराध पंजीबद्ध किया गया। पुलिस ने 25 नवंबर को आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।

एएनटीएफ और कुंडा पुलिस की रही अहम भूमिका

अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई इस कार्रवाई में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के दिशा-निर्देश पर थाना प्रभारी कुंडा, एएनटीएफ पुलिस टीम एवं थाना कुंडा पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों की अवैध बिक्री एवं तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Leave Your Comment

Click to reload image