छत्तीसगढ़ / सूरजपुर

धान खरीदी से लेकर जनकल्याणकारी योजनाओं तक मंत्री दयालदास बघेल ने की विभागवार समीक्षा

सूरजपुर । खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के मंत्री एवं सूरजपुर जिले के प्रभारी मंत्री दयालदास बघेल ने आज कलेक्टर सभाकक्ष में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक लेकर विभिन्न विभागों के कार्यों एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में विधायक भूलन सिंह मरावी, जिला पंचायत अध्यक्ष चंद्रमणि पैकरा, कलेक्टर रेना जमील, पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल, जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र सिंह पाटले सहित सभी अपर कलेक्टर, डिप्टी कलेक्टर एवं विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

धान खरीदी की व्यवस्थाओं और किसानों की सुविधाओं की समीक्षा

बैठक में मंत्री बघेल ने धान खरीदी कार्य की विस्तार से समीक्षा करते हुए कहा कि खरीदी केंद्रों में किसानों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि उन्हें धान विक्रय के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने किसानों के रकबा सत्यापन की कार्यवाही समय पर पूर्ण करने तथा अवैध रूप से धान खपाने के प्रयासों पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए। खाद्य विभाग से पंजीकृत किसानों की संख्या, धान का रकबा, अनुमानित उत्पादन, अब तक हुई खरीदी, जारी टोकन, बारदानों की उपलब्धता, पीडीएस एवं राइस मिलों में बारदानों की स्थिति तथा मिलर्स द्वारा धान जमा करने की प्रगति की जानकारी ली। जिन राइस मिलों द्वारा निर्धारित मात्रा में धान जमा नहीं किया गया है, उनकी स्थिति की भी समीक्षा की। साथ ही राशन दुकानों का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने तथा सीएनजी गैस की आपूर्ति व्यवस्था की प्रगति की जानकारी ली।

कृषि एवं उद्यानिकी गतिविधियों को मिले बढ़ावा

कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान आधार सीडिंग, लैंड सीडिंग, फसल विविधीकरण, दलहन एवं तिलहन उत्पादन को बढ़ावा देने पर चर्चा की गई। मंत्री ने धान के रकबे में कमी लाकर किसानों को अन्य लाभकारी फसलों की ओर प्रोत्साहित करने पर जोर दिया। धान के स्थान पर वैकल्पिक फसल लेने वाले किसानों को दी जाने वाली सहायता राशि, गन्ना उत्पादन एवं शुगर मिल में शुगर उत्पादन की तैयारियों की जानकारी भी ली। उद्यानिकी विभाग के अंतर्गत ऑयल पाम उत्पादन की संभावनाओं एवं प्रगति की समीक्षा की। पशुपालन विभाग से गोधाम योजना के तहत संचालित गतिविधियों तथा पशुओं के टीकाकरण की स्थिति की जानकारी ली। वहीं मत्स्य विभाग की समीक्षा करते हुए प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को मत्स्य पालन से जोड़ने एवं उन्हें स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता और योजनाओं के लाभ पर जोर

 
 
 
 
 
 

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में जिला अस्पताल सहित सभी विकास खंडों के स्वास्थ्य केंद्रों एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई। एनसीडी स्क्रीनिंग, चिकित्सकों की उपस्थिति, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं तथा आयुष्मान कार्ड एवं वय वंदन कार्ड निर्माण की प्रगति की समीक्षा की गई। मंत्री ने स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और गुणवत्ता बेहतर बनाए रखने पर जोर दिया।

बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं का प्राथमिकता से हो समाधान

छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी (सीएसपीडीसीएल) की समीक्षा के दौरान स्मार्ट मीटर से अधिक बिजली बिल आने संबंधी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने के निर्देश दिए। पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा करते हुए जिले में सोलर इंस्टॉलेशन की प्रगति की जानकारी भी ली।

महिला एवं बाल विकास तथा शिक्षा विभाग की समीक्षा

महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा करते हुए मंत्री ने आंगनबाड़ी केंद्रों के नियमित संचालन पर विशेष ध्यान देने को कहा। लगातार अनुपस्थित रहने वाले आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने तथा बंद रहने वाले आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए। पोषण ट्रैकर में प्रविष्टियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं की भर्ती तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की प्रगति की जानकारी ली।

शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप शिक्षण व्यवस्था, विद्यार्थियों का शैक्षणिक स्तर, शिक्षकों की उपस्थिति एवं मध्यान्ह भोजन योजना के संचालन की जानकारी ली। लगातार अनुपस्थित रहने वाले शिक्षकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने तथा शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाने पर जोर दिया। इसके साथ ही स्कूलों में किचन गार्डन निर्माण, सरस्वती साइकिल वितरण योजना, शाला भवनों की स्थिति एवं अपूर्ण भवन निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्हें शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री स्कूल जतन योजना के अंतर्गत स्वीकृत एवं प्रगतिरत भवन निर्माण कार्यों की जानकारी भी ली।

आदिवासी विकास एवं राजस्व संबंधी कार्यों की समीक्षा

आदिवासी विकास विभाग के अंतर्गत धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान, छात्रावासों में विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति वितरण, छात्रावासों की व्यवस्थाओं तथा एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों के संचालन की समीक्षा की। वन अधिकार अधिनियम के क्रियान्वयन के साथ फौती, सीमांकन एवं बंटवारा संबंधी प्रकरणों की जानकारी भी ली। राजस्व विभाग की समीक्षा करते हुए जिले में लंबित राजस्व प्रकरणों की स्थिति एवं उनके निराकरण की प्रगति की जानकारी प्राप्त की।

 

जल जीवन मिशन एवं सड़क निर्माण कार्यों को गति देने के निर्देश

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा में जल जीवन मिशन की प्रगति पर चर्चा करते हुए सिंगल विलेज एवं मल्टी विलेज योजनाओं के माध्यम से प्रत्येक घर तक जलापूर्ति सुनिश्चित करने की स्थिति की जानकारी ली। लोक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान लंबित निर्माण कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने तथा सड़कों की मरम्मत एवं नवीनीकरण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। नवीन सड़क निर्माण की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्माण कार्यों में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा। इसके अतिरिक्त जल संसाधन, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (आरईएस) एवं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के कार्यों और उनकी प्रगति की भी समीक्षा की।

 
 
 
 
 
 

ग्रामीण विकास, आवास एवं कौशल विकास योजनाओं पर चर्चा

ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा के दौरान वीबी-जी राम जी योजना के अंतर्गत शौचालय निर्माण, विद्यालयों में बालिका शौचालय, कंटूर ट्रेंच सहित विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी ली। प्रधानमंत्री आवास योजना के क्रियान्वयन तथा जल संचय कार्यक्रम की प्रगति की भी समीक्षा की। जिला रोजगार कार्यालय से मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना एवं प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के अंतर्गत युवाओं को प्रशिक्षण और रोजगारोन्मुखी गतिविधियों से जोड़ने की जानकारी प्राप्त की।

 
 
 
 
 
 

वन एवं पर्यावरण आधारित आजीविका गतिविधियों की समीक्षा

वन विभाग की समीक्षा के दौरान लघु वनोपज के उत्पादन एवं खरीदी, लाख प्रसंस्करण, औषधीय एवं हर्बल पौधों के उत्पादन तथा वनोपज के संग्रहण और प्रसंस्करण की जानकारी ली। वंदन विक्रय केंद्रों की गतिविधियों, तेंदूपत्ता संग्राहकों को शासन की योजनाओं से लाभान्वित करने तथा व्यक्तिगत वन अधिकार पत्रों के वितरण की स्थिति की समीक्षा की। इसके साथ ही अवैध लकड़ी कटाई पर की गई कार्रवाई, मानव-हाथी द्वंद्व से होने वाले नुकसान एवं मुआवजा वितरण, वृक्षारोपण और वन संरक्षण से जुड़े कार्यों की जानकारी भी ली।

नशे की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्रवाई पर जोर

मंत्री बघेल ने जिले में नशे की रोकथाम को लेकर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नशीले पदार्थों एवं इंजेक्शन के दुरुपयोग पर नियंत्रण के लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। नशीले इंजेक्शन के साझा उपयोग से एचआईवी संक्रमण का खतरा भी बढ़ सकता है, इसलिए इस दिशा में जागरूकता एवं रोकथाम के उपायों पर विशेष ध्यान दिया जाए।

बैठक में मंत्री बघेल ने सभी विभागीय अधिकारियों को शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने, विभागीय कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा विकास कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों, किसानों, विद्यार्थियों एवं जरूरतमंद हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं का लाभ सहजता से उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।

 

इसके अलावा संविधान दिवस के अवसर पर मंत्री बघेल ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान की उद्देशिका का वाचन कराया। इस अवसर पर सभी ने संविधान में निहित मूल आदर्शों, सिद्धांतों एवं मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

 

 
 
 
 
 
 

 

 

 

 
 
 
 
 
 

 
 

 
 
 
 
 
 

Leave Your Comment

Click to reload image