संस्कृति

अलग अलग होता है भीतर और बाहर का संसार - सुश्री धामेश्वरी देवीजी

 अलग अलग होता है भीतर और बाहर का संसार - सुश्री धामेश्वरी देवीजी

भिलाई छ.ग., राधा कृष्ण मंदिर, ब्रज मंडल सेक्टर 6, कालीबाड़ी के पास चल रही दिव्य आध्यात्मिक प्रवचन श्रृंखला के पांचवें दिन, जगद्गुरुत्तम श्री कृपालु जी महाराज के प्रमुख प्रचारिका सुश्री धामेश्वरी देवी जी ने वेदों के अनुसार संसार के स्वरूप को स्पष्ट किया। उन्होंने बताया कि वास्तव में दो प्रकार का संसार होता है एक भीतर का संसार, दूसरा बाहर का संसार। कुछ ज्ञानी लोग कहते हैं कि संसार मिथ्या है और कुछ कहते हैं कि संसार सत्य है यह दोनों बातें वेदों शास्त्रों के अनुसार सही सिद्ध हो जाती हैं।
 
वास्तव में हमारे मन में काम, क्रोध, लोभ, मोह, अहंकार आदि माया के विकार होते हैं। साथ ही मन सतोगुणी, रजोगुणी और तमोगुणी, तीन तरह की माया के अधीन रहता है इसी कारण हमारे मन के विचार प्रतिक्षण बदलते रहते हैं और यही कारण है कि संसार में किसी की किसी से नहीं पटती अर्थात् विचारों में आपसी मतभेद रहता है। यह भीतर का संसार हमारे लिए ज्यादा खतरनाक होता है क्योंकि जैसे मानसिक विचार होते हैं वैसे ही व्यक्ति की प्रवृत्तियां हो जाती है कोई सतोगुणी, कोई रजोगुणी तो कोई तमोगुणी दिखाई पड़ता है। इसके विपरीत बाहर का संसार हमारे भौतिक शरीर को चलाने के लिए ईश्वर द्वारा बनाया गया है। बाहरी संसार सत्य है क्योंकि वह सदैव समान बना रहता है पंचतत्व का हमारा शरीर, पंचतत्व के बने इस सत्य संसार से ही ठीक ठीक चलता है।
 
देवी जी ने बताया कि कोई भी संसारी विचार मन में आते ही मन को वहां से हटाकर तुरंत भगवान में लगाना है। संसार से मन हटाना और भगवान में मन लगाना, निरंतर इसका अभ्यास करना होगा तभी अनादिकाल से संसार में आसक्त मन धीरे-धीरे भगवान में लगने लगेगा और वास्तविक गुरु की कृपा से मन पूर्ण रूप से भगवान के शरणागत हो जाएगा। संसार के स्वरुप का वेद शास्त्र आधारित और भी विवरण आगे प्रवचन में बताया जायेगा। 11 दिवसीय दिव्य आध्यात्मिक प्रवचन श्रृंखला का आयोजन दिनांक 21 दिसम्बर 2025 तक प्रतिदिन शाम 5 से 7 बजे तक होगा।

Leave Your Comment

Click to reload image