देश-विदेश

मुंबई में NCP नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या पर क्या बोले खरगे और राहुल गांधी?

नई दिल्ली: मुंबई के बांद्रा ईस्ट में शनिवार शाम एक अज्ञात व्यक्ति ने अजित पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के नेता बाबा सिद्दीकी को गोली मार दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि पूर्व राज्य मंत्री को पास के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि, उनकी मौत हो गई। निर्मल नगर में कोलगेट मैदान के पास बाबा सिद्दीकी के बेटे और विधायक जीशान सिद्दीकी के ऑफिस के बाहर यह घटना हुई। बाबा सिद्दीकी की हत्या पर तमाम नेताओं की प्रतिक्रिया सामने आई है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी ने भी इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए न्याय की मांग की।

पारदर्शी जांच के दिए जाएं आदेश'

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी का दुखद निधन शब्दों से परे सदमा पहुंचाने वाला है। इस दुख की घड़ी में मैं उनके परिवार, मित्रों और समर्थकों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। न्याय सुनिश्चित किया जाना चाहिए और वर्तमान महाराष्ट्र सरकार को गहन और पारदर्शी जांच का आदेश देना चाहिए। दोषियों को जल्द से जल्द सजा मिलनी चाहिए। जवाबदेही सर्वोपरि है।'

'सरकार को लेनी चाहिए जिम्मेदारी'

वहीं लोकसभा में नेता विपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, बाबा सिद्दीकी का दुखद निधन चौंकाने वाला और दुखद है। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं। यह भयावह घटना महाराष्ट्र में कानून और व्यवस्था की पूर्ण विफलता को उजागर करती है। सरकार को जिम्मेदारी लेनी चाहिए और न्याय होना चाहिए। 

Leave Your Comment

Click to reload image